ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच युद्ध का करीब एक महीना होने जा रहा है. होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते खाड़ी देशों से तेल-गैस सप्लाई का संकट दूर कर बहाली सामान्य करने के युद्ध स्तर पर प्रयास हो रहा है. एलपीजी गैस का प्रोडक्शन 40 फीसदी तक बढ़ा है. होर्मुज में फंसे कई जहाज निकल चुके हैं. कमर्शियल एलपीजी का कोटा भी राज्यों को बढ़ाया गया है. साथ ही पीएनजी-सीएनजी कनेक्शन भी तेजी से जारी हो रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोकसभा में सोमवार को मध्य पूर्व में युद्ध के बीच पैदा हुए हालातों की जानकारी दी.
दो एलपीजी टैंकर होर्मुज से आ रहे भारत
दो और एलपीजी टैंकर होर्मुज स्ट्रेट पार करके दो से ढाई दिन में भारतीय बंदरगाह पर पहुचेंगे.92 हजार टन एलपीजी से लैस टैंकर पाइन गैस और जग वसंत सोमवार सुबह फारस की खाड़ी से रवाना हुए. इन जहाजों पर लदी एलपीजी गैस देश में एक दिन की खाना पकाने की गैस की खपत के बराबर है. जलडमरूमध्य पार करने से पहले ईरान को पहचान बताने के लिए दोनों एलपीजी टैंकर ईरान के लारक और क्वेशम द्वीपों के बीच के जलक्षेत्र से गुजरे.ये उन 22 भारतीय झंडे वाले जहाजों में शामिल हैं, जो फारस की खाड़ी में फंसे थे.इससे पहले 92,712 टन एलपीजी लेकर एमटी शिवालिक और एमटी नंदा देवी आए थे.
शहरों में PNG गैस परियोजनाओं को मंजूरी
केंद्र सरकार ने शहरों में पाइपलाइन गैस परियोजनाओं (सीएनजी, पीएनजी) के आवेदन तुरंत मंजूर करने और होटल-ढाबों और रेस्तरां को कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति बढ़ाने का फैसला किया है.शहरी गैस वितरण (सीजीडी) के सभी आवेदन 10 दिनों में निपटाने होंगे. बड़े शहरों और शहरी क्षेत्रों में कमर्शियल एलपीजी पाइपलाइन वाली पीएनजी का तुरंत कनेक्शन लेने को कहा गया है.
पैनिक बुकिंग घटी
एलपीजी सिलेंडर बुकिंग सामान्य होने के बीच सरकार ने होटल-रेस्तरां आदि के लिए कमर्शियल एलपीजी का 20 फीसदी अतिरिक्त आवंटन राज्यों के लिए मंजूर किया है. इससे कमर्शियल एलपीजी का कोटा 50 प्रतिशत हो गया है. सिलेंडर न मिलने के डर से पैनिक बुकिंग जो 13 मार्च को 87 लाख तक पहुंच गई थी, अब घटकर 50-55 लाख रोजाना पर आ गई है. एक हफ्ते में कमर्शियल संस्थानों को 11300 टन एलपीजी दी गई.
कमर्शियल LPG सप्लाई बढ़ी
जिन होटल, रेस्तरां या संस्थानों ने पीएनजी कनेक्शन का आवेदन दिया है और एलपीजी गैस के कमर्शियल इस्तेमाल के लिए तेल कंपनियों के साथ पंजीकरण कराया हो.उन्हें एलपीजी गैस सप्लाई में प्राथमिकता मिलेगी. जबकि सामान्य ग्राहकों को अब गैस बुकिंग के बाद होम डिलिवरी का इंतजार करने को कहा गया है.
LPG Gas Cylinder Booking
एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी पर एक्शन
राज्य सरकारें जमाखोरी और कालाबाजारी पर एक्शन ले रही हैं. देश भर में 3500 से अधिक छापेमारी की गई और लगभग 1400 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए. पिछले दो सप्ताह में घरेलू एलपीजी प्रोडक्शन में 40 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है. तीनों सार्वजनिक तेल विपणन कंपनियां युद्ध स्तर पर रोजाना भरे सिलेंडर की सप्लाई कर रही हैं. अभी 15 इलाकों में 13700 गैस कनेक्शन दिए हैं. 7000 ग्राहक एलपीजी से पीएनजी में स्थानांतरित हो चुके हैं.
ऑयल बॉन्ड का मुद्दा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोकसभा में मिडिल ईस्ट संकट के बीच देश में तेल-गैस आपूर्ति को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस सरकार में भारत को पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों के संकट का सामना करना पड़ा. सरकार ने 1.48 लाख करोड़ रुपये के ऑयल बॉन्ड जारी किए थे, जिसका कर्ज अब जाकर खत्म हुआ.
होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित आवाजाही
प्रधानमंत्री ने कहा कि युद्ध के माहौल में भी भारत कूटनीति से भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए लगातार कोशिश कर रहा है. होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हमारे कई जहाज भारत पहुंच चुके हैं. सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और तटीय, सीमा, साइबर और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा रहा है.भारत अब तक 3 लाख 75 हजार भारतीय सुरक्षित लौटे हैं. एक हजार भारतीय ईरान से भी लौटे हैं, जिसमें 700 मेडिकल छात्र हैं.
LPG Gas Cylinder Booking
ये भी पढ़ें - LPG Shortage: रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग घटकर 55 लाख पर आई, PNG कनेक्शन की होड़, सरकार के 10 बड़े कदम
रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार बढ़ेगा
पीएम मोदी ने कहा, देश के पास 53 लाख मीट्रिक टन रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार है. साथ ही 65 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त स्टोरेज पर काम हो रहा है. घरेलू तेल कंपनियां भी रिजर्व भी हैं. 27 की जगह 41 देशों से तेल-गैस की सप्लाई पर फोकस किया गया है, ताकि होर्मुज पर निर्भरता कम हो सके.
रिकॉर्ड कोयला उत्पादन
भारत ने रिकॉर्ड 1 अरब टन कोयला उत्पादन लगातार दूसरे वर्ष किया है. साथ ही सौर ऊर्जा की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है.केरोसीन, कोयला जैसे ईंधनों का इस्तेमाल का बढ़ावा दिया गया है. कमर्शियल एलपीजी की किल्लत के बीच राज्यों को इसकी आपूर्ति बढ़ाई गई है.
ये भी पढ़ें - LPG Shortage: रसोई गैस सिलेंडर की टेंशन दूर, बुकिंग 40% घटी, प्रोडक्शन से सप्लाई तक 10 बड़े कदम
कच्चा तेल आयात की निर्भरता
भारत अपने कच्चे तेल का लगभग 88 प्रतिशत, लिक्विफाइड नेचुरल गैस का 50 फीसदी और एलपीजी का 60 फीसदी आयात करता है. भारत के आयातित कच्चे तेल का आधे से अधिक हिस्सा सऊदी अरब, इराक और यूएई से आता था.एलपीजी का लगभग 85-95 फीसदी और एलपीजी गैस का 30 फीसदी होर्मुज से आता है.














