- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर सिक्किम पहुंचे और राजधानी गंगटोक में युवाओं के साथ फुटबॉल खेला
- मोदी सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह में भाग लेंगे और विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे
- प्रधानमंत्री ने गंगटोक में रोड शो किया था जिसमें भारी जनसमूह ने उनकी एक झलक पाने के लिए भीड़ लगाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर सिक्किम में हैं. मंगलवार को पीएम मोदी सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह में शामिल होंगे. इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह-सुबह राजधानी गंगटोक में युवाओं के साथ फुटबॉल खेला. युवाओं के साथ फुटबॉल खेलने की पीएम मोदी ने कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं.
पीएम मोदी ने एक पोस्ट में लिखा, 'गंगटोक की एक प्यारी सुबह, सिक्किम में अपने नन्हे दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने का मजा ही कुछ और है!'
अपनी दूसरी पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, 'जाहिर है, इन युवाओं के साथ फुटबॉल का एक जबरदस्त सेशन!'
आज क्या है पीएम मोदी का प्रोग्राम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार की शाम सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहुंचे थे. उन्होंने यहां एक रोड शो भी किया था. पीएम मोदी ने हेलीपैड से लोकभवन तक रोड शो किया था. प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी थी.
मंगलवार को मोदी गंगटोक स्थित ‘ऑर्किडेरियम' का दौरा करेंगे. राज्य की पारिस्थितिकी और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सिक्किम राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती पर एक विश्व स्तरीय ‘ऑर्किड अनुभव केंद्र' के रूप में ‘स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क' विकसित किया गया है.
पीएम मोदी मोदी पालजोर स्टेडियम में सिक्किम की स्थापना के 50 साल पूरे होने से जुड़े समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान पीएम मोदी 4 हजार करोड़ से ज्यादा की विकास योजनाओं का अनावरण भी करेंगे.
पिछले साल शामिल नहीं हो पाए थे पीएम
सिक्किम की स्थापना के 50 साल पिछले साल पूरे हुए थे. इस मौके पर कार्यक्रमों के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को शामिल होना था लेकिन खराब मौसम के कारण वह पहुंच नहीं पाए थे. हालांकि, उन्होंने पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभा को संबोधित किया था.
यह भी पढ़ेंः 'मां गंगा मुझे बुला रही हैं' के बाद 'मां काली मुझे ऊर्जा दे रही हैं'... PM मोदी की चिट्ठी का मर्म समझिए













