Noida Metro Aqua Line News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वालों के लिए गुड न्यूज है. नोएडा सेक्टर 52 पर उतरकर नोएडा या दिल्ली मेट्रो बदलने के लिए पैदल चलने का झंझट जल्द खत्म हो जाएगा. यह काम बॉटैनिकल गार्डन पर ही हो जाएगा. वह भी बस प्लैटफॉर्म बदलकर. यहां से आप एक्वा लाइन और दिल्ली मेट्रो को पकड़ सकेंगे. सेक्टर 142 और बॉटेनिकल गार्डन तक एक्वा लाइन का एक्सटेंशन होगा. इससे ग्रेटर नोएडा के परी चौक के बीच आवाजाही आसान होगी. नीचे दिए मैप में समझिए कैसे कनेक्ट होंगी दोनों मेट्रो...
परी चौक से बोटैनिकल गार्डन मेट्रो रूट
नोएडा मेट्रो के सेक्टर-142 स्टेशन और दिल्ली मेट्रो के बोटैनिकल गार्डन को जोड़ने वाला रूट 11.5 किलोमीटर लंबा होगा. ये मेट्रो कॉरिडोर एलिवेटेड होगा और इसमें आठ नए मेट्रो स्टेशन होंगे. दिल्ली और नोएडा मेट्रो के इस मिलन से यात्रियों को नोएडा सेक्टर 52 जाने की जहमत नहीं उठानी होगी. यहां तीन मेट्रो लाइन का संगम होगा. मेजेंटा और ब्लू लाइन के साथ एक्वा लाइन भी यहां जुड़ जाएगी. नई मेट्रो लाइन से ट्रैवल टाइम में आधे घंटे की कमी होगी. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक दबाव घटेगा.
- 2254.35 करोड़ रुपये आएगी नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन एक्सटेंशन में
- 08 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे परी चौक बोटेनिकल गार्डन रूट पर
- 11.56 किमी का ये एलिवेटेड मेट्रो रूट 4 साल में पूरा होगा
आठ मेट्रो स्टेशन बनेंगे
एक्वा लाइन के इस रूट में बोटैनिकल गार्डन, नोएडा सेक्टर 44, नोएडा ऑफिस, नोएडा सेक्टर 105, नोएडा सेक्टर 108, नोएडा सेक्टर 93, पंचशील बालक कॉलेज मेट्रो स्टेशन होंगे, जो नोएडा सेक्टर 142 से जुड़ेगा.
नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन एक्सटेंशन को मंजूरी
पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने नोएडा सेक्टर 142 से बोटनिकल गार्डन तक नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन के एक्टेंशन कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है. नोएडा मेट्रो परी चौक बोटैनिकल गार्डन रूट को यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 2024 में ही मंजूरी दे थी. फिर जरूरी परीक्षणों के लिए 2025 में टेंडर जारी किए गए थे. अब केंद्र की मंजूरी के साथ काम शुरू होगा और 2029-30 तक ये लाइन चल पड़ेगी. नया मेट्रो कॉरिडोर चालू होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क बढ़कर 61.6 किलोमीटर हो जाएगा.
ये भी पढ़ें - Meerut Metro: लो आ गई मेरठ मेट्रो, 55 मिनट में दिल्ली, मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक 120 किमी की रफ्तार, जानें पूरी डिटेल
एमिटी यूनिवर्सिटी और बड़े बिजनेस सेंटर जुड़ेंगे
नोएडा मेट्रो के परी चौक बोटेनिकल गार्डन कॉरिडोर से सेक्टर 98 का स्काईमार्क वन मॉल, सेक्टर 142 का एडवांट बिजनेस पार्क और सेक्टर 93 का मॉल ऑफ नोएडा जुड़ेगा. यहां टीसीएस, माइक्रोसॉफ्ट, एडोब, कॉग्निजेंट, हैवल्स, इन्फोसिस जैसी आईटी और कारपोरेट ऑफिस होंगे. एमिटी यूनिवर्सिटी जैसे एजुकेशनल इंस्टीट्यूट भी जुड़ेंगे. सेक्टर 128 का मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और सेक्टर 93 पार्क भी कनेक्ट हो जाएगा.
नोएडा मेट्रो की इंटरकनेक्टिविटी बढ़ेगी
नोएडा मेट्रो के एक्सटेंशन से एक्वा लाइन का मौजूदा 29.7 किमी का कॉरिडोर जो नोएडा सेक्टर 51 से डिपो स्टेशन तक जाता है, वो 2.6 किमी के डिपो स्टेशन से बोड़ाकी और नोएडा में डीएमआरसी की ब्लू लाइन मेट्रो के 17.7 किमी के नेटवर्क को इंटरकनेक्ट करेगा. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के आवासीय इलाके, आईटी हब भी इससे जुड़ जाएंगे.
बोटेनिकल गार्डन बड़ा इंटरचेंज बनेगा
ये एक्सटेंशन बोटेनिकल गार्डन को राजीव चौक जैसे बड़े इंटरचेंज हब के तौर पर विकसित करेगा. इससे ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली मेट्रो के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी. दिल्ली एयरपोर्ट, दिल्ली के रेलवे स्टेशन और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब बोड़ाकी तक आवाजाही आसान होगी.














