- बारामती में अजित पवार के विमान हादसे के दौरान आग की लपटों के बीच एक जोरदार धमाका हुआ था
- धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य प्रभावित हुआ था
- ग्रामीण अजित पवार के निधन की खबर सुनकर मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने धधकते मलबे को देखा था
महाराष्ट्र के बारामती में हुए अजित पवार के विमान हादसे का एक नया वीडियो सामने आया है. 28 जनवरी के इस वीडियो में जिस वक्त विमान क्रैश के बाद आग की लपटों में घिरा था, उसी दौरान उसमें एक जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की खबर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब धधकते मलबे से उठते धुएं के गुबार और इस अचानक हुए विस्फोट ने बचाव कार्य के बीच भी दहशत पैदा कर दी थी.
विमान हादसे की जांच कर रहा एएआईबी
प्रशासन और पुलिस क्रैश के बाद हुए इन धमाकों के आधार पर भी हादसे की कड़ियों को जोड़ने और तकनीकी पहलुओं की जांच में जुटी है. लियरजेट 45 विमान दुर्घटना पर एएआईबी की प्रारंभिक रिपोर्ट बहुत जल्द जारी की जाएगी. इसी विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य की मौत हो गई थी. बारामती हवाई अड्डे के पास 28 जनवरी को दुर्घटनाग्रस्त हुआ लियरजेट 45 विमान वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का था. दुर्घटना में पवार और चार अन्य की मौत हो गई थी. घटना की जांच वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) द्वारा की जा रही है.
जल्द आएगी जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट
नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा, ‘बहुत जल्द हमारे पास जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट होगी.' वह रियल एस्टेट उद्योग निकाय नारेडको द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से बात कर रहे थे. पवार, उनके व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी और परिचारिका के अलावा कमांडिंग पायलट सुमित कपूर और फर्स्ट फ्लाइट ऑफिसर शांभवी पाठक की उस वक्त मौत हो गई, जब लियरजेट 45 विमान लैंडिंग के दूसरे प्रयास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. नागर विमानन मंत्रालय ने 30 जनवरी को कहा था, ‘जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है.'
ये भी पढ़ें :- NCP बनाम NCP(SP)... अजित पवार पर लेख को लेकर दोनों गुटों में घमासान, विलय की चर्चा पर विराम
दस फरवरी को राकांपा (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने आरोप लगाया कि हवाई दुर्घटना में साजिश के संदेह करने का कारण है, जिसमें उनके चाचा अजित पवार की मौत हो गई. उन्होंने कई विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा व्यापक जांच की मांग की है.
ये भी पढ़ें :- अजित पवार के जाने के बाद आज होने वाला NCP का विलय अटका, सुप्रिया सुले के बयान के मायने समझिए














