- गुजरात के सूरत में डिंडोली इलाके के स्वामिनारायण मंदिर परिसर के बाथरूम से दो छात्राओं के शव मिले हैं
- मृतक छात्राओं की पहचान रोशनी शिरसाठ और ज्योत्सना चौधरी के रूप में हुई है, जो कॉलेज जाने के लिए निकली थीं
- पुलिस ने मोबाइल फोन लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर मंदिर परिसर में दोनों की स्कूटी और शव बरामद किए
सुसाइड से पहले AI पर सर्च किया ‘How to Commit Suicide' और कर लिया सुसाइड... गुजरात में सूरत के डबल सुसाइड की मिस्ट्री की परतें खुलती हुई नजर आ रही हैं. सूरत शहर के डिंडोली इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है. सणिया गांव स्थित स्वामिनारायण मंदिर परिसर के बाथरूम से दो छात्राओं के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में दोनों छात्राओं द्वारा जहरीली दवा लेकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है.
कॉलेज जाने के लिए निकलीं, लेकिन घर नहीं लौटीं
मृतक छात्राओं की पहचान रोशनी शिरसाठ और ज्योत्सना चौधरी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं 6 मार्च 2026 की सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटीं. इसके बाद चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की. जांच के दौरान 7 मार्च को सणिया गांव स्थित स्वामिनारायण मंदिर परिसर में दोनों की स्कूटी मिली. इसके बाद पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की.
मंदिर के बाथरूम में मिले लड़कियों के शव
पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों छात्राएं मंदिर के बाथरूम की ओर जा रही हैं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया गया था. काफी देर तक कोई हलचल न होने पर पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा, जहां दोनों छात्राएं मृत अवस्था में मिलीं. घटनास्थल से पुलिस को सिरिंज और जहरीली दवा की तीन बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे आत्महत्या की आशंका और मजबूत हो गई है.
ये भी पढ़ें :- शिक्षक सुसाइड केस: देवरिया की फरार BSA और क्लर्क पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित
AI से पूछा- कैसे करें सुसाइड
पुलिस जांच के दौरान यह सामने आया है कि दोनों छात्राओं ने आत्महत्या से पहले AI प्लेटफॉर्म पर 'How to Commit Suicide' सर्च किया था. पुलिस ने घटनास्थल से बरामद सिरिंज, दवा की बोतलों और दोनों छात्राओं के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. फिलहाल डिंडोली पुलिस ने इस मामले में अकस्मात मृत्यु (AD) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोनों छात्राओं ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगा. यह घटना पूरे इलाके के लिए बेहद दुखद और चिंताजनक है.
ये भी पढ़ें :- दिल्ली में एक ही परिवार के तीन लोगों ने किया सुसाइड, दो बेटियों की मौत, मां अस्पताल में भर्ती














