कहीं सफेद झाग, कहीं क्लीन घाट...छठ पर BJP और AAP ने दिखाईं अपनी-अपनी यमुना!

छठ पूजा के दौरान यमुना में कथित तौर पर दिखे सफेद झाग को लेकर दिल्ली में सियासत तेज हो गई है. AAP के आरोपों पर BJP ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले छठ पर रोक लगती थी, जबकि अब 1400 से ज्यादा घाटों पर भव्य आयोजन हो रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
चार दिवसीय छठ पूजा का सोमवार को समापन हुआ. (फोटो साभार- IANS)

लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान यमुना में कथित तौर दिखे सफेद झाग को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी के बीच तीखा सियासी घमासान छिड़ गया है. AAP द्वारा यमुना की सफाई को लेकर BJP सरकार पर सवाल उठाने के बाद सत्तारूढ़ BJP ने पलटवार करते हुए कहा कि AAP सरकार के समय यमुना घाटों पर छठ पूजा तक प्रतिबंधित कर दी गई थी, जबकि अब 1400 से ज्यादा घाटों पर भव्य आयोजन हो रहा है. BJP सांसद मनोज तिवारी और मंत्री कपिल मिश्रा ने विपक्ष पर श्रद्धा के पर्व पर राजनीति करने का आरोप लगाया है. विवाद की शुरुआत आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर यमुना में सफेद झाग की मोटी परतों के बीच खड़े श्रद्धालुओं के वीडियो साझा कर की थी. 

'दो साल पहले छठ पर रोक थी, आज लोग खुश हैं'

BJP सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि इस बार छठ पूजा के लिए बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं और श्रद्धालु व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं. उन्होंने कहा कि दो साल पहले हालात बिल्कुल अलग थे और यमुना घाटों पर छठ पूजा तक पर रोक लगा दी गई थी. तिवारी ने आरोप लगाया कि AAP और कांग्रेस कालिंदी कुंज घाट की तस्वीरों और वीडियो के जरिए "शर्मनाक राजनीति" कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि AAP शासन के दौरान लोग छठ मनाने के लिए परेशान रहते थे, जबकि आज लोग व्यवस्थाओं से खुश हैं.

'उन्होंने बैन लगाया, हमने रेड कारपेट बिछाया'

दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी AAP पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार श्रद्धालुओं के लिए पाबंदियां लगाती थी, जबकि मौजूदा सरकार ने छठ पर्व को भव्य रूप दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि AAP सरकार लोगों को रोकने का काम करती थी, जबकि भाजपा सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए रेड कारपेट बिछा दिया है. मिश्रा ने दावा किया कि दिल्ली में 1400 से अधिक घाटों पर भव्य छठ पूजा का आयोजन कराया गया.

Advertisement

AAP ने झाग वाले वीडियो किए शेयर

इससे पहले AAP ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो साझा किए, जिनमें श्रद्धालु सफेद झाग से ढकी यमुना में छठ पूजा करते नजर आ रहे हैं.पार्टी ने आरोप लगाया कि यमुना की सफाई के नाम पर सिर्फ दावे किए गए और जहरीली यमुना में पूजा करने को मजबूर श्रद्धालु सरकार की नाकामी का परिणाम भुगत रहे हैं. एक अन्य पोस्ट में AAP ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए यमुना की हालत पर सवाल उठाए. AAP की ओर X पर जारी पोस्ट में लिखा गया- यमुना की सफाई के नाम पर जो कुछ भी परोसा गया, वह सब सफेद झूठ था. आज जहरीली यमुना में छठ मनाने को मजबूर श्रद्धालु भाजपा की विफलता का खामियाजा भुगत रहे हैं. एक दूसरे पोस्ट में पार्टी ने लिखा- सफेद झाग से ढकी जहरीली यमुना और उसमें छठ मनाने को मजबूर श्रद्धालु! रेखा गुप्ता जी, क्या आपको थोड़ी भी शर्म आती है?

Advertisement

यमुना घाट पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

विवाद के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार सुबह ITO घाट पहुंचीं और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के कार्यक्रम में शामिल हुईं. इससे पहले उन्होंने नाव से यमुना घाटों का निरीक्षण भी किया था. रविवार को उन्होंने सोनिया विहार में संध्या अर्घ्य के दौरान भी पूजा-अर्चना की थी.  ITO घाट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने छठ महापर्व को श्रद्धा,भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न कराने का हरसंभव प्रयास किया है. उन्होंने कहा, "पूर्वांचल के सभी भाई-बहनों के लिए हमने पूरी कोशिश की है. अगर हमारी ओर से कोई कमी या गलती रह गई हो तो हमें क्षमा करें. अगली बार हम इससे भी बेहतर व्यवस्थाएं करने का प्रयास करेंगे." बता दें कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से हुई थी. 14 नवंबर को खरना के बाद श्रद्धालुओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा. सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने और पारण के साथ महापर्व का समापन हो गया.
ये भी पढ़ें: Chhath Puja: कैसी रही खेसारी लाल यादव की छठ, पंजाबी एक्ट्रेस ने की छठ पूजा, अक्षरा सिंह ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य- सितारों की छठ पूजा

Featured Video Of The Day
'कोई विदेशी बताएगा भारत का लोकतंत्र?' डिबेट में BJP का पलटवार!

Topics mentioned in this article
Delhi News
Delhi Chhath Puja
Yamuna Pollution
Manoj Tiwari

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं