अदाणी सीमेंट्स व अदाणी पोर्ट्स एंड SEZ लिमिटेड के एमडी करण अदाणी को ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (AIMA) की तरफ से आयोजित मैनेजिंग इंडिया अवॉर्ड्स-2026 में बिजनेस लीडर ऑफ द ईयर के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए.
ग्रुप कर्मचारियों को समर्पित किया अवॉर्ड
करण अदाणी को नई दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित AIMA के प्लेटिनम जुबली समारोह के दौरान यह पुरस्कार प्रदान किया गया. उन्होंने इस उपलब्धि को अदाणी ग्रुप के लाखों कर्मचारियों को समर्पित करते हुए कहा कि मैं यह पुरस्कार पाकर बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं. मैं इसे अदाणी ग्रुप के उन कर्मचारियों को समर्पित करता हूं जो दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं. असल में यह अवॉर्ड उन्हीं का है.
पिता से रोज कुछ नया सीखता हूंः करण अदाणी
करण अदाणी ने कहा कि वह अपने पिता गौतम अदाणी से हर दिन कुछ नया सीखते हैं. अपनी मां से उन्होंने ईमानदारी और करुणा सीखी है. उन्होंने अपने संबोधन में परिवार के सपोर्ट के लिए भी आभार जताया और कहा कि मैं अपने तीनों भाइयों का भी शुक्रिया अदा करता हूं जिनके साथ मिलकर हम अपने पिता की विरासत को आगे ले जाएंगे. उन्होंने अपनी पत्नी और बेटी को भी धन्यवाद दिया और कहा कि वो हर दिन उन्हें एक बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित करती हैं.
कार्यक्रमों में दिग्गजों ने किया मंथन
इस कार्यक्रम में उद्योग जगत के कई दिग्गज, नीति निर्माता और विजनरी लीडर शामिल हुए और भारत की आर्थिक तरक्की की रफ्तार कायम रखने और चुनौतियों से निपटने पर मंथन किया. किर्लोस्कर ब्रदर्स लिमिटेड के सीएमडी संजय किर्लोस्कर ने करण अदाणी के प्रशस्ति पत्र का पाठ किया.
AIMA मैनेजिंग इंडिया अवॉर्ड्स के बारे में बताएं तो 2010 में शुरू हुए ये पुरस्कार हर वर्ष व्यापार, मीडिया, कला एवं सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली हस्तियों को प्रदान किए जाते हैं. इस साल भी विभिन्न श्रेणियों में कई हस्तियों को पुरस्कृत किया गया.
इन हस्तियों को मिले अवॉर्ड
आंत्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर - रोपेन ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्रा.लि. (रैपिडो) के सह-संस्थापक व सीईओ अरविंद सांका, सह-संस्थापक पवन गुंटुपल्ली और सह-संस्थापक एसआर ऋषिकेश को प्रदान किया गया.
डायरेक्टर ऑफ द ईयर - यह अवॉर्ड सैयारा फिल्म के निर्देशक मोहित सूरी के नाम रहा.
आउटस्टैंडिंग कंट्रीब्यूशन टू जर्नलिज्म अवॉर्ड - एनडीटीवी के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल को प्रदान किया गया.
आउटस्टैंडिंग पीएसयू ऑफ द ईयर - कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड को मिला, जिसे निदेशक (ऑपरेशंस) हरिकृष्णन एस. ने प्राप्त किया.
ट्रांसफॉर्मेशनल बिजनेस लीडर ऑफ द ईयर - इस पुरस्कार के लिए IDFC फर्स्ट बैंक के एमडी व सीईओ वी. वैद्यनाथन को चुना गया.
यंग बिजनेस लीडर ऑफ द ईयर - स्वतंत्र माइक्रोफिन की संस्थापक, बिरला कॉस्मेटिक्स की एमडी और आदित्य बिड़ला मैनेजमेंट कॉरपोरेशन की डायरेक्टर अनन्या बिरला को यह पुरस्कार मिला.
AIMA एक्सीलेंस अवॉर्ड - हीरो एंटरप्राइज के चेयरमैन सुनील कांत मुंजाल को यह पुरस्कार प्रदान किया गया.
MNC इन इंडिया ऑफ द ईयर - ये पुरस्कार माइक्रोन टेक्नोलॉजी को मिला, जिसे कंपनी के चेयरमैन व सीईओ संजय मेहरोत्रा ने प्राप्त किया.
इंडियन एमएनसी ऑफ द ईयर - मदरसन ग्रुप की तरफ से ये सम्मान चेयरमैन विवेक चांद सहगल ने लिया.
लाइफटाइम कंट्रीब्यूशन टू मीडिया - यह अवॉर्ड बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड के एमडी विनीत जैन को प्रदान किया गया.
लाइफटाइम कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड - मैरिको लिमिटेड के चेयरमैन हर्ष मारीवाला को इस पुरस्कार से नवाजा गया.
बिजनेस लीडर ऑफ द डिकेड - इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को चुना गया.
देखें- AI इंसानों की जगह नहीं लेगा बल्कि कार्यक्षमता बढ़ाएगा, करण अदाणी ने बताया- कैसे लाएगा बदलाव
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)














