2027 का 'सेमीफाइनल' जीती BJP, मंडी, धर्मशाला और सोलन में जयराम-सुधीर की आंधी; सुक्खू सरकार के लिए खतरे की घंटी

फिलहाल नगर निगम चुनावों ने हिमाचल की राजनीति में एक नई बहस शुरू कर दी है. भाजपा इसे सत्ता परिवर्तन की भूमिका मान रही है, जबकि कांग्रेस इसे स्थानीय चुनावों तक सीमित बताने की कोशिश कर रही है. लेकिन इतना तय है कि इन नतीजों ने 2027 विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात पर कई नए मोहरे सक्रिय कर दिए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
हिमाचल के नगर निगम चुनाव में नेताओं की परीक्षा: जयराम, सुधीर और बिंदल बने विजेता, सुक्खू सरकार को मिला चेतावनी संदेश
PTI

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों के नतीजे (Himachal Municipal Corporation Election Results 2026) केवल स्थानीय निकायों की सत्ता परिवर्तन की कहानी नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की राजनीति में प्रभावशाली नेताओं की ताकत, संगठन की पकड़ और 2027 विधानसभा चुनाव की संभावित दिशा का भी संकेत दे रहे हैं. चार नगर निगमों में से तीन (मंडी, धर्मशाला और सोलन) में भाजपा (BJP) की जीत ने सुक्खू सरकार के लिए गंभीर राजनीतिक संदेश दिया है, जबकि पालमपुर ने कांग्रेस (Congress) को कुछ राहत जरूर दी है.

इन चुनावों में सबसे बड़ा सवाल यह था कि आखिर किस नेता का प्रभाव अपने क्षेत्र में कायम है और कौन अपने राजनीतिक गढ़ को बचाने में सफल रहा? नतीजों ने कई नेताओं की राजनीतिक हैसियत को मजबूत किया तो कुछ दिग्गजों के सामने असहज सवाल भी खड़े कर दिए.

जयराम ठाकुर: मंडी में बरकरार है पूर्व मुख्यमंत्री का एकछत्र राज

नगर निगम चुनावों के सबसे बड़े राजनीतिक विजेता पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) बनकर उभरे हैं. मंडी नगर निगम में भाजपा ने 14 में से 12 वार्ड जीतकर कांग्रेस को लगभग साफ कर दिया है. कांग्रेस सिर्फ एक वार्ड तक सिमट गई, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है.

मंडी, जयराम ठाकुर का गृह जिला है और यह चुनाव उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता की बड़ी परीक्षा माना जा रहा था. राज्य में कांग्रेस सरकार होने के बावजूद भाजपा का एकतरफा प्रदर्शन यह संकेत देता है कि मंडी में जयराम ठाकुर की पकड़ आज भी मजबूत बनी हुई है.

Advertisement

2022 विधानसभा चुनाव के बाद यह दूसरा बड़ा अवसर है जब जयराम ठाकुर ने साबित किया है कि मंडी क्षेत्र में भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा वही हैं. भाजपा के भीतर भी इन नतीजों ने उनके नेतृत्व को और मजबूत किया है.

सुधीर शर्मा: धर्मशाला में जीत ने बनाया कांगड़ा का मजबूत चेहरा

धर्मशाला नगर निगम चुनाव भाजपा विधायक सुधीर शर्मा (Sudhir Sharma) के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा था. कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद यह पहला बड़ा स्थानीय चुनाव था, जिसमें उनकी राजनीतिक पकड़ की परीक्षा होनी थी.

Advertisement

धर्मशाला में भाजपा ने 17 में से 11 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. कांग्रेस पांच सीटों पर सिमट गई, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई.

यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि सुधीर शर्मा की व्यक्तिगत राजनीतिक सफलता भी मानी जा रही है. कांगड़ा जिले की राजनीति में उनकी स्थिति पहले से अधिक मजबूत हुई है और पार्टी के भीतर उनका कद बढ़ा है. भाजपा अब उन्हें भविष्य में कांगड़ा क्षेत्र के प्रमुख चेहरों में से एक के रूप में पेश कर सकती है.

राजीव बिंदल: सोलन की जीत ने बढ़ाया संगठनात्मक कद

सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत का सबसे बड़ा राजनीतिक लाभ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल (Rajeev Bindal) को मिला है. सोलन क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ पहले से रही है और नगर निगम चुनावों के नतीजों ने इसे फिर साबित कर दिया.

17 वार्डों वाले सोलन नगर निगम में भाजपा ने 10 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस छह सीटों पर सिमट गई. एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती.

Advertisement

भाजपा संगठन के लिए यह जीत महत्वपूर्ण इसलिए भी है क्योंकि इससे यह संदेश गया है कि पार्टी का कैडर और संगठन दोनों स्तरों पर सक्रिय और प्रभावी है. प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राजीव बिंदल की राजनीतिक स्थिति इन परिणामों के बाद और मजबूत हुई है.

धनीराम शांडिल: अपने ही गढ़ में कांग्रेस को झटका

सोलन के नतीजे कांग्रेस सरकार के वरिष्ठ मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल (Dhani Ram Shandil) के लिए भी चिंता का विषय हैं. शांडिल सोलन से कांग्रेस विधायक हैं और उनका क्षेत्र कांग्रेस का मजबूत आधार माना जाता रहा है.

Advertisement

ऐसे में उनके प्रभाव वाले क्षेत्र में कांग्रेस का नगर निगम गंवाना विपक्ष को सरकार पर हमला करने का बड़ा मौका दे रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम स्थानीय स्तर पर सरकार के प्रति असंतोष और संगठनात्मक कमजोरी दोनों की ओर संकेत करता है.

कौल सिंह ठाकुर: मंडी की हार ने बढ़ाई मुश्किलें

मंडी की हार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर (Kaul Singh Thakur) के लिए भी बड़ा झटका मानी जा रही है. टिकट वितरण और स्थानीय चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका चर्चा में रही.

मंडी में कांग्रेस का लगभग पूरी तरह साफ हो जाना पार्टी के भीतर भी सवाल खड़े कर रहा है. राजनीतिक गलियारों में इस हार को कांग्रेस नेतृत्व और स्थानीय रणनीति की विफलता के रूप में देखा जा रहा है.

आशीष बुटेल: पालमपुर में बचाई कांग्रेस की डूबती साख

जहां पूरे प्रदेश में कांग्रेस को निराशा हाथ लगी, वहीं पालमपुर से राहत की खबर आई. 15 वार्डों वाले पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस ने 11 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह जीत काफी हद तक स्थानीय विधायक आशीष बुटेल (Ashish Butail) के व्यक्तिगत प्रभाव और मजबूत जमीनी संगठन का परिणाम है. जिस समय कांग्रेस अन्य नगर निगमों में संघर्ष कर रही थी, उस समय पालमपुर में मिली जीत ने पार्टी को राजनीतिक संबल प्रदान किया.

सुक्खू सरकार के लिए क्या संदेश?

नगर निगम चुनावों के परिणाम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के लिए राजनीतिक चेतावनी के रूप में देखे जा रहे हैं. हालांकि कांग्रेस पंचायत चुनावों (HP Panchayat Election 2026) में बेहतर प्रदर्शन का दावा कर रही है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में भाजपा की बढ़त सरकार के लिए चिंता का विषय है.

इन परिणामों से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि कांग्रेस को शहरी मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने, संगठनात्मक खामियों को दूर करने और सरकार की उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता है.

2027 की तस्वीर क्या कहती है?

यदि इन चुनावों को 2027 विधानसभा चुनाव का प्रारंभिक संकेत माना जाए तो भाजपा के लिए सबसे सकारात्मक संदेश यह है कि उसके क्षेत्रीय चेहरे मजबूत होकर उभरे हैं. मंडी में जयराम ठाकुर, कांगड़ा में सुधीर शर्मा और संगठन स्तर पर राजीव बिंदल की स्थिति मजबूत हुई है.

दूसरी ओर कांग्रेस के लिए यह परिणाम बताता है कि केवल सत्ता में होना पर्याप्त नहीं है। स्थानीय नेतृत्व, संगठन और जनविश्वास को बनाए रखना उतना ही महत्वपूर्ण है.

ये भी पढ़ें:- हिमाचल नगर निगम चुनाव में बीजेपी का बड़ा उलटफेर, 4 में से 3 निगम जीते, कांग्रेस को दिया तगड़ा झटका

Featured Video Of The Day
टारगेट पर क्यों हैं TMC के सांसद? अब ममता करेंगी हल्ला बोल!