- देश में एलपीजी सिलेंडरों की कमी के बीच प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है
- उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक मकान से 32 गैस सिलेंडर बरामद कर आरोपी रिहान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है
- बिहार के पटना में गोदाम से 100 से अधिक घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं
देश के विभिन्न हिस्सों में एलपीजी (LPG) सिलेंडरों की किल्लत के बीच प्रशासन ने जमाखोरों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है. एक तरफ सरकार ने साफ कहा है कि देश में एलपीजी का स्टॉक पर्याप्त है. लोगों को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने के लिए कहा गया है. सिलेंडर की लाइन लगे लोगों का फायदा जमाखोर उठा रहे हैं. एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही है. इसे लेकर प्रशासन अलर्ट है. उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और तमिलनाडु में लगातार छापेमारी चल रही है. यहां भारी संख्या में अवैध रूप से भंडारित गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं.
हापुड़ (यूपी): घर में छिपे मिले 32 सिलेंडर
यूपी के हापुड़ में देहात थाना पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर 32 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं. इसमें 18 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर थे. आरोपी रिहान के खिलाफ जमाखोरी और कालाबाजारी का मुकदमा दर्ज किया गया है. छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है.
पटना (बिहार): गोदाम से 100 से अधिक सिलेंडर जब्त
पटना जिले के शाहपुर इलाके में प्रशासन ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की. अधिकारियों को सूचना मिली थी कि सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए गोदाम में छिपाकर रखा गया है. मौके से 100 से अधिक घरेलू और कमर्शियल (व्यावसायिक) गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं.
अररिया (बिहार): फारबिसगंज में 135 सिलेंडरों की जब्ती
अररिया के फारबिसगंज में एसडीएम (SDM) अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में पोखर बस्ती वार्ड नंबर 15 में छापेमारी की गई. एक घर और दुकान से विभिन्न कंपनियों के करीब 135 से 150 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए. प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि ये सिलेंडर किसके हैं, ताकि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके.
मदुरै (तमिलनाडु): सबसे बड़ी रिकवरी, 398 सिलेंडर बरामद
मदुरै में अफसरों ने अवैध भंडारण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. कोविलपापकुडी के पलानी मदन कुमार सहित दो लोगों को हिरासत में लिया गया. दो अलग-अलग स्थानों से कुल 398 सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 163 घरेलू और 235 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं.
संबलपुर (ओडिशा): 161 अवैध गैस सिलेंडर जब्त
ओडिशाा के संबलपुर में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 161 गैस सिलेंडर और एक पिकअप वैन जब्त की है. अफसरों के मुताबिक, इन सिलेंडरों को बिना किसी वैध अनुमति के रखा और परिवहन किया जा रहा था, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था. यह मामला उस समय सामने आया, जब गैस सिलेंडरों से लदी एक पिकअप वैन इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की. जांच के दौरान पुलिस को पिकअप वैन में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर संदिग्ध परिस्थितियों में लदे हुए मिले.














