- असम पुलिस ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ FIR दर्ज की
- खरगे ने चुनावी रैली में बीजेपी और आरएसएस की तुलना जहरीले सांप से की थी
- मल्लिकार्जुन खरगे ने कुरान का हवाला देते हुए नमाज और सांप के संदर्भ में विवादित टिप्पणी की थी
असम पुलिस ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ सांप्रदायिक और धार्मिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाने, झूठी जानकारी, अफवाहें और सनसनीखेज खबरें फैलाने के आरोपों में आधिकारिक तौर पर मामला दर्ज किया है. असम के श्रीभूमि जिले में एक चुनावी रैली के दौरान बीजेपी और आरएसएस को लेकर विवादित टिप्पणी की थी.
बीजेपी ने दर्ज कराई FIR
बीजेपी ने खरगे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. बीजेपी ने आरोप लगाया है कि खरगे ने 6 अप्रैल को असम के श्रीभूमि जिले के नीलाबाजार में एक रैली के दौरान भड़काऊ और अपमानजनक भाषण दिया. भाजपा असम प्रदेश इकाई के प्रवक्ता रंजीब कुमार शर्मा ने बशिष्ठ पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया है कि खरगे ने भाजपा और आरएसएस की विचारधारा को 'जहरीला' बताया और इन दोनों को 'जहरीले सांप' की उपमा दी। साथ ही उन्होंने भाजपा को खत्म करने का आह्वान भी किया.
शांति भंग करने की कोशिश का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता ने कहा कि खरगे के इन बयानों से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं. आरोप है कि ऐसे बयान समाज में नफरत फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम करते हैं. इससे असम के मूल निवासियों के बीच झड़पें भी हो सकती हैं. रंजीब कुमार शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा, 'खड़गे शत्रुता बढ़ावा देने और सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं. इसलिए उनके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए.'
भाजपा नेताओं का कहना है कि खरगे के बयान न सिर्फ भाजपा और आरएसएस को अपमानित करते हैं, बल्कि पूरे समाज में विभाजन पैदा करने वाले हैं. पार्टी ने मांग की है कि पुलिस इस मामले में जल्द से जल्द एक्शन ले. पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है.
यह भी पढ़ेंः पाकिस्तान गौरव गोगोई की मदद क्यों कर रहा...? असम के CM हिमंता का कांग्रेस पर बड़ा आरोप
किस बयान पर मचा बवाल?
बता दें कि मल्लिकार्जुन खरगे ने कुरान का हवाला देते हुए कहा कि अगर नमाज अदा कर रहे किसी व्यक्ति के सामने से कोई जहरीला सांप गुजर जाए तो उस व्यक्ति को नमाज रोककर सांप को मार देना चाहिए. उन्होंने बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा की तुलना 'जहरीले सांप' से की थी.
इसके बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी खरगे पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वह बुढ़ापे के कारण 'पागल की तरह बोल रहे हैं.' मल्लिकार्जुन खरगे ने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ लगे आरोपों की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग की थी.
भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह की भाषा बेहद गैर-जिम्मेदाराना है. खरगे ने जिस तरह सांप और नमाज जैसे उदाहरण देकर भाजपा और आरएसएस की तुलना की, वह पूरी तरह अनुचित है. इस तरह की भाषा कांग्रेस की सोच को दर्शाती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है.
यह भी पढ़ें: असम के CM हिमंता और उनकी पत्नी पर अब क्या बोले पवन खेड़ा? 8 मिनट का वीडियो किया जारी













