दिल्‍ली में आज भी बारिश, यूपी-राजस्‍थान में आंधी... जानें-पहाड़ों पर आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

Delhi NCR Weather Update: दिल्‍ली, यूपी, हरियाणा, राजस्‍थान समेत देश के कई राज्यों में लू का दौर फिलहाल थमा हुआ है. मौसम विशेषज्ञों ने का कारण राजस्थान और मध्य पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी बारिश और मौसम की गतिविधियों को बताया है. IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक उत्‍तर भारत के राज्‍यों में मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
नई दिल्‍ली:

Weather Updates: दिल्‍ली एनसीआर में आज भी मौसम सुहावना बना हुआ है. आसमान में बादल छाए हुए हैं और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. इसके साथ चल रही ठंडी हवाओं ने चिलचिलाती धूप और लू से राहत दी है. मौसम विभाग की मानें तो दिल्‍ली एनसीआर में 3 जून तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है. हालांकि, बिहार में लू का दौर एक बार फिर शुरू होने का अनुमान है. 31 मई से 2 जून के दौरान गुजरात में छिटपुट भारी बारिश की संभावना है. राजस्‍थान में आज से धूल भरी आंधी का दौर शुरू होने की संभावना है, इस दौरान 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. उत्‍तराखंड और हिमाचल में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. 

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली के मौसम की बात करें, तो अगले तीन दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इस दिन अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकते हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक, 1 जून को सुबह के समय दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दोपहर में हवा की गति बढ़कर 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. वहीं शाम और रात के समय हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर हो जाएगा और गति करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. मौसम विभाग की मानें तो दिल्‍ली में आज कई इलाकों में हल्‍की बारिश होने का अनुमान है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा.  

पहाड़ों पर बारिश का दौर कुछ दिन बना रहेगा

हिमाचल और उत्‍तराखंड में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है. इसे लेकर केदारनाथ यात्रा भी अस्‍थायी रूप से रोक दी गई है. मौसम विभाग की मानें तो अगले 6 दिनों तक उत्‍तराखंड में बारिश का दौर बना रहेगा. 1, 5 और 6 जून को गरज के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है और इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम  में 1 से 6 जून तक, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 31 मई को, बिहार में 31 मई, 1 और 6 जून को, झारखंड में 31 मई से 6 जून तक, ओडिशा में 2 से 6 जून तक छिटपुट बारिश हो सकती है. इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बारिश हो सकती है. बिहार में 4 जून से लू का दौर फिर से शुरू होने का अनुमान है. हालांकि, देश के ज्‍यादातर हिस्‍सों में 6 जून तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.

यूपी में जारी रहेगा आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर 

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर और लंबा खिंच सकता है. मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.  कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है. यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश और आंधी का दौर चल रहा है. इससे कई जनहानि हुई हैं, कुछ स्थानों पर फसल भी प्रभावित हुई है.

Advertisement


मॉनसून कब आएगा? 

दक्षिण पश्चिम मॉनसून केरल की तरफ आगे बढ़ रहा है, और अगले 3-4 दिन के अंदर केरल तट से टकरा सकता है. भारत मौसम विभाग ने रविवार को जारी अपने फोरकास्ट रिपोर्ट में कहा,"अगले 3-4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप द्वीप समूह, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं." आम तौर पर मॉनसून सीजन 1 जून के आसपास शुरू होता है. लेकिन पिछले साल मानसून 1 जून, 2025 से 8 दिन पहले, 24 मई को ही केरल तट पर पहुंच गया था और मॉनसून ने औसत से 9 दिन पहले 29 जून को ही पूरे देश को कवर कर लिया था.

ये भी पढ़ें :- यूपी-बिहार में बिजली गिरने से कई लोग प्रभावित, बारिश के मौसम में बिजली गिरने का है डर,इन 3 बातों का रखें ध्यान

Advertisement

ये भी पढ़ें :-29 दिन में शिमला पहुंचीं 7.8 लाख गाड़ियां, जाम से बचने के लिए हिमाचल पुलिस ने बताया ये शानदार 'शॉर्टकट'

Featured Video Of The Day
IPS राजीव कृष्णा बने UP के स्थायी DGP, अब लगेगी अपराधा पर लगाम!