कहीं चले पत्थर तो कहीं फिंके अंडे-टमाटर, कांग्रेस के खिलाफ BJP ने कहां-कहां किया प्रोटेस्ट, देखें

एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस नेताओं के शर्टलेस प्रोटेस्ट के विरोध में शनिवार को बीजेपी और उसके सहयोगी संगठनों ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और देशभर में प्रदर्शन किया.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins

राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस नेताओं के शर्ट उतारकर प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया. बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने कांग्रेस के खिलाफ देशभर में मोर्चा खोल दिया. कई जगहों में बीजेपी और कांग्रेस समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. मध्य प्रदेश के इंदौर में कार्यकर्ताओं की भिड़ंत में कम से कम 10 लोग घायल हो गए. 

इंदौर में कार्यकर्ता भिड़े, 10 लोग घायल

मध्य प्रदेश के इंदौर में भाजयुमो के कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे. उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए, उसके बावजूद कार्यकर्ता आगे बढ़े. इसी दौरान पत्थरबाजी होने लगी और टमाटरों के साथ पानी की बोतलें भी फेंकी गई. हालात बिगड़ते देखते हुए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और पानी की बौछारें छोड़नी पड़ीं. पुलिस के मुताबिक, इस पथराव में एक एसआई और 2 मीडियाकर्मीं समेत करीब 10 लोग घायल हो गए. बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं ने एक-दूसरे के कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंकने का आरोप लगाया है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. 

महाराष्ट्र में राहुल को दिखाए काले झंडे

महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे में भी प्रदर्शन हुए. बीजेपी और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए. कार्यकर्ताओं ने ठाणे के भिवंडी जा रहे राहुल गांधी की कार की ओर काले झंडे भी दिखाए. पुलिस ने कार्यकर्ताओं के बीच टकराव रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम कर रखे थे. शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने राहुल गांधी पर बार-बार राष्ट्रविरोधी बयान देने और संसद के कामकाज में बाधा डालने के आरोप में राजद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की. 

जयपुर में पुलिस से हुई धक्कामुक्की

राजस्थान के जयपुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय की तरफ मार्च करने की कोशिश की. प्रदर्शनकारी जब पार्टी मुख्यालय के करीब पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी. इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की. इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई. हालांकि हालात को जल्द ही काबू कर लिया गया. 

असम में BJP-कांग्रेस समर्थक आमने-सामने

असम के गुवाहाटी में भी उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने सामने आ गए. भाजयुमो और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता असम कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन के बाहर पहुंचे थे. समर्थकों ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रोटेस्ट को शर्मनाक और भारत विरोधी बताते हुए पाकिस्तानी एजेंट होने के आरोप लगाए. दूसरी तरफ कांग्रेस समर्थक भी इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करने लगे. दोनों तरफ से पुतले और पोस्टर भी जलाए गए. पुलिस ने हालात संभाले. 

भोपाल में भी कांग्रेस कार्यालय के बाहर बीजेपी समर्थकों ने प्रदर्शन किया. Photo Credit: IANS

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के पास हल्लाबोल

राजधानी दिल्ली में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लिए और नारे लगाते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी की आलोचना की और उन पर देश की छवि बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए देशद्रोही करार दिया. प्रदर्शन की अगुआई दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने की. राज्य महासचिव विष्णु मित्तल और विधायक राज कुमार भाटिया सहित बीजेपी के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया. 

Advertisement

देखें- कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन के खिलाफ BJP ने खोला मोर्चा, दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हल्ला बोल

पटना में तख्तियां लेकर प्रदर्शन

बिहार की राजधानी पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को इनकम टैक्स गोलंबर पर जोरदार प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदेश कार्यालय से मार्च निकाला. इस दौरान कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के विरोध में नारे वाली तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की गई. कुम्हरार के विधायक संजय गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. बिहार के मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष संतोष सुमन ने भी यूथ कांग्रेस के हंगामे की निंदा करते हुए उसे राष्ट्र विरोधी करार दिया. 

Advertisement

बेंगलुरु में राहुल के खिलाफ नारेबाजी 

कर्नाटक के बेंगलुरु में बीजेपी और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन किया और यूथ कांग्रेस से बिना शर्त माफी की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारे लिखे पोस्टर लहराए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैनर जब्त कर लिए और प्रदर्शनकारियों को वाहन में बैठाकर वहां से हटाया. 

जम्मू में राहुल गांधी का पुतला जलाया

जम्मू में भी भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. भाजयुमो की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष अरुण प्रभात की अगुआई में कई प्रदर्शनकारी काची छावनी चौक पर इकट्ठा हुए और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी का पुतला जलाया और देश की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए माफी की मांग की. 

Advertisement

यूपी में कलक्ट्रेट के बाहर प्रोटेस्ट

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. कलेक्ट्रेट गेट पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका. भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि इस इंटरनेशनल इवेंट में बाधा डालने वाले मुख्य सूत्रधारों की पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.

यूथ कांग्रेस पर जमकर बरसे चंद्रबाबू 

इसके अलावा आंध्र प्रदेश के अनंतपुर, कुरनूल और तेलंगाना, पुडुचेरी आदि जगहों पर भी प्रदर्शन हुए. आंध्र के सीएम चंद्रबाबू ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को गैरजिम्मेदाराना और राष्ट्र की छवि खराब करने वाला करार दिया. चंद्रबाबू ने कहा कि भारत आईटी और एआई में ग्लोबल लीडर के तौर पर उभर रहा है, ऐसे में यूथ कांग्रेस नेताओं की ये हरकत देश की इमेज पर बट्टा लगाने वाला कदम है. 

Advertisement

देखें- कांग्रेस ने देश के खिलाफ बड़ा पाप किया... किरेन रिजिजू ने AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन को बताया साजिश

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | AI Summit Congress Protest पर फुल सियासी 'क्लेश' | Rahul Gandhi | BJP Protest