छपरा में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) की तीसरे चरण की परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. 20 अप्रैल को आयोजित परीक्षा के दौरान साधूलाल पथ्वी चंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी को अत्याधुनिक तकनीक के जरिए नकल करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया.
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कड़ी तलाशी ली जा रही थी. इसी दौरान सिवान जिले के बगहा, बैजुबरहोगा गांव निवासी रोहित कुमार नामक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं. जब अधिकारियों ने उसकी गहन जांच की, तो उसके हवाई चप्पल के अंदर एक ब्लूटूथ डिवाइस और पेन में छिपाया गया माइक्रोफोन बरामद हुआ.
यह भी पढ़ें- गूगल पर छाई 'झालमुड़ी', 22 साल में सबसे ज्यादा सर्चिंग... जानें- लोगों ने क्या-क्या ढूंढा?
एग्जाम सेंटर के बाहर से नकल करा रहा था दोस्त
जांच में सामने आया कि आरोपी इन उपकरणों के माध्यम से परीक्षा के दौरान बाहर बैठे किसी व्यक्ति से सवालों के जवाब लेने की कोशिश कर रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी.
छपरा नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें- असम में काल बनकर आई बारिश, बाढ़ ने पूरी गुवाहाटी को डुबो दिया, अगले तीन दिन भी राहत नहीं
सभी एग्जाम सेंटर पर सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों ने साफ कहा है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तकनीक के जरिए नकल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
परीक्षा केंद्र अधीक्षक ने इस मामले में बताया, 'फ्रिस्किंग के दौरान अभ्यर्थी संदिग्ध लगा. जांच में हाईटेक ब्लूटूथ और माइक्रोफोन बरामद हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.'














