- अप्रैल के अंत में देश के कई राज्यों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है.
- ओडिशा के बोलांगीर जिले का टिटलागढ़ 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान बना हुआ है.
- महाराष्ट्र के वर्धा और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.
अप्रैल के जाते-जाते सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं और अब भीषण गर्मी लोगों को डराने लगी है. आलम यह है कि देश के कई राज्यों में पारा 40°C के पार पहुंच चुका है, जिससे दोपहर के समय सड़कें सूनी होने लगी हैं. लू के थपेड़ों और बढ़ते तापमान ने अभी से ही मई-जून जैसी तपिश का अहसास कराना शुरू कर दिया है.
ओडिशा में शनिवार को भीषण गर्मी का प्रकोप रहा और करीब 15 स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. मौसम विभाग के मुताबिक बोलांगीर जिले का टिटलागढ़ 42.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, इसके बाद झारसुगुड़ा में 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. विभाग के अनुसार भवानीपटना में 42 डिग्री सेल्सियस, जबकि संबलपुर और नुआपड़ा में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. विभाग के अनुसार इसी प्रकार हीराकुड में 41.4 डिग्री सेल्सियस, बोलांगीर और तालचर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
महाराष्ट्र के वर्धा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को देश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और महाराष्ट्र के वर्धा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. उत्तर प्रदेश के बांदा, प्रयागराज, झांसी, वाराणसी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में भी पारा 43 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया. मध्य प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, राजस्थान और विदर्भ क्षेत्र में भी तेज गर्मी का असर दिखा. कई इलाकों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक रहा, जिससे लू चलने की स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त सावधानी बरतने की सलाह दी है.
तापमान चित्तौड़गढ़ में 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया
वहीं, राजस्थान में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है जहां शनिवार को कई जगह दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. भारत आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार शनिवार दिन में चूरू राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसी तरह यह बाड़मेर और कोटा में 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा. टोंक के वनस्थली में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि अलवर में 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
20 और 21 अप्रैल को लू चलने की प्रबल संभावना
भारत मौसम विभाग के मुताबिक इस सप्ताह भारत के पूर्वी तट पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 18 से 20 अप्रैल तक, पूर्वी राजस्थान और ओडिशा में 19 से 22 अप्रैल तक, पश्चिमी राजस्थान में 21 और 22 अप्रैल को, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 18 और 19 अप्रैल को, और झारखंड में 20 और 21 अप्रैल को लू चलने की प्रबल संभावना है.
अगले एक हफ्ते के दौरान 18 से 24 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, जबकि 18 से 21 अप्रैल के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान, विदर्भ के अधिकांश हिस्सों और मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम/दिन का तापमान 40℃-44℃ के बीच रहा. पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में उच्चतम अधिकतम तापमान 36℃-40℃ की सीमा में था. सबसे अधिक गर्मी उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रिकॉर्ड की गयी, जहां अधिकतम तापमान 45.4°C दर्ज किया गया.
हालांकि, भारत मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 21 तारीख के दौरान अरुणाचल प्रदेश में, 19 और 21 तारीख को असम और मेघालय में, और 19 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बिजली और गरज के साथ छिटपुट भारी वर्षा की बहुत संभावना है.
ये भी पढ़ें : दिल्ली-NCR में अब खूब सताएगी गर्मी, IMD ने 7 राज्यों में लू का जारी किया अलर्ट, बारिश के बारे में भी बताया













