- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा के सिद्धांतों से समझौता न करने और विपक्ष में बैठने को बेहतर बताया है.
- अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने वालों से भाजपा कभी गठबंधन नहीं करेगी.
- तृणमूल कांग्रेस ने हुमायूं कबीर पर भाजपा से बड़ी रकम की डील करने और गद्दारी के आरोप लगाए हैं.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुमायूं कबीर से जुड़े स्टिंग वीडियो विवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भाजपा सत्ता के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल में जो लोग बाबरी मस्जिद बनाने की बात करते हैं, उनसे हाथ मिलाने के बजाय पार्टी 20 साल तक विपक्ष में बैठना बेहतर समझेगी.
TMC के आरोपों पर शाह का दो टूक जवाब
कोलकाता में भाजपा का घोषणापत्र जारी करने के दौरान अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी. दरअसल टीएमसी ने दावा किया था कि भाजपा ने पूर्व तृणमूल नेता हुमायूं कबीर को ममता बनर्जी सरकार गिराने के लिए इस्तेमाल किया है. इस पर शाह ने कहा, 'ममता जी 2,000 वीडियो बनवा सकती हैं, लेकिन हुमायूं कबीर और भाजपा का मेल साउथ और नॉर्थ पोल जैसा है. हम कभी साथ नहीं आ सकते.'
'विपक्ष में बैठना बेहतर'
अमित शाह ने दो टूक कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने वालों से कभी गठबंधन नहीं करेगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी, चाहे इसके लिए लंबे समय तक विपक्ष में ही क्यों न रहना पड़े.
यह भी पढ़ें- हुमायूं कबीर पर BJP की ‘बी टीम' होने के आरोप, स्टिंग में 200 करोड़ लेने का दावा; ओवैसी ने तोड़ा गठबंधन
TMC ने हुमायूं कबीर का वीडियो जारी कर भाजपा को घेरा
बता दें कि TMC ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुमायूं कबीर का बताया जा रहा एक वीडियो दिखाया, जिसमें वह कथित तौर पर बीजेपी नेताओं के साथ पैसों की बातचीत करते सुने जा सकते हैं. TMC का आरोप है कि कबीर ने बीजेपी से करीब 1000 करोड़ रुपये की डील की और इसमें से 200 करोड़ रुपये एडवांस मिलने का दावा भी किया.
पार्टी के मुताबिक, वीडियो में मध्य प्रदेश और असम के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का भी कथित तौर पर जिक्र है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है.
TMC ने स्टिंग ऑपरेशन दिखाकर लगाया आरोप
TMC मंत्री फिरहाद हकीम ने हुमायूं कबीर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, 'हुमायूं कबीर ने मुसलमानों को बीजेपी के हाथ बेच दिया है. वह एक गद्दार है. उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी की गंदी राजनीति का जवाब जनता देगी और पार्टी मुस्लिम मतदाताओं को बांटने की कोशिश कर रही है, खासकर मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे जिलों में.
यह भी पढ़ें- वो स्टिंग ऑपरेशन AI से बनाया गया है, TMC के इशारे पर हुआ है ये काम: हुमायूं कबीर
TMC नेता कुणाल घोष ने इसे '₹1000 करोड़ का चुनावी घोटाला' बताते हुए कहा कि बीजेपी ने ‘B टीम' और ‘C टीम' बनाकर हिंदू, मुस्लिम और मतुआ समुदायों को गुमराह करने की कोशिश की है. घोष ने सवाल उठाया कि अगर वीडियो में PMO का नाम लिया जा रहा है तो उसमें शामिल अधिकारियों की जांच क्यों नहीं हो रही और प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस मामले में चुप क्यों है.
हुमायूं कबीर का पलटवार
हुमायूं कबीर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि यह स्टिंग वीडियो AI से तैयार किया गया फर्जी वीडियो है और TMC ने इसे उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश के तहत बनवाया है. उन्होंने दावा किया कि न तो उन्होंने किसी पार्टी से कोई पैसा लिया और न ही बीजेपी या PMO से उनके कोई गुप्त संबंध हैं.













