उत्तर प्रदेश के वाराणसी में NDTV का क्रिएटर्स मंच सजा है, जिसमें देश की चर्चित हस्तियां शामिल हो रही हैं. कार्यक्रम के एक सेशन में काशी राजघराने के उत्तराधिकारी अनंत नारायण सिंह, सामाजिक इतिहासकार और सांस्कृतिक मानवविज्ञानी बद्री नारायण और हवास मीडिया नेटवर्क इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित जोशी ने भी हिस्सा लिया. जिन्होंने काशी की सभ्यता और संस्कृति को बचाने और बढ़ाने को लेकर अपने विचार साझा किए.
काशी राजघराने के अनंत नारायण सिंह ने कहा कि काशी में साल के 365 दिन कोई न कोई त्योहार मनाए जाते रहते हैं. ये यहां की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और आगे बढ़ाने की परंपरा जैसी है. वहीं इसे संगीत से जोड़ने की पहल भी बेहतरीन है. काशी में भारत रत्न बिस्मिल्लाह खान इसके सबसे बड़े सबूत हैं, जिन्होंने अपने संगीत और व्यवहार की वजह से काशी को संरक्षित किया. उन्हें कई तरह के प्रलोभन दुनिया के कई देशों में बसने के लिए दिया गया, लेकिन उन्होंने शरीर त्यागने तक सिर्फ काशी को ही चुना.
वहीं सामाजिक इतिहासकार बद्री नारायण ने कहा कि काशी को सुंदर बनाना यहां के लोगों की जिम्मेदारी है. युवाओं को यहां की संस्कृति की रक्षा करनी है और बाकी लोग भी जो यहां हैं, वो सब मिलकर इसका ध्यान रखें. कहीं किसी तरह शहर या गंगा नदी को दूषित ना करें. इसी से हमारी विरासत न सिर्फ बचेगी बल्कि और समृद्ध होकर आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि काशी और गंगा एक जीवनधारा है और शिव इसके माथे जैसे हैं.
हवास मीडिया नेटवर्क इंडिया के सीईओ मोहित जोशी ने कहा कि हमने इस ऐतिहासिक शहर की संस्कृति को संरक्षित करने के लिए इस मुहिम को कला के साथ जोड़ा. ताकि युवा वर्ग भी इसमें आसानी से शामिल हो सके और अपनी जिम्मेदारियों को समझ सके, क्योंकि देश के युवा ही इसे सहेजकर आगे बढ़ा सकते हैं.
NDTV क्रिएटर्स मंच: संस्कृति, कला और विचारों का मंच
काशी के नमो घाट पर आयोजित NDTV क्रिएटर्स मंच पर देश की चर्चित हस्तियां पहुंच रही हैं. यहां संस्कृति, कला और विचारों का मंच सजा है. इसकी शुरुआत यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के इंटरव्यू के साथ हुई. वहीं केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी इसमें शामिल हो रहे हैं. साथ ही सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी और नम्रता अदाणी भी सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की नई संभावनाओं पर चर्चा करेंगी. मंच पर संगीत से लेकर साहित्य और फैशन से लेकर अर्थशास्त्र क्षेत्र से देश की कई बड़ी हस्तियां अपने विचार साझा कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ ने NDTV को बताया- 2024 से क्या सबक सीखा और 2027 का यूपी चुनाव अलग कैसे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं