गाजियाबाद से मिनटों में पहुंचेंगे जेवर एयरपोर्ट, नमो भारत कॉरिडोर से परीचौक और नोएडा वेस्ट भी जुड़ेंगे

Noida Airport Namo Bharat: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जल्द गाजियाबाद से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक नमो भारत ट्रेन की सुविधा मिल सकती है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
गाजियाबाद-जेवर अब और करीब.

Ghaziabad to Noida Airport Namo Bharat: दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लाखों लोगों के लिए गुड न्यूज है. जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने के लिए नमो भारत ट्रेन की सुविधा मिल सकती है. इस प्रोजेक्ट में बड़ा अपडेट सामने आया है. यहां प्रस्तावित 72.44 किलोमीटर लंबे नमो भारत गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर का काम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के चरण में पहुंच गया है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने यह जानकारी दी.

गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी

प्रस्तावित रूट गाजियाबाद से शुरू होकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) सिटी से होते हुए जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समाप्त होगा. यह कॉरिडोर उन क्षेत्रों से होकर गुजरेगा जहां तेजी से शहरी और आर्थिक विकास हो रहा है.

PTI की रिपोर्ट के अनुसार, गोयल ने बताया कि इस कॉरिडोर में 12 स्टेशन और रूट के उत्तरी एवं दक्षिणी छोर पर दो डिपो होंगे. उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे की योजना इस तरह बनाई गई है कि ट्रेनों का सुचारू संचालन हो सके और दिल्ली-एनसीआर के शहरों तथा आगामी एयरपोरट के बीच बढ़ती यात्री आवाजाही को संभाला जा सके.

20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा होंगे खर्च

यह कॉरिडोर चौथा नमो भारत कॉरिडोर होगा और इसकी अनुमानित लागत करीब 20,640 करोड़ रुपये है. इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य प्रमुख आवासीय, कमर्शियल और आगामी बुनियादी ढांचा केंद्रों को जोड़कर एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन संपर्क को मजबूत करना है.

Advertisement

40 मिनट में पहुंचेंगे नोएडा एयरपोर्ट

गोयल ने कहा, ‘गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर फिलहाल डीपीआर चरण में हैं.' उन्होंने बताया कि कॉरिडोर को अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया जाएगा और इससे गाजियाबाद, नोएडा और जेवर स्थित नोएडा एयरपोर्ट के बीच यात्रा समय घटकर करीब 40 से 50 मिनट रह जाने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों की दैनिक आवाजाही आसान होगी.

यहां बनेंगे नमो भारत स्टेशन

  1. गाजियाबाद (यहां यात्री दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन से सीधे इंटरचेंज कर सकेंगे)
  2. गाजियाबाद दक्षिण
  3. ग्रेटर नोएडा वेस्ट-सेक्टर 4
  4. ग्रेटर नोएडा वेस्ट-सेक्टर 2
  5. नॉलेज पार्क 5
  6. सूरजपुर
  7. परी चौक (यहां नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के साथ इंटरचेंज मिलेगा)
  8. इकोटेक 6
  9. दनकौर
  10. वाईईआईडीए (YEIDA) नॉर्थ-सेक्टर 18
  11. वाईईआईडीए (YEIDA) सेंट्रल-सेक्टर 21 (यह स्टेशन आगामी नोएडा फिल्म सिटी को भी कनेक्टिविटी देगा)
  12. जेवर एयरपोर्ट

गोयल ने कहा कि परी चौक स्टेशन नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के साथ इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध कराएगा, जिससे यात्रियों को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि वाईईआईडीए सेंट्रल-सेक्टर 21 स्टेशन आगामी नोएडा फिल्म सिटी क्षेत्र के लिए भी संपर्क उपलब्ध कराएगा.

Advertisement

उन्होंने बताया कि यह कॉरिडोर मौजूदा दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से भी जुड़ा होगा. उन्होंने कहा कि यात्री रेड लाइन मेट्रो के जरिए गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पहुंचकर नमो भारत का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिससे दिल्ली और एयरपोर्ट कॉरिडोर के बीच कनेक्टिविटी मिलेगी.

इन प्रोजेक्ट पर भी शुरू होगा काम

गोयल ने कहा कि नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम को जोड़ने वाला एक अन्य प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर भी वर्तमान में डीपीआर चरण में है. उन्होंने कहा कि कई अन्य राज्य भी बढ़ते शहरीकरण और परिवहन जरूरतों को देखते हुए इसी तरह प्रोजेक्ट पर स्टडी चल रही है.

उन्होंने बताया कि दो अन्य प्राथमिकता वाले नमो भारत कॉरिडोर- दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-एसएनबी-अलवर को केंद्र सरकार से जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है. उन्होंने कहा कि मंजूरी के बाद परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन के लिए प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं.

यह भी पढ़ें: हरियाणा से चलेगी पहली नमो भारत ट्रेन, यूपी में नोएडा तक दौड़ेगी दिल्ली NCR की ये रैपिड रेल, जानें पूरा रूट

Advertisement
Featured Video Of The Day
ऑफिस की कुर्सी और गोद में बेटा, IPS नवजोत सिमी की तस्वीरों ने जीता सोशल मीडिया का दिल

Topics mentioned in this article
Namo Bharat
Namo Bharat And Meerut Metro
Namo Bharat Corridor
Namo Bharat Corridor In Delhi NCR
Namo Bharat Corridor New Phase