Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर की तपती गर्मी के बीच तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत आसपास के इलाकों में मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव की भविष्यवाणी की है और कहा है कि इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. उत्तर भारत के कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसका सीधा असर अब मैदानी इलाकों पर दिखने लगा है. दिल्ली में सुबह से ही बादलों की आवाजाही जारी है और हवाओं की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है. मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 24 से 48 घंटों के भीतर दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी.
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 और 30 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहेंगे. आज के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि एक और दो मई को मौसम साफ रहेगा. आंधी-बारिश के बीच छह दिन बाद पारा 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया. इस दौरान अधिकतम तापमान 39.2 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज हुआ.
Photo Credit: IMD
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में रात से ही तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे पारे में गिरावट दर्ज की गई है. 13 राज्यों, यूपी, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, असम, बिहार, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू, पंजाब, केरल, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय आदि में भारी बारिश का अलर्ट है.
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 29 अप्रैल 2026 को दिल्ली एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान 40-42 डिग्री से गिरकर 36-38 डिग्री तक आने की संभावना है.
Photo Credit: IMD
अगले सात दिनों तक दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली एनसीआर में अगले सात दिनों तक मौसम की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने कर दी है. 30 अप्रैल तक दिल्ली में गरज और हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं. हालांकि फिर आकाश साफ रहेगा. लेकिन मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले हफ्ते से तापमान भी बढ़ेगा, जिसके बाद गर्मी का सितम जारी रहेगा.
उत्तर-पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम के मिजाज?
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में अगले एक हफ्ते तक छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर तक हल्की से मध्यम वर्षा या बर्फबारी के साथ गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी राजस्थान में भी अगले एक हफ्ते तक छिटपुट से लेकर छिटपुट हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज, बिजली और तेज हवाएं चलेंगी.
28 और 29 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान और 29 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी आने की प्रबल संभावना है. 28 और 29 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज के साथ तेज हवाएं (50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से 70 किमी प्रति घंटा तक के झोंके) चलने की संभावना है. 29 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है.
यह भी पढ़ें: Rain Alert: आंधी, तूफान और बारिश, 4 दिन झमाझम बरसेंगे बदरा, दिल्ली, यूपी से लेकर पंजाब-हरियाणा तक बदला मौसम














