IMD Rain Alert: दक्षिण पश्चिम मॉनसून तेज रफ्तार से भारत के अलग-अलग राज्यों में प्रवेश कर रहा है. 4 जून को केरल तट से टकराने के 48 घंटे के अंदर ही मॉनसून 7 राज्यों में पहुंचा. मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि अगले 7 दिन केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मॉनसून पिछले 48 घंटे में इन 7 राज्यों में पहुंच चुका है- केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और मिजोरम.
शनिवार को कहां तक पहुंचा मॉनसून
शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर पूर्वी भारत में मणिपुर और मिजोरम पहुंचा. साथ ही महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ और भागों, गोवा के शेष भागों, कर्नाटक के कुछ और भागों, तमिलनाडु के अधिकांश भागों तथा पूर्वोत्तर भारत के कुछ भागों में और प्रगति की है.
IMD का मॉनसून पर लेटेस्ट अपडेट.
मॉनसून के बारे में IMD ने क्या कहा?
भारत मौसम विभाग ने शनिवार को कहा, "दक्षिण पश्चिम मॉनसून आज 6 जून, 2026 को कर्नाटक के कुछ और हिस्सों, पूरे गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों और दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम मध्य और उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, पूरे पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ मिजोरम और मणिपुर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है".
तेलंगाना और पूर्वी भारत के अन्य राज्यों में पहुंचेगा मॉनसून
अगले दो से तीन दिन में मॉनसून के तेलंगाना के साथ-साथ उत्तर पूर्वी भारत के और कुछ राज्यों में पहुंचने की उम्मीद है. भारत मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेमी) होने की बहुत संभावना है.
इस बार तीन दिन की देरी से पहुंचा है मॉनसून
इस बार मॉनसून तीन दिन की देरी से पहुंचा है. आम तौर पर मॉनसून सीजन 1 जून के आसपास शुरू होता है. लेकिन पिछले साल मॉनसून 1 जून से 8 दिन पहले, 24 मई को ही केरल तट पर पहुंच गया था और मॉनसून ने औसत से 9 दिन पहले 29 जून को ही पूरे देश को कवर कर लिया था. पिछले साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 24 मई, 2025 को पूर्वोत्तर भारत में प्रवेश किया था.
दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.2 डिग्री कम है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी. IMD के अनुसार, शनिवार और रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
मध्य प्रदेश के कई जिलों में आज हो सकती है बारिश
IMD ने 6 और 7 जून के लिए राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर ताजा चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, शाम और रात के समय मौसम गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है. कई इलाकों में बिजली गिरने, तेज बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
एमपी के इन जिलों में आज बारिश के आसार
IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, विदिशा, रायसेन (भीमबेटका और सांची सहित), नर्मदापुरम (पचमढ़ी), हरदा, खंडवा (ओंकारेश्वर) और शहडोल जिलों में मध्यम स्तर की गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इसके अलावा श्योपुर (कूनो नेशनल पार्क), देवास, सीहोर, मुरैना, राजगढ़, उज्जैन (महाकालेश्वर), शिवपुरी, आगर, शाजापुर, इंदौर, खरगोन, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, भोपाल (बैरागढ़), नरसिंहपुर, सागर, सतना (चित्रकूट), मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में हल्की गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई. भोपाल में 22.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि सांवेर में 17 मिमी, बदनावर में 12.2 मिमी और रतलाम में 12 मिमी बारिश हुई.
यह भी पढ़ें - मॉनसून की तेज रफ्तार, 48 घंटे में 7 राज्य पार, जानें UP-दिल्ली से राजस्थान तक कब बारिश होगी