मोहाली में गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी मिसाल! मुसलमान ने मंदिर बनाने के लिए हिंदू समुदाय को दे दी अपनी जमीन

शाही इमाम ने कहा कि भारत की विशेषता अनेकता में एकता की है इसे कोई ताकत तोड़ नहीं सकेगी. हम सब की पूजा पद्धति का तरीका अपना-अपना है लेकिन सामाजिक व्यवस्था में हम सब भारतीय एक दूसरे के भाई-बहन हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
मोहाली:

पंजाब से एक बार फिर भाईचारे की बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, मोहाली के झामपुर इलाके में आज एक मुसलमान भाई की ओर से अपने हिंदू भाइयों को सनातन धर्म मंदिर बनाने के लिए जमीन दान दे दी गई है. इस खास मौके पर पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी उपस्थित रहे.  मोहम्मद इमरान हैप्पी ने बताया कि झामपुर के स्थानीय हिंदू भाइयों के पास अपने धार्मिक स्थान के लिए कोई जगह नहीं थी.जब मेरे हिंदू भाइयों ने मुझे अपनी यह समस्या बताई तो मैने अपने पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी से संपर्क किया और उनसे पूछा कि क्या हम अपने हिंदू भाइयों को मंदिर बनाने के लिए जगह दे सकते हैं.

उन्होंने कहा कि मेरी इस बात पर शाही इमाम ने स्पष्ट संदेश दिया कि हां, क्यों नहीं. जब इस्लामी देशों में वहां पर रहने वाले गैर मुसलमानों की आस्था को देखते हुए उनके धर्म स्थान बनाए जा सकते हैं तो यहां क्यों नहीं. मोहम्मद इमरान हैप्पी ने कहा कि मैं अपनी जमीन में से 325 गज जगह जिसकी कीमत 80 लाख रुपए है. वह आज सनातन धर्म सभा झामपुर के हवाले कर दी है. 

इस अवसर पर पंडित राजाराम जी व झामपुर के प्रधान हरप्रीत सिंह गिल, रूबी सिद्धू सनातन धर्म सभा की ओर से शाही इमाम साहब और मोहम्मद इमरान हैप्पी जी का विशेष तौर पर सम्मान किया. सभा को संबोधित करते हुए पंजाब के शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी ने कहा कि पंजाब में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही दो हिंदू भाइयों और एक सिख बुजुर्ग माता जी ने हमें मस्जिद बनाने के लिए जगह दी थी और आज मुसलमानो ने अपने हिंदू भाइयों को मंदिर बनाने के लिए जगह तोहफे में दी है. 

शाही इमाम ने कहा कि भारत की विशेषता अनेकता में एकता की है इसे कोई ताकत तोड़ नहीं सकेगी. हम सब की पूजा पद्धति का तरीका अपना-अपना है लेकिन सामाजिक व्यवस्था में हम सब भारतीय एक दूसरे के भाई-बहन हैं. उन्होंने कहा कि इस्लाम के पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने मुसलमानो को स्पष्ट संदेश दिया था कि जहां भी रहो जहां भी जाओ उस इलाके के धर्म स्थानों का और सभी गैर मुसलमानों का उनकी बहनों का बेटियों का बड़ों का छोटों का हमेशा सम्मान करना. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: मुरादाबाद में 3 दिन से लापता प्रेमी युगल की मंदिर के पास मिली लाश, तनाव के बीच गांव में PAC तैनात

Featured Video Of The Day
Bengaluru vs Hyderabad Today Match: आंकड़ों के लिहाज से कौन है आज के मैच में भारी? | IPL 2026
Topics mentioned in this article