राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की घोषणा की. इसको लेकर 'आप' ने कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज कराई है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कुछ लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, लेकिन वे पंजाबी नहीं बल्कि पंजाब के गद्दार हैं.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भाजपा ने जानबूझकर पंजाब के खिलाफ नाराजगी पाल रखी और अब कुछ राज्यसभा सदस्यों को अपने पक्ष में कर पंजाबियों के साथ गद्दारी की है. भगवंत मान ने इसे वही “वॉशिंग मशीन” राजनीति बताया, जो शरद पवार, उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के मामलों में देखने को मिली है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पंजाब में जनता के बीच कोई आधार नहीं रखती, इसलिए वह जोड़‑तोड़ की राजनीति का सहारा ले रही है. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने वे काम किए हैं जो पहले कभी नहीं हो सके.300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों को दिन में 8 घंटे निर्बाध बिजली, पचवाड़ा कोल माइन का संचालन, निजी कंपनी से थर्मल प्लांट खरीदकर सरकारी नियंत्रण में लेना, 19 टोल प्लाजा बंद कर रोज़ाना करीब 70 लाख रुपये जनता के बचाना, 43 हजार किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण की शुरुआत, 65 हजार से अधिक नौकरियां देना और 13 अप्रैल को बेअदबी के खिलाफ ऐतिहासिक कानून पास करना.
घबराकर कुछ लोग पार्टी छोड़कर गए : मान
मान ने कहा कि इन कामों से घबराकर कुछ लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, लेकिन वे पंजाबी नहीं बल्कि पंजाब के गद्दार हैं, जिन्हें बिना जनता के सामने गए राज्यसभा की कुर्सियां मिलीं और फिर वे अपने राजनीतिक स्वार्थ में जुट गए. भगवंत मान ने यह भी कहा कि भाजपा दूसरों को तोड़कर बनाई गई पार्टी है, जिसने देश के कई राज्यों में सहयोगी दलों को कमजोर किया. उन्होंने दुष्यंत चौटाला और अन्य राजनीतिक उदाहरणों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा काम निकलने के बाद अपने लोगों को छोड़ देती है.
'भाजपा ईडी, एनआईए जैसी एजेंसियों के सहारे राजनीति करती है'
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ईडी, एनआईए जैसी एजेंसियों के सहारे राजनीति करती है, लेकिन पंजाब के तीन करोड़ लोग आम आदमी पार्टी और बदलाव के साथ खड़े हैं. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर ईडी छापा मारना चाहती है तो उनके घर आ जाए, क्योंकि अदालतें पहले ही कई मामलों में कह चुकी हैं कि केस बनते ही नहीं. मान ने कहा कि उन्हें खरीदा नहीं जा सकता और पंजाब के लोगों के प्यार की कोई कीमत नहीं होती. अंत में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी चट्टान की तरह मजबूत है- दो‑चार लोगों के जाने से पार्टी या सरकार पर कोई असर नहीं पड़ता.













