- साउथ ईस्ट दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में 22 वर्षीय युवती की चार्जर की केबल से गला घोंटकर हत्या की गई.
- आरोपी राहुल पहले मृतका के घर में घरेलू सहायक था, जिसे एक महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था.
- हत्या से कुछ घंटे पहले आरोपी ने राजस्थान के अलवर में एक अन्य महिला के साथ दुष्कर्म किया था.
साउथ ईस्ट दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में बुधवार को 22 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतका इंजीनियरिंग ग्रेजुएट और UPSC की तैयारी कर रही थी. वो एक IRS अधिकारी की बेटी थी. पुलिस के अनुसार, युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी गई.
पहले उसी घर में काम करता था आरोपी
परिवार के सदस्यों ने उसे घर में मृत पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मामले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस ने इस हत्याकांड में 19 वर्षीय राहुल नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पहले मृतका के घर में घरेलू सहायक के तौर पर काम कर चुका था.
एक महीने पहले नौकरी से निकाला था
पुलिस के मुताबिक, राहुल को एक महीने से अधिक पहले नौकरी से निकाल दिया गया था. उस पर अन्य कर्मचारियों से पैसे उधार लेकर वापस न करने की शिकायतें थीं. वारदात के बाद पुलिस ने उसके मूवमेंट ट्रैक किए और द्वारका इलाके के एक होटल से उसे गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें- शादीशुदा महिला से रेप कर पुलिस से बचते हुए पहुंचा दिल्ली, फिर IRS अफसर की बेटी को उतारा मौत के घाट
कुछ घंटों पहले अलवर में भी किया था रेप
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दिल्ली की घटना से कुछ घंटे पहले आरोपी ने राजस्थान के अलवर स्थित अपने गांव में एक अन्य महिला के साथ भी दुष्कर्म किया था. पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिवार को दी. बताया गया कि आरोपी पीड़िता के पति का परिचित था और दोनों साथ बैठकर लूडो खेलते थे. दोनों परिवारों के बीच पहले से संबंध भी रहे हैं.
यह भी पढ़ें- IRS Officer Daughter Murder Case : आरोपी को पुलिस ने OYO से किया गिरफ्तार, CCTV फुटेज भी आया सामने
अलवर में रेप के बाद पहुंचा दिल्ली
अलवर की घटना के बाद राहुल दिल्ली पहुंचा, जहां उसने ईस्ट ऑफ कैलाश में हत्या को अंजाम दिया. दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है. यह भी जांच की जा रही है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी के मन में पैदा हुआ गुस्सा इस अपराध की वजह बना या वह पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का था.
पुलिस का कहना है कि विस्तृत पूछताछ के बाद ही दोनों मामलों से जुड़े पूरे घटनाक्रम और आरोपी के इरादों पर स्थिति साफ हो पाएगी. दोनों ही मामलों की जांच अब एक साथ की जा रही है.













