- राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है
- राघव चड्ढा ने दावा किया कि सात आम आदमी पार्टी सांसद बीजेपी में शामिल हो रहे हैं, लेकिन केवल तीन पहुंचे
- संविधान के अनुसार दो-तिहाई सांसदों का पार्टी में विलय संभव है
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया है. उन्होंने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी औपरचारिक घोषणा की. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ आम आदमी पार्टी के कुल 7 सांसद बीजेपी में शामिल हो रहे हैं. हालांकि, जब वो बीजेपी की सदस्यता हासिल करने भाजपा मुख्यालय पहुंचे तो उनके साथ 7 की जगह सिर्फ तीन सांसद थे. ऐसे में सवाल उठाए जाने लगे कि आखिर और चार सांसद जिन्हें इनके साथ ही बीजेपी की सदस्यता लेनी थी वो कहां हैं.
आपको बता दें कि राघव चड्ढा ने जिन सांसदों के बीजेपी में शामिल होने की बात की थी उनके नाम संदीप पाटिल, अशोक मित्तल के अलावा स्वाति मालिवाल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी हैं . इन सांसदों में से स्वाति मालिवाल एक ऐसी सांसद हैं जिनका बीते लंबे समय से आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से खींचतान चल रहा है. और वह इस वजह कई बार पार्टी लाइन से इतर भी अलग-अलग मुद्दों पर स्टैंड लेती रही हैं.
सूत्रों के अनुसार अन्य चार सांसदों के बीजेपी मुख्यालय न पहुंचने की अलग-अलग वजह बताई जा रही है. कहा जा रहा है कि स्वाति मालिवाल फिलहाल पूर्वोत्तर में छुट्टियां मना रही हैं, इस वजह से वह शुक्रवार को बीजेपी में शामिल होने भाजपा मुख्यालय नहीं पहुंच पाईं. इसी तरह हरभजन सिंह फिलहाल आईपीएल में व्यस्त हैं. जबकि राजेंद्र गुप्ता अभी इलाज के लिए विदेश में हैं. हालांकि, विक्रमजीत साहनी दिल्ली में हैं लेकिन खराब तबीयत का हवाला देकर किसी से बात नहीं कर रहे हैं.
इससे पहले राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के 10 में से सात सदस्यों का भाजपा में विलय हो रहा है.संविधान के अनुसार किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसदों का दूसरी पार्टी में विलय हो सकता है. हमने इस संबंध में राज्यसभा सभापति सी पी राधाकृष्णन को एक पत्र सौंपा है, सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर रहे हैं.भाजपा में शामिल होने वाले अन्य ‘आप' राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल हैं.
यह भी पढ़ें: पंजाबी नहीं, बल्कि पंजाब के गद्दार: राघव चड्ढा सहित 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने पर CM भगवंत मान का पलटवार
यह भी पढ़ें: बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धोखा... पार्टी के 7 सांसदों के भाजपा में जाने के ऐलान पर अरविंद केजरीवाल












