भगवान शिव और देवी पार्वती के विवाह पर शिवरात्रि जैसे धार्मिक आयोजन पूरे देश में होते हैं और उत्सव मनाए जाते हैं. लेकिन, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के नबद्वीप में, यह विवाह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि एक भव्य सामाजिक उत्सव में बदल जाता है. इस वर्ष भी यहां भगवान महादेव के विवाह के इर्द-गिर्द केंद्रित इस उत्सव पर पूरे शहर में रौनक रही जहां भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ इस परंपरा को निभाया. नबद्वीप में शिव-पार्वती के विवाह का उत्सव अपनी तरह का अनूठा आयोजन है क्योंकि वहां भगवान को शादी में दहेज भी दिया जाता है.
पंडाल में दहेज के सामान
इस वर्ष के आयोजन में भी, दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्षों ने कोई कमी नहीं छोड़ी. एक पारंपरिक सामाजिक विवाह की तरह, मंडप को भव्य रूप से सजाया गया. साथ ही, विवाह स्थल को तरह-तरह के दहेज के सामानों से सजाया गया. पंडाल के भीतर रेफ्रिजरेटर, टीवी, एयर कंडीशनर, वाशिंग मशीन, ब्रांडेड वार्डरोब, फर्नीचर और यहां तक कि मोटरसाइकिलें भी रखी गईं.
भगवान को दहेज में देने के लिए सामानों की सजावट की जाती है
Photo Credit: NDTV
नबद्वीप में शनिवार, 28 मार्च की शाम को भव्य उत्सव शुरू हुआ और रविवार सुबह तक चला. इसमें देवी पार्वती को दुल्हन और भगवान महादेव को दूल्हा बनाया गया. नबद्वीप के बुरोशिबतला स्थित शिव मंदिर को रोशनी से सजाया गया था और वहां कई कार्यक्रम आयोजित किए गए.
पारंपरिक रस्मों के साथ विवाह
शुभ मुहूर्त में, संगीत और पटाखों की गूंज के साथ, भगवान भोलानाथ को कंधों पर उठाकर दूल्हे के वेश में लाया गया. दूसरी ओर, पार्वती दुल्हन के रूप में खूबसूरती से सजी हुई थीं. पुजारियों ने मंत्रों के उच्चारण के साथ सभी विवाह अनुष्ठानों को संपन्न किया. विवाह समारोह में मालाओं का आदान-प्रदान हुआ और सात पवित्र फेरे जैसी रस्में निभाई गईं.
पुजारियों ने विवाह की सभी पारंपरिक रस्में पूरी करवाईं
Photo Credit: NDTV
यह उत्सव रात भर चला. कहीं-कहीं पारंपरिक ढोलों की थाप गूंज रही थी, तो कहीं-कहीं बैंड की प्रस्तुतियों ने आनंद को और बढ़ा दिया. दुल्हन के परिवार ने दूल्हे की बारात का गर्मजोशी से स्वागत किया. विवाह में शामिल होनेवाले सभी लोगों के लिए भव्य भोज की भी व्यवस्था थी और इस दौरान दो बार स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजन खिलाए गए.
ये भी पढ़ें-: समुद्र में गिरने से बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत, गहरे सदमे में साथ में शूटिंग कर रही अभिनेत्री














