सहारनपुर में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को कथित तौर पर गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने को लेकर सियासत गरमा गई है. इस मामले पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह महज एक प्रशासनिक भूल नहीं, बल्कि ऐसे रिश्तों का खुलासा है जिन्हें अब तक छिपाने की कोशिश की जाती रही थी. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबी टिप्पणी करते हुए भाजपा सरकार पर तंज कसा. उन्होंने लिखा, "सुना है सहारनपुर में किसी को गलती से सम्मान दे दिया गया है. इसका मतलब भाजपा सरकार यह कह रही है कि हम सोच-समझकर इन्हें कभी सम्मान नहीं देते, जो हुआ भूल से हुआ. सम्मान देने के बाद उसे गलती बताना और बड़ा अपमान है."
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि असल गलती सम्मान देने की नहीं, बल्कि उस संबंध के सामने आ जाने की है जिसे अब तक दबाकर रखा गया था.
यूपी पुलिस पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जिस विभाग से खुफिया जानकारी रखने की उम्मीद की जाती है, अगर वही सामने दिख रही चीजों में इतनी बड़ी चूक कर रहा है, तो पर्दे के पीछे की चीजों का अंदाजा लगाया जा सकता है.
उन्होंने भाजपा सरकार पर पुलिस का दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया. सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार ने पुलिस को झूठे मुकदमे दर्ज करने, फर्जी एनकाउंटर, हिरासत में मौत, चुनावी गड़बड़ियों और वसूली जैसी गतिविधियों में उलझाकर विभाग को कमजोर और बदनाम कर दिया है.
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि जनता के सामने सवाल है कि अगर पुलिस ही नाकाम हो जाए तो उसके खिलाफ एफआईआर कहां दर्ज कराई जाए.
अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके. उन्होंने दावा किया कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा की स्थिति असहज हो गई है और उसे समझ नहीं आ रहा कि दिया गया सम्मान वापस कैसे लिया जाए.
यह भी पढ़ें: क्यों फिर एक-दूजे के हुए भाजपा और अकाली दल, पंजाब चुनाव में कितना असर; अमित शाह ने दिया 'बड़े भाई' वाला जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं