- लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने कहा कि भारत अब पाकिस्तान की परमाणु धमकी से नहीं डरता
- ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के सभी आतंकवादी ठिकानों और मिलिट्री बेसों को निशाना बनाया
- जनरल कटियार ने बताया कि पाकिस्तान की परमाणु धमकियां महज उसकी कमजोरियों का संकेत है
वेस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने साफ कहा कि भारत अब पाकिस्तान की “परमाणु धमकी” से नहीं डरता. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगली बार भारत की प्रतिक्रिया पहले से भी ज्यादा खतरनाक और निर्णायक होगी. पठानकोट में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारतीय सेना अब सिर्फ बदले की कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका मकसद होगा जमीन पर निर्णायक जीत.
इस बार वार और भी कड़ा होगा
जनरल कटियार ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान के सभी आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया था. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में हमने उनके सभी आतंकी बेस को निशाना बनाया. उसके बाद उनकी तरफ से जवाबी कार्रवाई हुई और हमने उनके मिलिट्री बेस और एयरबेस नष्ट किए. इसके बाद वही हमसे नहीं, बल्कि दूसरे देशों के जरिए सीजफायर की गुहार लगाने लगे. वे लड़ ही नहीं सकते.” उन्होंने दो टूक कहा, “अगली बार जवाब और भी सख़्त होगा. खतरा अभी टला नहीं है, और इस बार दुश्मन को पहले से ज्यादा बड़ा झटका लगेगा.”
ये भी पढ़ें : रिटायरमेंट के बाद अब रेलवे में चमकेंगे अग्निवीर और आर्मी के जवान, मिलेगा रोजगार
“न्यूक्लियर धमकियां सिर्फ कमजोरियों का संकेत” — GOC
पाकिस्तान की तरफ से बार-बार दी जाने वाली परमाणु हमले की चेतावनी पर लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने कहा कि यह सिर्फ एक कमजोरी है. उन्होंने पाकिस्तान के नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा, “वह चाहते हैं कि हम कोई कड़ा कदम न उठाएं. यह सिर्फ एक ब्लफ है, जिसे हमें पहचानना होगा. हम इस न्यूक्लियर ब्लफ से डरने वाले नहीं हैं.”
“इस बार सिर्फ आतंकी ठिकाने नहीं, जीत ऐसी होगी कि दुनिया देखेगी”
लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान ने फिर किसी तरह का कोई भी दुस्साहस किया, तो भारतीय सेना की कार्रवाई पहले से अधिक व्यापक होगी. “इस बार कार्रवाई सिर्फ आतंकी कैंप या एयरबेस तक सीमित नहीं रहेगी. जीत ऐसी होगी कि वे दुनिया के सामने घुटने टेकने पर मजबूर होंगे.”
ये भी पढ़ें : ऑपरेशन सिंदूर की दहाड़ से कांप उठे थे शहबाज! तभी तो ट्रंप से बोले- जंग रुकवाओ वरना 3.5 करोड़ लोग मारे जाएंगे
वीर जवानों और तकनीकी क्षमताओं को दी सराहना
सेरेमनी के दौरान उन्होंने उन यूनिट्स को सम्मानित किया जिन्होंने बीते वर्ष में, विशेषकर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, असाधारण प्रदर्शन किया. जनरल कटियार ने ड्रोन टेक्नोलॉजी, आत्मनिर्भरता और 100% उपकरण तत्परता पर जोर दिया. साथ ही कहा कि चाहे तकनीक कितनी भी उन्नत क्यों न हो, भारतीय जवान ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सैनिक का साहस किसी के सामने नहीं झुकता.
ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को पड़ी बुरी मार
अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. इसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर में स्थित, लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज्बुल मुजाहिदीन के
9 बड़े लॉन्चपैड्स को सटीक हमलों से निशाना बनाया गया था. इसके जवाब में पाकिस्तान ने 7, 8 और 9 मई 2025 की रातों में कई ड्रोन और मिसाइल हमले भारत के शहरों पर किए थे.














