- केदारनाथ धाम में स्थित मोदी ध्यान गुफा की सभी बुकिंग मई 2026 तक पहले ही पूरी हो चुकी है.
- मोदी ध्यान गुफा का संचालन अब बद्रीनाथ‑केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के जिम्मे सौंपा गया है.
- गुफा में एक रात ध्यान-साधना के लिए श्रद्धालुओं को करीब ग्यारह हजार रुपये चुकाने होंगे.
केदारनाथ धाम में स्थित 'मोदी ध्यान गुफा' का क्रेज तेजी से बढ़ता जा रहा है. हालात यह हैं कि मई 2026 तक की सभी बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी हैं. इतना ही नहीं, साल 2027 के लिए भी इस गुफा की बुकिंग कराई जा चुकी है. अब इस प्रसिद्ध गुफा का संचालन और प्रबंधन बद्रीनाथ‑केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पास आ चुका है.
जानकारी के मुताबिक, मोदी ध्यान गुफा में एक रात ध्यान-साधना के लिए श्रद्धालुओं को करीब ₹11,000 चुकाने होंगे. साल 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने केदारनाथ से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर, 12,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित एक गुफा में करीब 17 घंटे तक साधना की थी. यह गुफा रुद्र ध्यान गुफा के नाम से भी जानी जाती है, जिसे बाद में ‘मोदी ध्यान गुफा' के रूप में पहचान मिली.
गुफा में क्या-क्या सुविधाएं हैं ?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2019 की एक तस्वीर भी सामने आई थी, जिसमें वह गुफा के भीतर ध्यान करते नजर आए थे. पहाड़ को काटकर बनाई गई यह गुफा 12,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और इसकी लंबाई व चौड़ाई लगभग तीन‑तीन मीटर है. केदारनाथ धाम की पहाड़ियों पर, मंदाकिनी नदी के पार स्थित इस गुफा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अटैच्ड टॉयलेट, हीटर, बिजली, टेलीफोन और आपातकालीन घंटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. अब तक इस गुफा का प्रबंधन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) कर रहा था, लेकिन अब यह जिम्मेदारी श्री बदरीनाथ‑केदारनाथ मंदिर समिति को सौंप दी गई है.
शुरुआत में इस गुफा का किराया ₹999 रखा गया था
गढ़वाल मंडल विकास निगम को इस गुफा से एक सीजन में करीब ढाई से तीन लाख रुपये तक की आय होती थी. शुरुआत में इस गुफा का किराया ₹999 रखा गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर ₹1,500 किया गया. इसके बाद, श्रद्धालुओं में बढ़ते आकर्षण को देखते हुए एक रात का किराया ₹3,300 कर दिया गया. अब बीकेटीसी के संचालन में आने के बाद मोदी ध्यान गुफा में एक रात ध्यान करने के लिए श्रद्धालुओं को करीब ₹11,000 का भुगतान करना होगा.
ये भी पढ़ें : पीएम मोदी से मिले बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी, राज्य में जल्द हो सकता है कैबिनेट विस्तार













