- महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर निर्धारित हेलीपैड की बजाय कार पार्किंग में उतर गया था
- हेलीकॉप्टर नासिक से पुणे के खानवडी में जिला परिषद स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए आ रहा था
- पायलट की गलती के कारण हेलीकॉप्टर स्कूल के पास पार्किंग क्षेत्र में उतरने से वहां भय का माहौल बन गया था
महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार में मंत्री छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर गलत जगह उतर गया. इस मामले में पायलट की लापरवाही भी सामने आ रही है. पायलट ने उनके हेलीकॉप्टर को हेलीपैड की जगह कार पार्किंग में उतार दिया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही है.
नासिक से पुणे आ रहे थे छगन भुजबल
जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर को निर्धारित हेलीपैड पर उतारने के बजाय पायलट ने उसे सीधे कार पार्किंग में लैंड करा दिया. यह घटना तब हुई जब छगन भुजबल नासिक से पुणे के खानवडी में एक जिला परिषद स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए जा रहे थे.
लैंडिंग के दौरान पायलट ने बड़ी चूक की और हेलीपैड की जगह स्कूल के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र में हेलीकॉप्टर उतार दिया. इस अचानक हुई लैंडिंग से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच डर का माहौल बन गया.
सीएम बोले- घटना की होगी जांच
मंत्री छगन भुजबल पूरी तरह सुरक्षित हैं लेकिन इसमें पायलट की लापरवाही सामने आई है. मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया कि इस पूरी घटना की जांच कराई जाएगी.
अजित पवार का प्लेन क्रैश में हो गया था निधन
छगन भुजबल जिस NCP पार्टी से आते हैं, उसी पार्टी के प्रमुख अजित पवार का निधन प्लेन क्रैश में हो गया था. अजित पवार का विमान 28 जनवरी को बारामती में क्रैश हो गया था. इस हादसे में अजित पवार के साथ-साथ 5 लोगों का निधन हो गया था. उनके विमान ने मुंबई से उड़ान भरी थी और बारामती में लैंडिंग से पहले ही क्रैश हो गया था.













