- कांग्रेस ने किसी भी सांसद को चुनाव में नहीं उतारने का निर्णय लिया है, हालांकि कई सांसद चुनाव लड़ना चाहते थे
- महत्वपूर्ण सीटों पर उम्मीदवार बदले गए हैं, जैसे पलक्कड़ से रमेश पिशारोदय को ताजा उम्मीदवार बनाया गया है
- केरल में कांग्रेस लगभग 95 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और नामांकन की अंतिम तिथि 23 मार्च है
केरलम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने 55 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी. 19 मौजूदा विधायकों की फिर से मौक़ा दिया गया है. सीएम पिनराई विजयन के सामने धर्मादम सीट से अब्दुल रशीद को उतारा गया है.बड़े चेहरों में वरिष्ठ नेता और सीडब्ल्यूसी सदस्य रमेश चेन्निथला हरिपद सीट से, विधानसभा में नेता विपक्ष वी.डी. सतीशन परवूर सीट से और केरल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ पेरावूर से सीट से लड़ेंगे.
कांग्रेस ने किसी भी सांसद को विधानसभा चुनाव में नहीं उतारने का फैसला किया है. हालांकि करीब आधा दर्जन सांसद विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं. पार्टी के इस फैसले से सहमति जताते हुए शशि थरूर कह चुके हैं कि ऐसा कोई नियम बनाने की बजाय पार्टी को जिताऊ उम्मीदवारों को मैदान में उतारना चाहिए.
बहरहाल, कांग्रेस की पहली सूची के अन्य चर्चित उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे और विधायक चांडी ओमन को पुथुप्पल्ली सीट से, एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष रोजी जॉन को अंगमाली से, पूर्व सांसद टीएन प्रतापन को मनलूर सीट से और रम्या हरिदास को चिरायींकीझु सीट से उतारा गया है.
आपको बता दें कि जिन सीटिंग सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवार बदला है उनमें सबसे अहम पलक्कड़ से रमेश पिशारोदय को उम्मीदवार बनाया गया है. इस सीट से विधायक राहुल ममकूटाथिल को यौन शोषण के गंभीर आरोप लगने के बाद में पार्टी से निलंबित किया जा चुका है. केरलम में कांग्रेस करीब 95 सीटों पर चुनाव लड़ती है. बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान भी अगले एक–दो दिनों में हो जाएगा. नामांकन की अंतिम तारीख 23 मार्च है. केरलम में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी. कांग्रेस दस सालों के बाद सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है जहाँ उसका मुक़ाबला सीपीएम से है.
यह भी पढ़ें: केरल विधानसभा चुनाव के लिए BJP प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी, जानें किसे कहां से मिला टिकट
यह भी पढ़ें: TMC, DMK, कांग्रेस- आने वाले विधानसभा चुनावों में विपक्षी दलों का सबकुछ दांव पर













