अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI की टॉप-10 मोस्टवॉन्टेड भगोड़ों की सूची में एक भारतीय नागरिक का नाम शामिल है. इस शख्स का नाम Bhadreshkumar Chetanbhai Patel है, जो अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद से फरार चल रहा है. FBI ने उसकी गिरफ्तारी या उसके बारे में ठोस जानकारी देने वाले को 10 लाख डॉलर (करीब 8 करोड़ रुपये) तक का इनाम देने की घोषणा की है. FBI के मुताबिक, भद्रेश कुमार चेतनभाई पटेल का जन्म 15 मई 1990 को भारत के गुजरात के कांत्रोड़ी, विरमगाम इलाके में हुआ था. वह बाद में अमेरिका चला गया और वहीं काम करने लगा। उस समय उसकी उम्र करीब 26 साल थी जब यह सनसनीखेज हत्या हुई.
यह घटना 12 अप्रैल 2015 की है। उस दिन आरोपी और उसकी पत्नी अमेरिका के Hanover, Maryland में एक डोनट शॉप में काम कर रहे थे. आरोप है कि काम के दौरान ही भद्रेश कुमार ने अपनी पत्नी पर किसी भारी वस्तु से कई बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद अमेरिका से फरार
जांच के मुताबिक हमला इतना खतरनाक था कि पत्नी को बचने का मौका तक नहीं मिला. हत्या के तुरंत बाद आरोपी वहां से भाग निकला। बाद में पता चला कि वह आखिरी बार Newark, New Jersey इलाके में देखा गया था। इसके बाद से वह लगातार फरार है और कई सालों से उसकी तलाश जारी है.
गंभीर आरोपों में वारंट जारी
अमेरिका के Maryland राज्य की अदालत ने आरोपी के खिलाफ कई गंभीर आरोपों में वारंट जारी किया है. इनमें फर्स्ट डिग्री मर्डर, सेकेंड डिग्री मर्डर, फर्स्ट डिग्री असॉल्ट, सेकेंड डिग्री असॉल्ट खतरनाक हथियार से हमला, मुकदमे से बचने के लिए फरार होने का अपराध शामिल है.
FBI की वांटेड लिस्ट
इसके बाद आरोपी के खिलाफ फेडरल अरेस्ट वारंट भी जारी किया गया. FBI ने चेतावनी दी है कि भद्रेश कुमार को हथियारबंद और बेहद खतरनाक माना जा सकता है। इसलिए अगर कोई उसे देखे या उसके बारे में जानकारी हो तो तुरंत कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचना दे. FBI ने घोषणा की है कि आरोपी की गिरफ्तारी या उसके ठिकाने की पुख्ता जानकारी देने वाले को 10 लाख डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा.














