Blinkit-Zepto-Instamart पर महाराष्ट्र FDA का एक्शन, 14 लाइसेंस सस्पेंड, मिले थे कॉकरोच और चूहे

महाराष्ट्र FDA ने राज्यभर में 86 क्विक-कॉमर्स स्टोरेज और डिलीवरी सेंटरों की जांच के बाद Blinkit, Zepto और Instamart से जुड़े 14 लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई
NDTV

महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने Blinkit, Zepto और Instamart जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़े 14 डिलीवरी और स्टोरेज सेंटरों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं. राज्यभर में की गई जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़े कई गंभीर उल्लंघन सामने आए. इनमें कॉकरोच और चूहों का प्रकोप, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों का भंडारण और खराब हाइजीन जैसी खामियां शामिल हैं.

86 सेंटरों की हुई जांच

गुरुवार को महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से खाद्य पदार्थों के भंडारण, बिक्री और डिलीवरी से जुड़े 86 सेंटरों का निरीक्षण किया गया. FDA ने जांच के बाद 60 सुधार नोटिस जारी किए, जबकि एक सेंटर का संचालन अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया गया. सस्पेंड किए गए 14 लाइसेंसों में Blinkit के 5, Zepto के 5 और Instamart से जुड़े 2 सेंटर शामिल हैं.

Blinkit के सेंटरों में क्या मिला?

मुंबई के मालाड वेस्ट स्थित मार्वे रोड पर बे व्यू बिल्डिंग में मौजूद Blinkit सेंटर का FSSAI लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि चिलर रूम 6 डिग्री सेल्सियस पर चल रहा था, जो निर्धारित मानकों से अधिक था. सेंटर में खाद्य पदार्थ संभालने वाले करीब 40 कर्मचारियों के मेडिकल परीक्षण के रिकॉर्ड मौजूद नहीं थे. कई कर्मचारी बिना हेडगियर, एप्रन और ग्लव्स के काम करते पाए गए.

घाटकोपर स्थित एक अन्य Blinkit सेंटर में ड्रेनेज और कचरा प्रबंधन की खराब व्यवस्था, फ्रोजन उत्पादों के तापमान नियंत्रण में खामियां, बिना सुरक्षा वाली लाइटें और खराब हाउसकीपिंग मिली. जांच में कॉकरोच, टूटी हुई छत और फर्श तथा खाद्य पदार्थों के गलत स्टोरेज जैसी कमियां भी सामने आईं। इस सेंटर को 74 में से केवल 34 अंक मिले.

Advertisement

Zepto सेंटर में मिला एक्सपायर्ड सामान

FDA ने पुणे के लोहेगांव स्थित Zepto सेंटर का लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया. जांच के दौरान पाया गया कि कई खाद्य उत्पाद उनकी "यूज बाय" तारीख गुजरने के बाद भी स्टोर किए गए थे. इसके अलावा FIFO (First In First Out) और FEFO (First Expiry First Out) सिस्टम का पालन नहीं किया जा रहा था. सेंटर में साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में भी गंभीर कमियां पाई गईं.

FDA के अनुसार, सुनवाई के दौरान Zepto की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया.

Instamart सेंटरों में कॉकरोच और चूहों की गंदगी

पुणे के कर्वेनगर स्थित Instamart से जुड़े सेंटर में FDA अधिकारियों को भारी संख्या में कॉकरोच मिले. इसके बाद लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया.

Advertisement

जांच में फ्रोजन उत्पादों के लिए जरूरी कोल्ड चेन बनाए रखने में नाकामी, तापमान नियंत्रण में गड़बड़ी और साफ-सफाई की गंभीर खामियां सामने आईं. मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित Instamart सेंटर में खाद्य पैकेटों के पास चूहों का मल मिला. निरीक्षण के दौरान छिपकलियों की मौजूदगी, जंग लगे रैक और खराब हाउसकीपिंग भी दर्ज की गई.

एक्सपायर्ड चिकन भी मिला

अंधेरी वेस्ट स्थित Instamart से जुड़े एक सेंटर में एक्सपायर्ड पोल्ट्री प्रोडक्ट मिला. FDA के मुताबिक, 'जोरांबियन चिकन करी कट' को निर्धारित 0-4 डिग्री सेल्सियस तापमान की जगह 8 डिग्री सेल्सियस पर रखा गया था। एक्सपायर्ड स्टॉक को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. अंधेरी ईस्ट के एक अन्य सेंटर में सामान अत्यधिक भीड़भाड़ वाली स्थिति में रखा हुआ मिला। खाद्य बैग सीधे जमीन पर रखे गए थे और मुख्य प्रवेश द्वारों पर एयर कर्टेन भी नहीं थे.

फिल्म सिटी के बॉलीवुड कैफे पर भी कार्रवाई

FDA की टीम ने गोरेगांव स्थित दादासाहेब फाल्के फिल्म सिटी के 'बॉलीवुड कैफे' पर भी छापा मारा. निरीक्षण में पाया गया कि भोजन बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा था। वहां बड़ी संख्या में मक्खियां थीं, नालियां गंदी थीं और खाना जंग लगी तथा गंदी सतहों पर तैयार किया जा रहा था. इसके बाद FDA ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट की धारा 69 के तहत कैफे के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: कोई मुझे घूस देने की हिम्मत नहीं कर सकता, महाराष्ट्र के दबंग IAS तुकाराम मुंढे की खुली चुनौती

Advertisement
Featured Video Of The Day
जब धरती का सीना फाड़कर निकली आग, पूरे इलाके में मच गया हड़कंप

Topics mentioned in this article
FDA
FDA Action
Maharashtra News