मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कल होगा शपथग्रहण, दोनों कार्यक्रमों में पीएम मोदी होंगे शामिल

मध्य प्रदेश में सुबह 11.30 बजे से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा. वहीं, छत्तीसगढ़ के नव नियुक्त मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोपहर चार बजे साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शपथ ग्रहण करेंगे.

Advertisement
Read Time: 16 mins
नई दिल्‍ली:

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 13 दिसंबर यानि कल शपथग्रहण होगा और दोनों कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे. मध्य प्रदेश में सुबह 11.30 बजे से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा. तीन बार के विधायक रहे मोहन यादव (Mohan Yadav) को मध्य प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री चुना गया है. वहीं, छत्तीसगढ़ के नव नियुक्त मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोपहर चार बजे साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शपथ ग्रहण करेंगे. मध्‍य प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ दोनों जगह शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर चल रही है. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होने जा रहे हैं.

मध्य प्रदेश में मोहन यादव के हाथों में कमान 

मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को कहा कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को होगा. भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद यादव ने शाम को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी. इससे पहले दिन में, मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता मोहन यादव को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया और उन्हें अगले मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्ति से संबंधित एक पत्र सौंपा. भाजपा विधायक दल ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में चौहान कैबिनेट के सदस्य यादव को अपना नेता चुना, जिससे उनके अगले मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने का मार्ग प्रशस्त हो गया. भाजपा ने 17 नवंबर को हुए विधानसभा चुनावों में 230 सदस्यीय विधानसभा में 163 सीट जीतकर मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखी, जबकि कांग्रेस 66 सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही.

छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय संभालेंगे CM का पद

पीएम मोदी की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल के सदस्य बुधवार 13 दिसम्बर को शपथ लेंगे. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में दोपहर दो बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, केन्द्रीय मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन सहित अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. राज्य में भाजपा के प्रमुख आदिवासी चेहरे साय को रविवार को यहां नवनिर्वाचित 54 भाजपा विधायकों की बैठक के दौरान विधायक दल का नेता चुना गया. राज्य की कुल 90 विधानसभा सीट में से भाजपा ने 54 सीट जीती हैं.  2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है। राज्य में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक सीट जीतने में कामयाब रही. 

Advertisement

ये भी पढ़ें:- PM मोदी ने आर्टिकल 370 और 35(A) पर SC के फैसले के बाद लिखा लेख, यहां पढ़ें

Advertisement
Featured Video Of The Day
Bihar Assembly Election: विधानसभा चुनाव को लेकर Tejashwi Yadav का बड़ा ऐलान