- गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों ने नौवीं मंजिल की बालकनी से कूदकर मंगलवार रात आत्महत्या कर ली थी
- बहनों को कथित तौर पर कोविड के बाद से ऑनलाइन कोरियन गेम की लत थी, पुलिस जांच कर रही है
- बहनों के पिता चेतन कुमार ने दो शादियां की हैं, दोनों पत्नियां सगी बहनें हैं और बच्चे साथ रहते हैं
Ghaziabad Triple Suicide Case: गाजियाबाद में मंगलवार देर रात नौवीं मंजिल में स्थित एक फ्लैट की बालकनी से कथित तौर पर कूदने से तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस एक ऑनलाइन कोरियन गेम की लत संबंधी पहलू की भी जांच कर रही है. इस बीच बड़ी खबर यह सामने आई है कि बच्चियों के पिता ने दो शादी की है. जो तीन बहनों ने खुदकुशी की है, उनमें दो बहनें दूसरी पत्नी की जबकि एक पहली की बेटी है. दोनो पत्नियां और बच्चे सब साथ रहते हैं.
गाजियाबाद में क्या हुआ?
पुलिस को मंगलवार, 3 फरवरी की देर रात करीब 2.15 बजे सूचना मिली कि साहिबाबाद इलाके में भारत सिटी सोसाइटी के एक टावर में नौवीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से तीन लड़कियों ने छलांग लगा दी है. सहायक पुलिस आयुक्त (शालीमार गार्डन) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि स्थानीय निवासी चेतन कुमार की तीनों लड़कियां - निशिका (16 साल), प्राची (14 साल) और पाखी (12 साल), नीचे जमीन पर गिरी थीं और बुरी तरह से घायल थीं. उन्हें एम्बुलेंस से लोनी के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पिता की हुई थी दो शादियां
मिली जानकारी के अनुसार बच्चियों के पिता चेतन कुमार ने दो शादी की है. दोनों पत्नियां सगी बहन हैं. पहली पत्नी से कोई बच्चा नहीं हो रहा था तो चेतन कुमार ने अपनी पत्नी की ही छोटी बहन यानी साली के साथ दूसरी शादी कर ली. दूसरी पत्नी से उसके तीन बच्चे हुए. इसी दौरान पहली पत्नी से भी दो बच्चे हो गए.
जो तीन बहनों ने खुदकुशी की है उनमें दो बहनें दूसरी पत्नी की जबकि एक पहली की बेटी है. दोनो पत्नियां और बच्चे सब साथ रहते हैं. जानकारी के मुताबिक पिछले दो सालों से तीनों बच्चियां स्कूल नही जाती थी.
रात के 2.15 बजे, तीन बहनें उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अपने नौवीं मंजिल के अपार्टमेंट से कूद गईं. वो अपने पीछे हाथ से लिखा एक नोट छोड़ गई हैं जिसमें लिखा था, "सॉरी पापा". साथ में एक पॉकेट डायरी भी छोड़ा है जिसमें कुल 08 पन्नों पर लिखा है. पुलिस के अनुसार बच्चियों ने इसमें अपने गेम और अन्य मोबाइल एक्टिविटी के बारे में लिखा है. उन्होंने लिखा कि वो गेम से बहुत प्यार करती थी. अंत मे सॉरी लिखा है,
मिली जानकारी के अनुसार गेम में बीच वाली बहन बॉस थी. तीनों खाना खाने से लेकर सारे काम एक साथ करती थी. खास बात है कि तीनों बच्चियों के पास मोबाइल नहीं था. वो पिता के मोबाइल का इस्तेमाल करती थी.













