लोगों को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने से रोक रही है हरियाणा पुलिस: कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा चरण के दूसरे दिन गुरुवार को नूंह जिले के मलाब गांव से फिर से शुरू हुई. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बुधवार को राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई थी.

विज्ञापन
Read Time: 16 mins
राहुल गांधी 7 सितंबर से भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं.
नूंह:

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने गुरुवार को आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने लोगों को यहां ‘भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल होने से रोकने की कोशिश की. उन्होंने उस गांव में बिजली नहीं होने का भी दावा किया, जहां एक दिन पहले यात्रा में शामिल लोगों ने विश्राम किया था.

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने रमेश के साथ मिलकर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. हुड्डा ने सरकारी कर्मचारियों को चेतावनी दी कि वे ‘‘राजनीतिक रूप से प्रेरित कृत्य'' नहीं करें.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा' हरियाणा चरण के दूसरे दिन गुरुवार को नूंह जिले के मलाब गांव से फिर से शुरू हुई. ‘भारत जोड़ो यात्रा' बुधवार को राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई थी. कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी रमेश ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि हरियाणा पुलिस ने लोगों को गुरुवार सुबह यात्रा में शामिल होने से रोकने की कोशिश की.

उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर अवरोधक लगाए गए और लोगों से कहा गया कि उनके पास यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं है. राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल रमेश ने दावा किया कि नूंह के उस भादस गांव में बिजली नहीं थी , जहां यात्रा में शामिल लोगों ने विश्राम किया था.

Advertisement

रमेश ने कहा कि उन्हें बताया गया कि बुधवार को पूरे दिन बिजली नहीं आई जबकि इससे पहले दिन बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं था. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह प्रतिशोध की राजनीति लगती है. भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सरकार हरियाणा में बौखलाई हुई है.''

उन्होंने कहा कि यात्रा अगले महीने हरियाणा में अपने अगले चरण में पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला और अन्य स्थानों से होकर गुजरेगी और फिर भाजपा सरकार इसके लिए समस्या पैदा करने के नए तरीके खोजेगी. उन्होंने कहा, ‘‘कल जो हुआ वह गलत था। यदि आप प्रतिशोध की राजनीति करना चाहते हैं, तो कांग्रेस के खिलाफ करें. आपने केवल यात्रा का स्वागत करने के लिए बिजली काट कर ग्रामीणों के खिलाफ ऐसा क्यों किया?''

Advertisement

हुड्डा ने बिजली कटौती को लेकर भाजपा-जजपा (जननायक जनता पार्टी) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर सरकार ने यात्रा के कारण बिजली काट दी तो उसे पूरे हरियाणा में बिजली काटनी होगी क्योंकि पूरा राज्य अब इससे जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि पुलिस का कर्तव्य कानून व्यवस्था बनाए रखना है, न कि किसी को रोकना.

उन्होंने उन्हें चेतावनी देते कहा कि पुलिस अधिकारी राजनीति से प्रेरित कृत्य में लिप्त न हों, सरकारें तो आती-जाती रहती हैं.

ये भी पढ़ें:-

राजस्थान: अपने फैसले से ही पलटी बीजेपी, रद्द करने के बाद फिर शुरू कर दी 'जन आक्रोश यात्रा'

''क्रोनोलॉजी समझिए...'' : कोविड के हालात पर पीएम मोदी की बैठक को लेकर कांग्रेस का कटाक्ष

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | Iran Israel War: क्या US नाटो से बाहर निकल जाएगा? | Mic On Hai | NATO | Trump
Topics mentioned in this article