- असम के बिजनी में कांग्रेस के उम्मीदवार नहीं उतारने पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की.
- नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गायक जुबीन गर्ग की तस्वीर पर हमला किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
- इस घटना को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया. भाजपा नेताओं ने इस घटना को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला.
असम चुनाव के बीच बिजनी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है. पार्टी द्वारा इस सीट से पसंदीदा उम्मीदवार नहीं उतारने से नाराज कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजनी स्थित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जमकर बवाल किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ की. असम के सुप्रसिद्ध गायक और संगीतकार जुबीन गर्ग की तस्वीर पर भी नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूटा. जुबीन गर्ग की तस्वीर को लात मारने और कुर्सियों से हमला करने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय के भीतर लगी जुबीन गर्ग की तस्वीर पर गुस्से से हमला कर रहा है. बताया जा रहा है कि पार्टी के फैसले से नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में रखे फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया.
भाजपा नेताओं का कांग्रेस पर हमला
इस घटना को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है. जुबीन गर्ग जैसी लोकप्रिय सांस्कृतिक हस्ती के अपमान को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. असम के कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए आरोपी कांग्रेस कार्यकर्ता की पहचान सादुल्लाह सिकदर के रूप में की और कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए.
पीयूष हजारिका ने अपने पोस्ट में लिखा कि जुबीन गर्ग की तस्वीर को लात मारने वाला व्यक्ति जन्म से ही कांग्रेसी नेता है और उसके परिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का संरक्षण प्राप्त है.
ये भी पढ़ें: असम में भाजपा नहीं, 'लेबल' बदलकर कांग्रेस चला रहे हैं हिमंत बिस्वा सरमा : गौरव गोगोई
कांग्रेस ने आरोपी को किया निलंबित!
इस बीच, कांग्रेस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पार्टी ने संबंधित कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है.
बता दें कि जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में सेंट जॉन्स आइलैंड के पास समुद्र में डूबने से हुई थी. शुरुआत में स्कूबा डाइविंग दुर्घटना बताई गई, लेकिन बाद में सामने आया कि वे लाइफ जैकेट के बिना तैर रहे थे और बेहोश होकर डूब गए. हालांकि, उनकी मौत को लेकर विवाद और हत्या की साजिश के आरोप भी सामने आए. असम पुलिस की एसआईटी ने जांच के बाद दाखिल चार्जशीट में कुल सात लोगों को आरोपी बनाया है. इनमें से चार पर हत्या के आरोप लगाए गए हैं. इन पर गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.














