विजयवाड़ा में हवा में चक्कर काटता रहा बिल गेट्स का विमान, जानें पूरा मामला

बिल गेट्स फाउंडेशन चित्तूर जिले के कुप्पम में स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाओं पर पहले से ही काम कर रहा है और माना जा रहा है कि इन पहलों को राज्यभर में विस्तार देने पर विचार किया जाएगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स आज आंध्र प्रदेश के दौरे पर पहुंचे हैं. बता दें कि आज गेट्स के  विमान को घने कोहरे के कारण विजयवाड़ा में एयरपोर्ट पर कुछ देर तक उतरने की अनुमति नहीं मिली, जिसके कारण उनके विमान को कुछ देर हवा में ही चक्कर काटना पड़ा. हालांकि जैसे ही उनका विमान लैंड हुआ तो मंत्री नारा लोकेश , जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और कई अन्य जन प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. बता दें कि  मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के साथ बिल गेट्स स्वास्थ्य और कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करने जा रहे हैं. गेट्स इसके लिए सचिवालय पहुंचे और मुख्यमंत्री नायडू, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से मुलाकात की.

राज्य के शहरी निकाय मंत्री पी नारायण ने रविवार को बताया था कि ‘गेट्स अमरावती में नायडू के साथ स्वास्थ्य व कृत्रिम मेधा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने गेट्स से राज्यभर में जारी स्वास्थ्य पहलों को विस्तार देने का अनुरोध किया है और चर्चा में एआई पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा.

गेट्स फाउंडेशन चित्तूर जिले के कुप्पम में स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाओं पर पहले से ही काम कर रहा है और माना जा रहा है कि इन पहलों को राज्यभर में विस्तार देने पर विचार किया जाएगा.

Advertisement

सरकारी सूत्रों के अनुसार, बाद में गेट्स ‘रियल टाइम गवर्नेंस सिस्टम' (आरटीजीएस) का अवलोकन करेंगे, जहां वे शासन में प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को देखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री नायडू इस प्रणाली के काम करने का तरीका और परिणाम दिखाएंगे.

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ‘‘स्वर्ण आंध्र 2047'' दृष्टिकोण और चिकित्सा प्रौद्योगिकी, निदान सेवाओं और स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटलीकरण कार्यक्रम संजीवनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए सुधारों पर भी प्रस्तुति देंगे. सचिवालय में इन कार्यक्रमों के बाद, गेट्स और उनकी टीम अमरावती के उंडावल्ली गांव में स्थित एक कृषि केंद्र जाएगी, जहां वे ड्रोन और एआई के उपयोग का अवलोकन करेंगे. मंत्री पी नारायण ने कहा कि गेट्स इससे पहले अविभाजित आंध्र प्रदेश का दो बार दौरा कर चुके हैं, और यह दौरा मुख्यमंत्री नायडू द्वारा राज्य सरकार के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए दिए गए आमंत्रण के बाद हो रहा है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
बागपत: निकाह के बाद बवाल, बारातियों और ग्रामीणों में क्यों छिड़ा बेल्ट युद्ध
Topics mentioned in this article