रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली आया था बिरजू, खुले मेनहोल ने छीन ली जान... समस्तीपुर में उजड़ गया परिवार

बिहार से मजदूरी करने दिल्ली आया समस्तीपुर का बिरजू कुमार खुले मेनहोल में गिरकर मौत का शिकार हो गया. वह घर का इकलौता कमाने वाला था और कुछ दिनों में गांव लौटने की तैयारी कर रहा था. हादसे ने बूढ़ी मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चों का सहारा छीन लिया. परिवार बेहाल है और सरकारी मदद की गुहार लगा रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली के रोहिणी में मेनहोल में गिरने से 30 वर्षीय मजदूर बिरजू की मौत हो गई, जिससे परिवार का सहारा छिन गया.
  • बिरजू पिछले 8 महीने से दिल्ली में सेंटरिंग का काम कर रहा था और परिवार का भरण-पोषण कर रहा था.
  • बिरजू की मौत से समस्तीपुर के सादीपुर बथनाहा गांव में मातम छा गया, परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

रोजगार की तलाश में, अपने परिवार के लिए बेहतर कल की उम्मीद लेकर युवा मजदूर दिल्ली आया. लेकिन शहर की एक लापरवाही ने उसकी सारी उम्मीदें, उसके सारे सपने और उसके परिवार का सहारा एक ही पल में छीन लिया. रोहिणी के बेगमपुर इलाके में खुले मेनहोल में गिरकर 30 वर्षीय बिरजू कुमार की मौत ने न केवल उसकी सांसें छीनीं, बल्कि बिहार के समस्तीपुर में बसे एक पूरे परिवार का भविष्य भी अंधेरे में धकेल दिया. आठ महीने से दिल्ली में पसीना बहाने वाला बिरजू घर लौटने की तैयारी कर रहा था- उससे पहले मौत ने उसे घर पहुंचने ही नहीं दिया.

घर लौटने की थी तैयारी… उससे पहले मेनहोल ने छीन ली जिंदगी

बिरजू पिछले 8 महीनों से दिल्ली में मजदूरी करता था. सेंटरिंग का काम करता था और जैसे-तैसे बूढ़ी मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चों का पेट पाल रहा था. कंपनी से मिले कुछ पैसों से वह बच्चों और पत्नी के लिए कपड़े खरीदकर वापस लौट रहा था. लेकिन घर पहुंचाने से पहले खुला मेनहोल उसकी जिंदगी निगल गया. मंगलवार शाम करीब 7:45 बजे पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना मिली. कई घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव निकाला गया.

घर का चूल्हा नहीं जला, रो-रोकर बेहाल परिजन

बिरजू की मौत के बाद उसके बिहार के समस्तीपुर के गांव सादीपुर बथनाहा में मातम पसरा हुआ है. घर में मंगलवार से चूल्हा तक नहीं जला. पत्नी सुचिता देवी रोते-रोते बस इतना कह पाईं- 'वो हमारे लिए जी रहा था… हम अब कैसे जिएंगे?'

यह भी पढ़ें- '10 मिनट में आ रहा हूं…' आखिरी कॉल के बाद कभी नहीं लौटा कमल, जनकपुरी में खुले गड्ढे ने छीनी 25 वर्षीय युवक की जान

बिरजू अपने पीछे तीन छोटे बच्चे- आयुष (8), आर्यन (5) और रीया (3) छोड़ गया है. समझ ही नहीं पा रहे कि उनके पिता अब कभी घर क्यों नहीं आएंगे. बहन पूनम देवी ने कहा, 'भइया ही सब कुछ था… अब कौन संभालेगा हम सबको?'

बूढ़ी मां गीता देवी का सहारा भी छिन गया

बिरजू के पिता की मौत तब हो गई थी जब वह सिर्फ 10 साल का था. मां ने मजदूरी कर बच्चों को पाला. अब वही मां अपने जवान बेटे के शव का इंतजार कर रही है. गांव के लोग कहते हैं, 'बच्चा मां की आंखों के सामने चला गया… इससे बड़ा दुख क्या होगा?'

Advertisement

ग्रामीणों का आरोप- सरकार की लापरवाही ने ली जान

गांव के ग्रामीण शिवचंद्र राय का कहना है, 'खुले मेनहोल सरकार की लापरवाही है. यही लापरवाही एक घर उजाड़ गई.' ग्रामीण बलराम कुमार ने कहा, 'बिरजू जैसे मजदूर शहर बनाते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं. मेनहोल ढका होता तो आज वो जीवित होता.'

यह भी पढ़ें- सब कॉन्ट्रैक्टर आया, देखा… और चला गया, कमल घंटों वहीं पड़ा रहा, जनकपुरी बाइक हादसे की ये बातें हिला देंगी

Advertisement

पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को गांव पहुंचेगा शव

फायर ब्रिगेड की टीम ने जो शव निकाला, उसे पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भेजा गया है. परिजनों का कहना है कि गुरुवार को शव गांव लाया जाएगा और अंतिम संस्कार किया जाएगा.

'सरकार मदद करे, नहीं तो बच्चों का भविष्य अंधेरे में खो जाएगा'

परिवार ने राज्य और दिल्ली सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चल सके.

Advertisement

एक मेनहोल, एक हादसा… और उजड़ गया एक पूरा घर

यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं- एक चेतावनी है. दिल्ली जैसे बड़े शहर में खुले मेनहोल आज भी जिंदगी निगल रहे हैं और एक गरीब मजदूर की मौत सिर्फ उसकी मौत नहीं- यह पूरे परिवार के भविष्य की मौत है.

Featured Video Of The Day
Vande Mataram Controversy: राष्ट्रगीत पर आपत्ति क्या विचारधारा की है या वोट बैंक की? | Hindi Debate
Topics mentioned in this article