20 days ago

संसद में बजट सत्र की कार्रवाई के दूसरे चरण का आज आठवां दिन है. लोकसभा ने मंगलवार को उन आठ विपक्षी सदस्यों का निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जिन्हें संसद के वर्तमान बजट सत्र के पहले चरण में सदन की अवमानना के मामले में निलंबित किया गया था. राज्यसभा में आज पीएम मोदी ने विदा हो रहे सांसदों की तारीफ में काफी बातें कहीं. उन्होंने मुख्यत: मल्लिकार्जुन खरगे, शरद पवार, देवगौड़ा की खूब तारीफ की. 

नई दिल्‍ली में भारत ट्राइब्‍स फेस्‍ट 2026 का शुभारंभ आज से होने जा रहा है. नोएडा-दिल्‍ली को जोड़ने वाला DND फ्लाईवे पर मरम्मत के काम के चलते आज 7 घंटे ट्रैफिक बंद रहेगा. उधर, सुप्रीम कोर्ट में आज शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) प्रधान बलवंत सिंह राजोआना की फांसी सजा मामले में सुनवाई होगी. गुजरात में मुंद्रा पोर्ट के अधिकारियों के अनुसार स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के रास्ते से भारत आ रहा कच्चे तेल का टैंकर 'जग लाडकी गल्फ ऑफ कच्छ पहुंच गया है और मुंद्रा पोर्ट को रिपोर्ट भी कर दिया  है. 
 

Breaking News LIVE Updates...
 

Mar 18, 2026 23:27 (IST)

कतर एयरवेज की अतिरिक्त उड़ानों से 2600 भारतीयों की हुई वतन वापसी

म‍िड‍िल ईस्‍ट संघर्ष के बीच कतर एयरवेज की ओर से भारत के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी से काफी राहत हुई है. बुधवार को संचालित उड़ानों के जरिए बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक अपने देश लौटे. कतर स्‍थ‍ित‍ भारतीय दूतावास लगातार लोगों की सहायता के लिए सक्रिय है और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी कर रहा है.

कतर स्‍थ‍ित‍ भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, ''कतर एयरवेज ने बुधवार को भारत के अलग-अलग शहरों के लिए नौ उड़ानें संचालित कीं. कुल मिलाकर बुधवार को कतर एयरवेज की उड़ानों से लगभग 2600 भारतीय नागरिकों ने यात्रा की. जैसा कि कतर एयरवेज ने पहले बताया था, "फ्लाइट टिकट की बुकिंग कतर एयरवेज की वेबसाइट, ऐप या ट्रैवल एजेंटों के जरिए की जा सकती है.''

Mar 18, 2026 20:04 (IST)

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हमले रोके

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने X पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान अफगानिस्तान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान अस्थायी रूप से रोक रहा है. पाकिस्तान का कहना है कि ईद-उल-फितर के दौरान सऊदी अरब, कतर और तुर्किये के अनुरोधों के बाद वह अफगानिस्तान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान अस्थायी रूप से रोक रहा है.

Mar 18, 2026 19:24 (IST)

ईरान से करीब 1000 भारतीयों को निकालना बाकी

ईरान से अभी भी करीब 1,000 भारतीय छात्रों को निकलना बाकी है. सूत्रों के अनुसार, विदेश मामलों पर संसदीय स्थायी समिति की बैठक के दौरान विपक्षी सदस्यों ने भारत के कूटनीतिक रुख और ईरान की स्थिति से निपटने के तरीके पर कई तीखे सवाल उठाए.

सूत्रों के अनुसार, ईरान में भारतीयों की सुरक्षा के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने पैनल को बताया कि देश में लगभग 9,000 भारतीय छात्र मौजूद हैं. इनमें से लगभग 1,000 छात्रों को अभी भी वहां से निकाला जाना बाकी है, जबकि जो लोग वहां रुके हुए हैं, उनमें से एक बड़ी संख्या मेडिकल छात्रों की है. अधिकारियों ने समिति को सूचित किया कि पड़ोसी देशों के रास्ते भारतीय नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाने के प्रयास किए गए हैं.

Mar 18, 2026 19:22 (IST)

आंधी-तूफान और बारिश से मौसम हुआ कूल-कूल, दिल्ली-NCR में मौसम ने मार्च में लिया यू-टर्न | delhi ncr weather update rain strom imd alert himachal snowfall rajasthan

Delhi-NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल चुका है. दिल्ली के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई है.

Advertisement
Mar 18, 2026 17:00 (IST)

केंद्रीय कैबिनेट ने BHAVYA - भारत औद्योगिक विकास योजना को मंज़ूरी दे दी है

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट ने BHAVYA- भारत औद्योगिक विकास योजना को मंजूरी दे दी है, जो 33,660 करोड़ रुपये के खर्च से 100 इन्वेस्टमेंट-रेडी प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल पार्क बनाने के लिए एक सेंट्रल सेक्टर स्कीम है."

Mar 18, 2026 14:20 (IST)

CM फडणवीस ने विधान परिषद में रोहित शेट्टी गोलीबारी मामले पर दिया बयान

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधान परिषद में रोहित शेट्टी गोलीबारी मामले पर कहा कि शेट्टी टॉवर की दीवार के पास एक व्यक्ति ने फायरिंग की थी. इस मामले में केस दर्ज किया गया है. स्कूटी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले रोहित शेट्टी शूटआउट केस का मुद्दा शिवसेना (UBT) के एमएलसी सचिन अहिर ने उठाया. अहिर ने कहा कि इससे पहले सलमान खान को निशाना बनाकर फायरिंग की घटना हुई थी. लॉरेंस बिश्‍नोई गैंग अब धीरे-धीरे फिर से सक्रिय हो रहा है. इस मामले में क्या जांच हुई है? क्या इसके अंतरराष्ट्रीय लिंक हैं? एक समय था जब गैंगवार खत्म हो गए थे, क्या अब फिर से उन्हें खत्म किया जाएगा?

Advertisement
Mar 18, 2026 14:08 (IST)

निर्वाचन आयोग ने बंगाल के 13 DM का किया तबादला

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले पूरे राज्‍य में 13 जिला मजिस्‍ट्रेट का ट्रांसफर किया है. इससे पहले पश्चिम बंगाल के गृह सचिव और कमिश्‍नर का तबादला किया गया था. बता दें कि पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है. राज्‍य में 2 फेज 23 और 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव हैं और 4 मई को परिणाम घोषित होगा. 

Mar 18, 2026 14:02 (IST)

संसद भवन में बड़ी बैठक, PM मोदी से मिले गृह मंत्री अमित शाह

संसद भवन में बड़ी बैठक हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गृह मंत्री अमित शाह ने मुलाकात की है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी बैठक में मौजूद हैं. कैबिनेट मीटिंग से पहले हो रही इस बैठक में एलपीजी की किल्‍लत को लेकर चर्चा की संभावना है. बता दें कि आज शाम 4 बजे कैबिनेट की बैठक होने जा रही है. इसमें कुछ बड़े फैसलों का ऐलान हो सकता है.  

Mar 18, 2026 13:22 (IST)

PM मोदी ने 59 राज्‍यसभा सांसदों को विदाई दी, कहा कि राजनीति में ‘फुल स्टॉप’ नहीं होता

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अप्रैल से जुलाई के बीच राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे 59 सांसदों को विदायी देते हुए बुधवार को संसद को ‘एक खुला विश्वविद्यालय’ करार दिया। प्रधानमंत्री ने सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों से राष्ट्रीय जीवन में योगदान जारी रखने का आह्वान करते हुए कहा ‘राजनीति में ‘फुल स्टॉप’ नहीं होता.’ राज्‍य सभा में पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे क्षण स्वाभाविक रूप से पार्टीगत मतभेदों को भुला देते हैं. उन्होंने कहा "हम सभी में एक साझा भावना उत्पन्न होती है – यह एहसास कि हमारे सहयोगी अब अन्य प्रयासों को आगे बढ़ाने जा रहे हैं."

Mar 18, 2026 13:20 (IST)

नितिन गडकरी से मिले राहुल और प्रियंका

Advertisement
Mar 18, 2026 13:19 (IST)

Pradyut Bordoloi join BJP: प्रद्युत बोरदोलोई ने बीजेपी जॉइन किया

असम में विधानसभा चुनाव से चंद दिनों पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस के वरिष्‍ट नेता प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस का हाथ छोड़ बीजेपी का कमल थाम लिया है. मुख्‍यमंत्री हिमंत ब‍िस्‍वा सरमा ने प्रद्युत बोरदोलोई को बीजेपी ज्‍वॉइन कराई. इस मौके पर मुख्‍यमंत्री सरमा ने कहा कि प्रद्युत बोरदोलोई विधान सभा चुनाव लड़ें, असम बीजेपी यह अनुरोध सेंट्रल लीडरशिप से करेगी. बता दें कि लोकसभा सदस्य प्रद्युत बोरदोलोई ने मंगलवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था.

Mar 18, 2026 11:35 (IST)

PM Modi Rajya Sabha Live Updates: रामदास आठवले पर पीएम मोदी बोले- वो व्यंग्य भी परोसते रहेंगे

केंद्र सरकार में मंत्री रामदास आठवले के विदाई पर पीएम मोदी ने कहा कि आठवले जी जा रहे हैं, लेकिन यहां पर किसी को खोट महसूस नहीं होगी, वो व्यंग्य भी परोसते रहेंगे. सबको पूरा भरोसा है. सदन में हर दो साल के अंतराल के बाद एक बड़ा समूह हमारे बीच से जाता है. लेकिन ये ऐसी व्यवस्था है कि जो नया समूह आता है बाकी जो लंबे समय से चार साल से बैठे हुए साथी को जो अनुभव है. नए लोगों को कुछ न कुछ उनसे सीखने का अवसर मिलता है. वो लगातार चलने वाली प्रक्रिया हमेशा रहती है. मुझे पक्का विश्वास है कि जिनको इस बार जाना नहीं है.वो भी जो नए सांसद आएंगे, उनको उनके अनुभव का लाभ मिलेगा.

Advertisement
Mar 18, 2026 11:29 (IST)

PM Modi Rajya Sabha Live Updates: उपसभापति हरिवंश की तारीफ में भी पीएम मोदी ने कही बड़ी बातें

पीएम मोदी ने कहा कि उपसभापति हरिवंश जी विदाई ले रहे हैं, हरिवंश जी को लंबे समय तक इस सदन में जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला है, बहुत मृदुभाषी हैं, सदन को चलाने में सबका विश्वास जीतने की कोशिश की, सदन को चलाया भी. वो कलम के धनी तो है हीं,लेकिन कर्मठ नेता के नाते भी उन्होंने भारत के हर कोने में जाकर अपना काम किया है.

Mar 18, 2026 11:27 (IST)

PM Modi Rajya Sabha Live: विदाई भाषण में पीएम मोदी ने की राज्यसभा के इन विपक्षी सांसदों की खूब तारीफ

प्रधानमंत्री मोदी ने आज राज्यसभा सांसदों के विदाई के मौके पर विपक्ष के नेताओं की तारीफ की. मोदी ने खरगे, देवगौड़ा, और शरद पवार जैसे दिग्गज नेता शामिल रहे. पीएम मोदी ने कहा कि  देवगौड़ा जी, खरगे शरद पवार ये ऐसे लोग हैं जिनके जीवन का आधे से अधिक उम्र संसदीय कार्यप्रणाली में गई है. इतने लंबे अनुभव के बाद भी सभी नए सांसदों को उनसे सीखना चाहिए वैसे समर्पित भाव सेसदन में आना जो भी उनसे बन सकता है उतना योगदान करना. समाज में जो जिम्मेदारी मिली है उसके प्रति पूरी तरह समर्पित रहना ये सब वरिष्ठ लोगंों से हमलोगों को सीखने जैसा है, मैं उनके योगदान की सराहना करूंगा.

Mar 18, 2026 10:58 (IST)

दिल्ली के पालम में इमारत में लगी भीषण आग, 6 लोगों की मौत

दिल्‍ली के पालम इलाके में एक इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई है. आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए दमकल के 30 वाहन मौके पर भेजे गए, हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है. अधिकारी ने बताया कि पालम स्थित एक इमारत में एक घर पर आग लगने की सूचना सुबह सात बजे प्राप्त हुई थी. दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने कहा, ‘एक आवासीय इकाई में आग लगने की सूचना मिली है और हमें आशंका है कि कुछ लोग अंदर फंसे हो सकते हैं.' पुलिस और अन्य आपातकाल सेवाएं भी घनी आबादी वाले इलाके में बचाव कार्य में सहायता के लिए वहां मौजूद हैं. आग लगने के सटीक कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है.

Mar 18, 2026 10:54 (IST)

मोदी सरकार का विमानन कंपनियों को आदेश- 'उड़ानों में 60% सीट पर अतिरिक्त शुल्क न लें'

सरकार ने विमानन कंपनियों से मंगलवार को कहा कि घरेलू उड़ानों में 60 प्रतिशत सीट पर यात्रियों से अतिरिक्त शुल्क न लेने को कहा गया है. इसके अलावा, नागर विमानन मंत्रालय के प्रयासों के तहत यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए विमानन कंपनियों से यह सुनिश्चित करने को भी कहा गया है कि एक ही ‘पीएनआर’ (पैसेंजर नेम रिकॉर्ड) पर यात्रा करने वाले यात्रियों को उड़ान में साथ बैठाया जाए . इन कदमों की घोषणा करते हुए मंत्रालय ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विमानन कंपनियों को निर्देश दिया है कि हर उड़ान में कम से कम 60 प्रतिशत सीट बिना अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध कराई जाएं, ताकि निष्पक्ष पहुंच सुनिश्चित हो सके. एक विमानन कंपनी के अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में केवल 20 प्रतिशत सीट बिना शुल्क के बुक की जा सकती हैं, जबकि बाकी सीट के लिए भुगतान करना पड़ता है.

Mar 18, 2026 10:45 (IST)

महाराष्‍ट्र के पंढरपुर में 10वीं के 50 प्रश्नपत्र गायब, शिक्षाधिकारी सस्पेंड

महाराष्‍ट्र के पंढरपुर के सांगोला विद्यामंदिर में बोर्ड परीक्षाओं के लिए एक बने स्ट्रॉन्ग रूम से 10वीं कक्षा के भूगोल विषय के 50 प्रश्नपत्र रहस्यमयी तरीके से चोरी हो गए. सांगोला विद्यामंदिर में 10वीं कक्षा के भूगोल विषय के प्रश्नपत्र चोरी होने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. सांगोला विद्यामंदिर के स्ट्रॉन्ग रूम से पेपर चोरी होने के कारण केंद्र संचालक सह प्रधानाध्यापक अमोल गायकवाड और प्रभारी शिक्षाधिकारी सुयोग नवले को निलंबित कर दिया गया है.

Mar 18, 2026 10:40 (IST)

एसिड अटैक के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र में रास्ता रोको आंदोलन!

अहिल्यानगर एसिड अटैक के विरोध में आज संगमनेर-श्रीरामपुर मार्ग पर ग्रामीणों ने रास्ता रोको आंदोलन किया. आरोपी को जल्द पकड़ उसे सख्त सज़ा देने और बच्ची के लिए न्याय की मांग है. विरोध प्रदर्शन करने सड़क पर उतरी महिलाओं का कहना है कि ऐसे लोगों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए. एसिड अटैक से होने वाली तकलीफ के बारे में सोचकर ही दिल दहल जाता है. ऐसे में मासूम बच्‍ची के दर्द का अंदाजा लगाया जा सकता है. 

Mar 18, 2026 09:32 (IST)

चीन कनेक्शन वाले एक साइबर गैंग का भंडाफोड़!

महाराष्‍ट्र के पिंपरी-चिंचवड साइबर पुलिस ने लोनावला में छापेमारी कर शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो भोले-भाले लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर अब तक 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी कर चुके हैं. जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का सीधा 'चीन कनेक्शन' है और वे महज 1 प्रतिशत कमीशन के लिए धोखाधड़ी की रकम को विभिन्न करंट अकाउंट्स के जरिए घुमा रहे थे. पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से लैपटॉप, 7 सिम कार्ड, 14 डेबिट कार्ड और 5 बैंक खातों के दस्तावेज जब्त किए हैं.

Mar 18, 2026 08:58 (IST)

Police team attacked in Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर में पॉस्को एक्ट के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला

मुजफ्फरपुर में पॉस्को एक्ट के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उस समय हमला हो गया, जब देर रात गायघाट थाना क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच गोलीबारी की घटना हुई. हालात बिगड़ने पर यूपी पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसके जवाब में कुछ स्थानीय लोगों ने भी गोली चलाई. इस गोलीबारी में एक स्थानीय व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि गायघाट थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना के दौरान आक्रोशित स्थानीय लोगों ने गायघाट थाना की कई पुलिस गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. गोली लगने से हुई मौत के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश और बढ़ गया, हालात को काबू में करने के लिए वरीय अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए.

Mar 18, 2026 07:34 (IST)

Ghaziabad Girl Murder: गाजियाबाद में 4 साल की बच्‍ची की हत्‍या, आरोपी ने पुलिस पर भी की फायरिंग

उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद में 4 साल की बच्‍ची की हत्‍या का मामला सामने आया है. गाजियाबाद थाना नंदग्राम क्षेत्र में 4 साल की बच्ची एक खेत में घायल अवस्था में पड़ी मिली है, जिसको स्थानीय लोगों एवं परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाया जा रहा है. सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचा गया, जहां इलाज के दौरान बच्‍ची की मृत्यु हो गई. शुरुआती जांच में बालिका के परिजनों द्वारा यह तथ्य प्रकाश में लाये गये कि उनके पड़ोस में रहने वाला गौरव प्रजापति उम्र करीब 24 वर्ष शाम के समय बालिका को टॉफी दिलाने के बहाने लेकर गया था, जिसके बाद बालिका वापस नहीं लौटी थी. उक्त व्यक्ति उनसे पूर्व से परिचित था. स्थानीय पुलिस द्वारा सभी तथ्यों को संज्ञान में लेते हुए आरोपी गौरव प्रजापति को हिरासत में लेकर गम्भीरता से पूछताछ की.

 

आरोपी गौरव प्रजापति ने पूछताछ में बताया गया कि उसने नाबालिग बच्ची की हत्या की है तथा हत्या करने के बाद अपने खून से सने हाथों को एक रुमाल से साफ करके घटनास्थल के पास झाडियो मे फेका गया है. अभियुक्त की निशादेही पर बरामदगी हेतु पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर लाया गया जहां पर अभियुक्त द्वारा पहले से ही छिपाये गये अवैध हथियार से पुलिस पर जानलेवा हमला/फायरिंग की गई. पुलिस द्वारा आत्मरक्षा मे जवाबी फायरिंग की गई जिसमे अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी है. अभियुक्त के पास से अवैध हथियार एवं कारतूस बरामद किये गये हैं. घायल अभियुक्त को इलाज के लिए जिला अस्पताल गाजियाबाद भेजा गया है.

Mar 18, 2026 07:18 (IST)

Indore Fire: इंदौर के एक घर में लगी भयंकर आग, 6 लोगों की मौत

मध्‍य प्रदेश में बड़ा हादसा हुआ है. इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स आवासीय इलाके में एक घर में आग लग गई. आग की इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है. इंदौर के डीएम शिवम वर्मा ने बताया, "रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन जारी है. आग पर काबू पा लिया गया है. छह लोगों की जान चली गई है. दो मंजिलों से लोगों का रेस्‍क्‍यू कर लिया गया है. लेकिन हमारी टीम एक और मंजिल की जांच कर रही है."

Mar 18, 2026 07:13 (IST)

Middle East Crisis LIVE: हॉमुर्ज से भारत का तेल का टैंकर 'जग लाडकी गल्फ ऑफ़ कच्छ पहुंचा

गुजरात के मुंद्रा पोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, स्ट्रेट ऑफ़ हॉर्मुज़ के रास्ते से भारत आ रहा कच्चे तेल का टैंकर 'जग लाडकी गल्फ ऑफ़ कच्छ पहुंच गया है और मुंद्रा पोर्ट को रिपोर्ट भी कर दिया  है. अधिकारियों के अनुसार, डॉकिंग प्रोसेस किया जा रहा है और कुछ ही समय में मुंद्रा पोर्ट से 10 से 12 नॉटिकल माइल्स दूर डॉक कर दिया जाएगा, जिसके बाद आयल डिस्चार्ज का प्रोसेस शुरू होगा.

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Iran Israel War: कयामत की रात से पहले अटैक | Donald Trump | Bharat Ki Baat Batata Hoon