नासिक का 'गॉडमैन': प्रेग्नेंट महिला से ज्यादती, रिमोट वाले सांपों का खौफ, 100 रु. के बीज को 1 लाख में बेचता था

Nashik Godman Case: नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात के खिलाफ गर्भवती महिला ने दर्ज कराया यौन उत्पीड़न का नया केस. रिमोट कंट्रोल वाले सांपों और टाइगर स्किन से डराकर करता था ठगी. रूपाली चाकणकर का इस्तीफा और 150 विदेशी यात्राओं का खुलासा.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Ashok Kharat Arrest: नासिक के स्वयंभू संत अशोक खरात उर्फ 'कैप्टन' के खिलाफ यौन उत्पीड़न और ठगी के मामले में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं.खुद को 'कैप्टन' कहने वाले इस रिटायर्ड मर्चेंट नेवी ऑफिसर के खिलाफ अब एक गर्भवती महिला ने भी यौन उत्पीड़न का नया केस दर्ज कराया है.पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि जब वह गर्भवती थी, तब खरात ने अनुष्ठान के बहाने उसके साथ शारीरिक शोषण किया. महिला का कहना है कि आरोपी उसके पति को कमरे के बाहर खड़ा कर देता था और अंदर उसके साथ गलत काम करता था. विरोध करने पर उसे जान से मारने और बुरे अंजाम भुगतने की धमकी दी जाती थी.पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह ढोंगी बाबा लोगों को फंसाने के लिए रिमोट कंट्रोल वाले सांपों और टाइगर स्किन जैसे सामानों का इस्तेमाल कर एक डरावना और तांत्रिक माहौल बनाता था.

डर और अंधविश्वास का फैलाया जाल

अशोक खरात का काम करने का तरीका बेहद शातिर था. वह अपने ऑफिस में आने वाले लोगों के मन में डर पैदा करने के लिए वन्यजीवों के अवशेष और नकली सांपों का सहारा लेता था. वह रिमोट से सांपों को हिलाता था ताकि लोगों को लगे कि उसके पास कोई जादुई शक्ति है. जांच में पता चला है कि वह 'वशीकरण' जैसी सेवाएं देने का दावा करता था और जो उसकी बात नहीं मानता था, उसे भारी नुकसान होने की धमकी देता था. वह लोगों की आर्थिक स्थिति भांप लेता था और फिर 100 रुपये की चीज के बदले 10,000 से 1 लाख रुपये तक वसूलता था.

कौड़ियों के दाम वाली चीजों को बताया 'चमत्कारी'

जांच टीम को पता चला है कि खरात इमली के बीजों को 'सिद्ध' बताकर मोटी रकम पर बेचता था. इतना ही नहीं, उसने कई लोगों को नकली रत्न और पत्थर यह कहकर बेचे कि उनमें बीमारियों को ठीक करने की दैवीय शक्ति है. इस ठगी के जरिए उसने करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर लिया. खरात के पास नासिक के ही नजदीक एक आलीशान फार्महाउस और बंगला है. साथ ही उसकी करीब 52 संपत्तियों के दस्तावेज भी जांच के घेरे में हैं. वह इशानेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट का चेयरमैन भी है, जिसके जरिए वह अपनी पैठ जमाता था.

150 विदेशी यात्राएं और लग्जरी लाइफस्टाइल

यौन शोषण और ठगी के आरोपों के बीच खरात की लग्जरी लाइफस्टाइल भी चर्चा में है. बताया जा रहा है कि धंधा चमकने के बाद उसने करीब 150 बार विदेश यात्राएं कीं. हाल ही में उसकी दक्षिण कोरिया यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन महंगी यात्राओं के लिए पैसा कहां से आया और क्या यह सब मासूम लोगों से की गई उगाही का हिस्सा था.

Advertisement

राजनीति में मची खलबली

इस मामले ने महाराष्ट्र की राजनीति में भी तूफान ला दिया है. खरात के रसूखदार लोगों और बड़े नेताओं से संबंध सामने आने के बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश के बाद उन्होंने यह कदम उठाया. हालांकि, चाकणकर का कहना है कि उनका परिवार आध्यात्मिक आस्था के कारण खरात के ट्रस्ट से जुड़ा था और उन्हें उसकी इन करतूतों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें महिला होने के नाते निशाना बनाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: 2 बीवियां और 18 बच्चे, यूपी में पूर्व प्रधान की हत्या कर गर्लफ्रेंड ने बोरे में डालकर नहर में फेंका, ये भी वजह

Featured Video Of The Day
US Iran War | ईरानी सेना ने की ट्रंप की मिमिक्री! US President के अंदाज में कसा तंज | Iran Israel War