भारत में दो अमेरिकी पर्यटकों पर केस दर्ज, संवेदनशील क्षेत्र में उड़ा रहे थे ड्रोन  

केरल के कोच्चि में तटरक्षक मुख्यालय के पास ‘रेड जोन’ में ड्रोन उड़ाने पर दो अमेरिकी पर्यटकों के खिलाफ केस दर्ज हुआ. पर्यटन पुलिस ने दोनों को मौके पर रोका, ड्रोन और लैपटॉप जब्त किए और नोटिस देकर रिहा किया. यह क्षेत्र सुरक्षा कारणों से नो-फ्लाई जोन है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

American Tourists Drone Violation India: भारत के कोच्चि शहर में सुरक्षा संवेदनशील इलाके में ड्रोन उड़ाने के आरोप में दो अमेरिकी पर्यटकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. फोर्ट कोच्चि स्थित तटरक्षक मुख्यालय (Coast Guard Headquarters) के पास ड्रोन उड़ाते हुए दोनों पर्यटक पकड़े गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उपकरण भी जब्त कर लिया. यह इलाका 'रेड जोन' घोषित है, जहां किसी भी तरह का ड्रोन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है.

सुरक्षित क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह की है, जब फोर्ट कोच्चि स्थित तटरक्षक मुख्यालय के पास दो अमेरिकी नागरिक केटी मिशेल फेल्प्स (32) और क्रिस्टोफर रॉस हार्वे (35) ड्रोन से वीडियो बनाते हुए देखे गए. दोनों कैलिफोर्निया के रहने वाले हैं और पर्यटक के रूप में कोच्चि पहुंचे थे. जैसे ही ड्रोन उड़ता दिखाई दिया, पर्यटन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को रोक लिया.

रेड जोन में ड्रोन पूरी तरह प्रतिबंधित

फोर्ट कोच्चि उन क्षेत्रों में आता है, जिन्हें सुरक्षा कारणों से ‘रेड जोन' घोषित किया गया है. यहां ड्रोन उड़ाना नियमों के तहत पूरी तरह से मना है, क्योंकि आसपास नौसेना और तटरक्षक बल के महत्वपूर्ण ठिकाने मौजूद हैं. पुलिस के अनुसार, पर्यटकों के पास इस क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की कोई अनुमति नहीं थी.

ड्रोन और लैपटॉप जब्त  

पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों से एक ड्रोन और एक लैपटॉप जब्त कर लिया. उनसे पूछताछ की गई और यह पता लगाया गया कि ड्रोन उड़ाने का उद्देश्य क्या था. फिलहाल दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

Advertisement

नोटिस देने के बाद रिहाई

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल दोनों पर्यटकों को नोटिस देकर रिहा कर दिया गया है. उन्हें जांच के आगे बढ़ने पर पुलिस के सामने दोबारा पेश होना होगा. फिलहाल मामला जांच के अधीन है और सुरक्षा एजेंसियां भी इस घटना की गंभीरता से समीक्षा कर रही हैं.
 

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: अमेरिका-इज़रायल ने की बमबारी, दहल गया ईरान का परमाणु क़िला | Israel Attacks Iran