लखनऊ के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में एक युवती पर कार चढ़ाने और उसे बोनट पर घसीटने का मामला सामने आया है. गोमती नगर विस्तार थाना प्रभारी के अनुसार, अनामिका नाम की युवती ने शाहनवाज नामक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस को तहरीर भी सौंपी है. पुलिस जांच में अब तक यह सामने आया है कि शाहनवाज और अनामिका एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे. अनामिका का आरोप है कि उसने शाहनवाज को एक दूसरी युवती के साथ कार में घूमते हुए देखा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया.
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद शाहनवाज दूसरी युवती को लेकर कार से जाने लगा. इस दौरान अनामिका ने कार रोकने की कोशिश की. आरोप है कि कार आगे बढ़ने पर वह बोनट पर आ गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पीड़िता की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई
प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवक अपनी महिला मित्र के साथ पार्क के पास चाय पीने गया था. वहीं अनामिका को उसके दूसरी युवती के साथ होने की जानकारी मिली, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ. पीड़िता की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है. पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. साथ ही, कार नंबर के आधार पर आरोपी शाहनवाज की तलाश की जा रही है.
गुरुग्राम में भी हिट एंट रन का केस
इससे पहले गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था. महिला बाइकर सिया चौहान बाइकर्स के अपने एक ग्रुप के साथ 'अप्रिलिया RS 457 स्पोर्ट्स' बाइक चला रही थी. लेकिन तभी एक कार उसका पीछा करने लगी. कार चला रहे कल्याण बैसला ने महिला बाइकर को रोकने का प्रयास किया. लेकिन जब महिला नहीं रुकी तो आरोपी ने बाइकर को टक्कर मार दी. महिला का कैमरा चालू था, ऐसे में यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई थी.
ये भी पढ़ें : गुरुग्राम के बाद ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का केस, तेज रफ्तार कार की टक्कर से हवा में उछला युवक, VIDEO