Exclusive: अखिलेश यादव की मुस्लिम नेताओं के साथ मीटिंग में इमरान मसूद पर उठे सवाल, सपा सुप्रीमो ने कह दी बड़ी बात

अखिलेश यादव ने कहा कि आप लोग अपना काम करें. पार्टी को मज़बूत करें. हमारा कांग्रेस से गठबंधन है. हमें मिल कर चुनाव लड़ना है. इमरान मसूद को लेकर हम कांग्रेस में बड़े नेताओं से बात कर लेंगे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
लखनऊ:

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को मुस्लिम नेताओं के साथ बैठक की. इसी बैठक में अखिलेश यादव ने एक बड़ी बात कही है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन था, है और रहेगा. हम हर हाल में कांग्रेस के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे. अल्पसंख्यक सभा की लखनऊ में हुई बैठक में सहारनपुर के नेताओं ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को लेकर अखिलेश से सवाल किया. इसे लेकर अखिलेश यादव ने उनकी शंका को दूर करने की कोशिश भी इस बैठक में की. 

मसूद को लेकर क्‍या बोल सहारनपुर के नेता?

  1. इमरान मसूद के समाजवादी पार्टी के खिलाफ बयान देने से माहौल खराब होता है.
  2. ⁠कांग्रेस नेतृत्व से बात कर उनकी बयानबाज़ी पर रोक लगाई जाए.
  3. इमरान मसूद कहते हैं कि समाजवादी पार्टी में मुसलमान दरी बिछाता है तो हम क्या करें और उन्‍हें कैसे जवाब दें. 

अखिलेश ने मुस्लिम नेताओं को दिया यह जवाब 

इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि आप लोग अपना काम करें. पार्टी को मज़बूत करें. हमारा कांग्रेस से गठबंधन है. हमें मिल कर चुनाव लड़ना है. इमरान मसूद को लेकर हम कांग्रेस में बड़े नेताओं से बात कर लेंगे. ये कोई बड़ा मामला नहीं है. आप सब गठबंधन को जिताने में जुटिए. विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सत्ता से हटाना है. 

सपा पर लगातार हमलावर हैं इमरान मसूद

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद इन दिनों लगातार समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे हैं. वे कहते रहे हैं कि यूपी में कांग्रेस को किसी बैसाखी की जरूरत नहीं है. सहारनपुर से कांग्रेस के सांसद ने कहा था कि समाजवादी पार्टी में मुस्लिम नेतृत्व को खत्म किया जा रहा है. इमरान मसूद ने ये भी कहा कि विधानसभा चुनाव में 80-17 वाला फॉर्मूला नहीं चलेगा. लोकसभा की 80 में से कांग्रेस को पिछली बार गठबंधन में सिर्फ 17 सीटें मिली थीं. मसूद का दावा है कि कांग्रेस 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. 

अखिलेश ने आजम खान का मुद्दा भी उठाया 

मुस्लिम नेताओं के साथ मीटिंग में अखिलेश यादव ने आजम खान और उनके परिवार का भी मुद्दा उठाया. अखिलेश ने कहा कि आजम साहब और उनके परिवार पर झूठे मुकदमे लगा कर उन्हें परेशान किया जा रहा है. उन्हें और उनके परिवार को जेल भेजा जा रहा है. आजम साहब के साथ पूरी पार्टी खड़ी है. 

Advertisement

आजम के समर्थक अखिलेश पर लगा रहे आरोप 

हाल के दिनों में आजम खान के समर्थकों ने कई बार अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर आजम का साथ छोड़ने के आरोप लगाते रहे हैं. जेल के अंदर से आजम की एक चिट्ठी भी आई थी. चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने भी अखिलेश यादव पर आजम के बुरे दिन में उन्हें छोड़ देने का आरोप लगाया है. 

Topics mentioned in this article