- सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल करने के निर्देश दिए हैं.
- तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन न करके दीपथून पर दीप जलाने से इनकार किया.
- विश्व हिंदू परिषद ने तमिलनाडु सरकार पर न्यायपालिका के आदेशों की अवहेलना करने का गंभीर आरोप लगाया.
सुप्रीम कोर्ट में दीपथून विवाद के मामले में तमिलनाडु सरकार के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल होगी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि याचिका दाखिल कीजिए फिर देखेंगे. कोर्ट में बुधवार को तिरुप्परनकुंद्रम स्थित दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने के मामले को मेंशन किया गया. सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील गुरु ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार ने जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया और दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया. वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने पीठ को बताया कि उन्हें घटनाक्रम से संबंधित स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी थी. उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश दीपथून पर दीप नहीं जलाया जा सका.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने की एक सुनियोजित कोशिश -वरिष्ठ वकील
इस पर वरिष्ठ वकील गुरु ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में कहा था कि निषेधाज्ञा लागू है और परंपराएं इसकी अनुमति नहीं देतीं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने की एक सुनियोजित कोशिश है. गुरु ने कहा कि दीपक की ज्योति ले जाकर दीपथून पर रखी जानी चाहिए थी. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार आखिरी समय तक हाईकोर्ट को यह भरोसा देती रही कि वह आदेश का पालन करेगी. इस दौरान वकील ने सुप्रीम कोर्ट से मामले में स्वतः संज्ञान लेकर अवमानना की कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया. गुरु ने कहा कि वे राज्य सरकार के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल करेंगे.इस पर जस्टिस कुमार ने कहा कि आप अवमानना याचिका दाखिल कीजिए, उसके बाद हम देखेंगे.
विश्व हिंदू परिषद ने लगाया आरोप
इस मामले पर विश्व हिंदू परिषद ने तमिलनाडु पर मदुरै के पास तिरुप्परनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम जलाने के मामले में विजय सरकार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश से खुद को ऊपर रखने का आरोप लगाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि इससे न्यायपालिका की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं. विहिप के प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि तमिलनाडु में जो कुछ हुआ, ठीक उसी का मुझे डर था, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अपनी सर्वोच्चता थोपी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में निषेधाज्ञा लगा दी और महिलाओं,बच्चों एवं बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालुओं को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया.बंसल ने कहा कि मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने भी प्रशासन को शीर्ष अदालत के आदेश को लागू करने और हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने का निर्देश दिया था. उन्होंने कहा कि आज मद्रास हाईकोर्ट ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि पुनर्विचार याचिका का लंबित होना किसी को भी उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने की छूट नहीं देता है. उन्होंने कहा कि हालांकि इन सबके बावजूद, शाम को दीपथून में अंततः दीप नहीं जलाया जा सका. उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती, निषेधाज्ञा, गिरफ्तारियों और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के खिलाफ की गई कार्रवाई ने स्थिति को और बिगाड़ दिया. शाम करीब छह बजे पुलिस की सुरक्षा में मंदिर द्वारा अधिकृत एक दल ने उचिपिल्लैयार मंदिर के पारंपरिक दीप प्रज्वलन मंडपम में पारंपरिक ज्योति जलाई, लेकिन अधिकारियों ने पहाड़ी की चोटी पर स्थित स्तंभ पर इसे नहीं जलाया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं