20 days ago
नई दिल्‍ली:

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस और सीआरपीएफ के साझा अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. तीन दिन और तीन रात तक चले इस सघन ऑपरेशन के दौरान हुई भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने 7 माओवादियों को मार गिराया है. मारे गए माओवादियों में गढ़चिरौली विभागीय समिति का प्रभारी और पश्चिम सब-जोनल ब्यूरो का कमांडर प्रभाकर DKSZC भी शामिल है.

इसके अलावा ढेर हुए अन्य नक्सलियों में 1 कमांडर, 1 पीपीसीएम, और 2 एसीएम स्तर के वरिष्ठ माओवादी शामिल हैं. महाराष्ट्र सरकार ने इन सभी पर कुल मिलाकर 71 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.

हालांकि, इस बहादुरी भरे अभियान के दौरान विशेष अभियान दल C-60 का एक जवान शहीद हो गया और एक अन्य जवान घायल हुआ है. मुठभेड़ के बाद घटना स्थल की तलाशी लेने पर पुलिस ने 03 एके-47 राइफल, 01 एसएलआर और 01 .303 राइफल समेत कुल 5 हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद और माओवादी साहित्य बरामद किया है.

Breaking News Live Updates:

Feb 07, 2026 22:27 (IST)

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर शॉर्ट सर्किट से लगी आग

गाजियाबाद के रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-1 और 2 एसएसई पावर वुडन रूम में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया और भीषण आग लग गई. आरपीएफ और जीआरपी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया. आरपीएफ और जीआरपी गाजियाबाद अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद है. अग्निशामक यंत्रों का उपयोग कर आग पर काबू पाया गया. तुरंत फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया. स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है.

Feb 07, 2026 22:03 (IST)

लक्की ओबरॉय मर्डर केस में पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अमृतसर में पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी शमिंदर सिंह गिरफ्तार

भागने की कोशिश में आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी हुआ घायल

शमिंदर के पास से पुलिस ने एक पिस्टल की बरामद

शमिंदर के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले 

बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी

Feb 07, 2026 22:01 (IST)

कोटा में निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरी, 15 लोगों के दबे होने की सूचना

कोटा में बड़ा हादसा

जवाहर नगर इलाके में गिरी बिल्डिंग

मलबे में 15 लोगों के दबे होने की सूचना

राहत और बचाव हुआ शुरू 

विधायक संदीप शर्मा भी पहुंचे मौके पर पहुंचे

Feb 07, 2026 21:58 (IST)

दिल्ली के शाहदरा इलाके में आग लगी

शाहदरा फ्लाईओवर के नीचे पहले कूड़े में आग लगी थी

आग फैल गई और पार्किंग में खड़ी 3 से 4 गाड़ियों में आग लग गई

फायर की 7 गाड़ियां मौके पर 

8 बजकर 36 मिनट की कॉल

Feb 07, 2026 21:09 (IST)

छत्रपति संभाजीनगर में ठाकरे गुट के उम्मीदवार ने समर्थकों के साथ BJP बूथ पर की तोड़फोड़

बजाज नगर इलाके में मतदान केंद्र के पास स्थित बीजेपी समर्थित उम्मीदवार के बूथ पर ठाकरे गुट के प्रत्याशी अनिल चोरडिया ने 40-50 समर्थकों के साथ हमला किया. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हंगामे के दौरान बूथ पर मौजूद महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई. पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में समर्थकों द्वारा कार्यकर्ताओं को धमकी देते और अफरा-तफरी फैलाते देखा जा सकता है.

Feb 07, 2026 20:02 (IST)

सतारा में फर्जी मतदान को लेकर BJP और राष्ट्रवादी कांग्रेस आमने-सामने

सतारा के कराड तालुका के राजनीतिक रूप से संवेदनशील इलाके वडगाव हवेली में फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. मतदान केंद्र पर बोगस वोटिंग को लेकर दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई. काफी देर तक मतदान केंद्र के बाहर नारेबाजी और विवाद चलता रहा, जिससे केंद्र परिसर में दहशत का माहौल बन गया.

स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर किया. आज महाराष्ट्र की 12 जिला परिषदों और उनके अंतर्गत आने वाली 125 पंचायत समितियों की सीटों पर मतदान हुआ है.

Advertisement
Feb 07, 2026 20:01 (IST)

उन्नाव रेप के दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की जमानत याचिका

उन्नाव रेप मामले में सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है. पुलिस हिरासत में पीड़ित के पिता की मौत के मामले में कुलदीप सिंह सेंगर ने सुप्रीम कोर्ट से जमानत मांगी है. सुप्रीम कोर्ट सोमवार 9 फरवरी को सेंगर की जमानत याचिका पर सुनवाई करेगा. 

पीड़िता के पिता की मौत मामले में कुलदीप सेंगर को निचली अदालत ने दस साल की सजा सुनाई है. पीड़िता के पिता की पुलिस हिरासत में हुई मौत मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने 19 जनवरी को कुलदीप सेंगर को जमानत देने से इन्कार कर दिया था. हाईकोर्ट के इस फैसले को कुलदीप सिंह सेंगर ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जबकि पीड़िता से रेप मामले में हाईकोर्ट से मिली जमानत पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी.

Feb 07, 2026 19:33 (IST)

सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से 9 लोग घायल

हरियाणा के सूरजकुंड मेले में लगा झूला टूटकर गिरा, 9 लोगों के घायल होने की खबर

फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा

सूरजकुंड मेले में दूसरा हादसा 

पहले गेट गिरने से दो घायल 

झूला टूटने से एक दर्जन से अधिक घायल

फिलहाल सभी को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Advertisement
Feb 07, 2026 18:46 (IST)

दो दिन की न्‍यायिक हिरासत में पप्‍पू यादव, PMCH से बेऊर जेल भेजा गया

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पटना की एक अदालत ने दो दिन की न्‍यायिक हिरासत में भेज दिया है. पप्‍पू यादव को पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज के बाद बेऊर जेल ले जाया गया. MP/MLA कोर्ट में सुनवाई के दौरान न्यायालय ने उन्‍हें न्‍यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था. अब इस मामले में सोमवार को एक बार फिर सुनवाई होगी.

इससे पहले, पप्पू यादव को देर रात उनके पटना स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था. शहर के एसपी भानु प्रताप ने बताया कि उनके खिलाफ 1995 से एक ट्रायल कोर्ट केस चल रहा है. वारंट जारी किया गया था और उन्हें अदालत में पेश होना था, लेकिन वे पेश नहीं हुए. पेश न होने के कारण उनकी गिरफ्तारी की गई.  पटना एसपी भानु प्रताप ने बताया कि यह गर्दानीबाग पुलिस स्टेशन का मामला है.

Feb 07, 2026 14:53 (IST)

पप्‍पू यादव को दो दिन की न्‍यायिक हिरासत में भेजा

पप्‍पू यादव को कोर्ट ने दो दिन की न्‍यायिक हिरासत में भेजा है. कोर्ट ने हाई सिक्‍योरिटी निगरानी में पीएमसीएच में भर्ती होने का आदेश दिया है. 

Advertisement
Feb 07, 2026 13:25 (IST)

पप्‍पू यादव को थोड़ी देर में कोर्ट में किया जाएगा पेश

सांसद पप्‍पू यादव को थोड़ी देर में कोर्ट में पेश किया जाएगा. पटना के एसपी वेस्ट भानु प्रताप ने बताया कि अब पप्पू यादव को हम कोर्ट में पेश करने जा रहे हैं. उन्‍होंने कहा कि कल पप्पू यादव की गिरफ्तारी हुई थी और आज मेडिकल हुआ है. उन्‍होंने कहा कि गिरफ्तारी वारंट नहीं होने को लेकर एसपी भानु प्रताप ने कहा कि यह मामला कोर्ट का है, लेकिन हम लोगों ने इसमें पूरी न्यायिक प्रक्रिया का पालन किया है. 

Feb 07, 2026 12:23 (IST)

पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर प्रियंका गांधी ने किया पोस्‍ट

प्रियंका गांधी ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर एक्‍स पर पोस्‍ट किया है. साथ ही भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों के साथ खड़ी हो जाती हैं. सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है. भाजपा और उनके सहयोगियों का एजेंडा स्पष्ट है- वे अन्याय और अत्याचार के साथ खड़े हैं. 

Advertisement
Feb 07, 2026 12:20 (IST)

साम्बा के पैंथी इलाके में पाकिस्तानी गुब्बारा मिला

जम्‍मू-कश्‍मीर के सांबा जिले के पैंथी इलाके में पीआईए और उर्दू में  लिखा हुआ पाकिस्तानी गुब्बारा मिला है. स्थानीय लोगों ने गुब्बारे को देखने के बाद पुलिस को सूचित किया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है.  

Feb 07, 2026 12:18 (IST)

सरकारें जाति-धर्म के मुद्दे उठाकर राजनीति चमका रही: मायावती

बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में समय काफी कम रह गया है. बीएसपी के लोगों को जरूरी दिशानिर्देश देने के लिए पार्टी के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की बड़ी बैठक बुलाई गई है. एसआईआर की वजह से पार्टी के काम में देरी हुई है. विपक्षी बीएसपी को बदनाम करने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं. ऐसे में पार्टी पदाधिकारियों को सचेत किया जाएगा. 

साथ ही कहा कि सरकारें जनहित के मुद्दे पर ध्यान देने की बजाय जाति धर्म के मुद्दे उठाकर राजनीति चमका रही हैं. ये देश और जनहित में ठीक नहीं है. संसद के सत्र में जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने की जगह दुर्भाग्यपूर्ण ड्रामा चल रहा है. संसद को चलाने के लिए जो नियम कानून बने हैं, उन पर भी ध्यान में रखना चाहिए. सरकार को टैरिफ पर अपना पक्ष रखना चाहिए था लेकिन सब कुछ दरकिनार कर दिया गया है. 

Feb 07, 2026 12:09 (IST)

ओला, उबर और रैपीडो बाइक टैक्सी चालकों की हड़ताल

देशभर में आज ओला, उबर और रैपीडो बाइक टैक्सी चालकों की हड़ताल जारी है. ऐप बेस्ड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स आज पूरे भारत में हड़ताल पर हैं. न्यूनतम किराए की अधिसूचना जारी करने की मांग की है. यह हड़ताल तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन  की ओर से बुलाई गई है. इस दौरान भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहे पर टैक्‍सी चालक एकत्रित हुए.

Feb 07, 2026 12:06 (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे का दूसरा दिन, विकास संबंधी मुद्दों पर ली बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे का आज दूसरा और अंतिम दिन है. शाह ने केंद्र शासित प्रदेश में विकास संबंधी मुद्दों पर केंद्रित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में जम्मू और कश्मीर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं, इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे. 

Feb 07, 2026 12:03 (IST)

व्यापार समझौते में अनाज, फल और डेयरी उत्पादों पर कोई शुल्क रियायत नहीं

भारत ने अंतरिम व्यापार समझौते के तहत मक्का, गेहूं, चावल, सोया, पॉल्ट्री, दूध, पनीर, एथनॉल (ईंधन), तंबाकू, कुछ सब्जियों और मांस जैसे संवेदनशील कृषि और डेयरी उत्पादों के मामले में अमेरिका को कोई शुल्क रियायत नहीं दी है और इन क्षेत्रों को पूरी तरह संरक्षण दिया गया है. भारत और अमेरिका ने शनिवार को अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा पर सहमत होने की घोषणा की. इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर शुल्क को पहले के 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा. 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'यह समझौता किसानों के हितों की रक्षा करने और ग्रामीण आजीविका को बनाए रखने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इसके तहत मक्का, गेहूं, चावल, सोया, पॉल्ट्री, दूध, पनीर, एथनॉल (ईंधन), तंबाकू, कुछ सब्जियां और मांस सहित संवेदनशील कृषि और डेयरी उत्पादों को पूरी तरह से संरक्षित किया गया है.'

Feb 07, 2026 10:09 (IST)

ओम बिरला आज एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे पटना

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज एक दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचेंगे. इसके बाद वे बिहार विधानसभा में आयोजित ‘सशक्त विधायक-सशक्त लोकतंत्र’ विषय व्याख्यान को संबोधित करेंगे. बिहार विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित हो रहा है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे. इस कार्यक्रम में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू की विशेष उपस्थिति रहेगी. राज्‍यसभा के उपसभापति हरिवंश भी स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित होंगे. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार सरकार के सभी मंत्रीगण और बिहार विधानसभा के सभी विधायक इस समारोह में उपस्थित रहेंगे. इस अवसर पर बिरला बिहार विधानमंडल में नेवा डिजिटल हाउस का उद्घाटन करेंगे. 

Feb 07, 2026 09:38 (IST)

अमेरिका को 20% तक बढ़ सकता है टेक्सटाइल, चमड़ा और ज्वेलरी निर्यात - CTI चेयरमैन बृजेश गोयल

अमेरिका के साथ 18% शुल्क पर व्यापार समझौते पर अमल के बाद टेक्सटाइल, लेदर एवं जेम्स ज्वेलरी जैसे उत्पादों के निर्यात में 20% तक का इजाफा हो सकता है. सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि इन सेक्टर के व्यापारियों को अप्रैल से इस समझौते का बड़ा लाभ मिलने लगेगा, क्योंकि नई दर पर ऑर्डर मिलने में थोड़ा समय लगेगा. अमेरिका के बाजार में भारत का टेक्सटाइल निर्यात 10.5 अरब डॉलर का है. अब टेक्सटाइल पर 18% शुल्क होने से अमेरिका को भारत का टेक्सटाइल निर्यात दुगना हो सकता है और जल्दी ही इसमें 20% का इजाफा दिखने लगेगा क्योंकि भारत को टेक्सटाइल के बाजार में चुनौती देने वाले बांग्लादेश,  कंबोडिया,  चीन,  वियतनाम आदि पर भारत से ज्यादा शुल्क लगता है. 

Feb 07, 2026 09:34 (IST)

मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे के लिए मलेशिया के कुआलालंपुर के लिए रवाना हो गए है. इससे पहले उन्‍होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ होने वाली चर्चाओं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं. हमारा लक्ष्य रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करना, आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना और नए क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना होगा.

Feb 07, 2026 09:31 (IST)

पप्‍पू यादव को मेडिकल जांच के लिए अस्‍पताल ले जाया गया

बिहार के पटना में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को मेडिकल जांच के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया. उन्हें कल आईपीसी की धारा 468, 506 और 120बी के तहत 1995 में दर्ज एक मामले के संबंध में गिरफ्तार किया गया था. 

Feb 07, 2026 08:17 (IST)

पीएम मोदी ने ट्रंप का किया धन्‍यवाद, कहा - साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्‍स पर कहा कि दोनों महान देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमति बन गई है. मैं हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों के प्रति राष्ट्रपति ट्रंप की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं. यह ढांचा हमारी साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है. यह भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप नवप्रवर्तकों, मछुआरों और अन्य लोगों के लिए नए अवसर खोलकर 'मेक इन इंडिया' को मजबूत करता है. इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा. 

Feb 07, 2026 08:07 (IST)

तर्कसंगत और तार्किक दृष्टिकोण अपना रहा: विकेरी

भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर अमेरिका के पूर्व सहायक वाणिज्य सचिव रेमंड विकेरी ने कहा कि पिछले एक साल अमेरिका-भारत संबंधों के लिए बेहद हानिकारक रहे हैं. यह अच्छी बात है कि संयुक्त बयान में कुछ प्रस्ताव रखे गए हैं. भारत ने अपने सभी टैरिफ अवरोधों को शून्य करने पर सहमति नहीं जताई है, जैसा कि पहले कहा गया था. यह बहुत अच्छी बात है कि भारत और अमेरिका इस समस्या का समाधान खोजने के लिए प्रयासरत हैं, जिसे मूल रूप से राष्ट्रपति ट्रंप ने ही पैदा किया था. अब टैरिफ घटकर 18% हो गए हैं. हालांकि, यह अभी भी पहले की तुलना में सात-आठ गुना अधिक है. अभी लंबा रास्ता तय करना है.  भारत एक्‍स या सोशल मीडिया पर आने वाली बयानबाजी से प्रभावित न होकर इस मामले में तर्कसंगत और तार्किक दृष्टिकोण अपना रहा है, जिससे अमेरिका और भारत के बीच यह अत्यंत महत्वपूर्ण संबंध फिर से शुरू हो सकें, इसके लिए वह सराहनीय कार्य कर रहा है. 

Feb 07, 2026 08:03 (IST)

ट्रेड डील में फलों, अनाजों, सब्जियों और मसालों को संरक्षण: पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्‍स पर कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में दुग्ध उत्पादों, फलों, सब्जियों, मसालों और अन्य अनाजों को संरक्षण दिया गया है. इससे घरेलू किसानों के हितों की रक्षा होगी और इतने बड़े बाजार तक तरजीही पहुंच के माध्यम से स्थानीय कृषि को मजबूती मिलेगी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा. 

Feb 07, 2026 06:46 (IST)

30 ट्रिलियन डॉलर का बाजार खुलेगा: पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ अंतरिम समझौते के लिए फ्रेमवर्क तैयार कर लिया है. इससे भारतीय निर्यातकों के लिए 30 ट्रिलियन डॉलर का बाजार खुल जाएगा. 

Featured Video Of The Day
Avimukteshwaranand EXCLUSIVE: बटुकों से यौन शोषण वाले आरोपों पर शंकराचार्य का बड़ा खुलासा | Yogi | UP