- '1962 की हार पर माफी मांगे कांग्रेस', राहुल के बयान पर रिजिजू का पलटवार
- राहुल के बयान से गरमाई सियासत, BJP ने पूछे चार बड़े सवाल
- APEC बैठक पर राहुल के तंज का BJP ने दिया जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी पर भाजपा और कांग्रेस के बीच नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. राहुल गांधी ने एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बैठक का जिक्र करते हुए मोदी को 'कंप्रोमाइज्ड पीएम' कहा था. इसके जवाब में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए चार सवाल पूछे और 1962 के युद्ध से लेकर भारत की आर्थिक स्थिति तक के मुद्दे उठाए.
राहुल गांधी की टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
राहुल गांधी ने APEC समिट की एक तस्वीर शेयर करते हुए कहा था कि यदि कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी उस मेज पर मौजूद होते. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा 'अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर बैठे होते. एक कंप्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता.' राहुल गांधी की इस टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी.
रिजिजू के चार सवाल
Photo Credit: NDTV किरेन रिजिजू की पोस्ट का स्क्रीनशॉट
किरेन रिजिजू ने कांग्रेस से पूछे चार सवाल, विदेश में भारत के खिलाफ बयान न देने की सलाह
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस को चार सवालों का जवाब देने की चुनौती दी. उन्होंने लिखा 'मेरा गांव 1962 में चीन के कब्जे में चला गया था. क्या कांग्रेस 1962 के अपमान के लिए माफी मांगेगी?' रिजिजू ने दूसरा सवाल पूछते हुए कहा कि कांग्रेस बताए कि उसने भारत को गरीब राष्ट्र क्यों बनाए रखा. इसके अलावा उन्होंने पूछा कि भारत को लंबे समय तक 'सपेरों का देश' क्यों कहा जाता रहा और भारतीय अर्थव्यवस्था को 'हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ' कहकर क्यों संबोधित किया गया. रिजिजू ने शुक्रवार को भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि राहुल गांधी को देश के अंदर और बाहर भारत के खिलाफ टिप्पणी करने से बचना चाहिए. उनके मुताबिक राष्ट्रीय हितों से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदार रवैया अपनाया जाना चाहिए.
गौरव भटिया ने शेयर की एडिटेड फोटो
Photo Credit: NDTV गौरव भटिया की पोस्ट का स्क्रीनशॉट
भाजपा ने भी किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान के बाद भाजपा के कई नेताओं ने उनकी आलोचना की और उन्हें वैश्विक कूटनीति की समझ नहीं होने का आरोप लगाया. भाजपा नेताओं का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय मंचों की वास्तविक परिस्थितियों को समझे बिना ऐसे बयान दिए जा रहे हैं. विवाद के बीच भाजपा ने राहुल गांधी पर तंज कसने के लिए एक एआई जनरेटेड तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें राहुल गांधी को अमेरिकी राष्ट्रपति की सेवा करते हुए दिखाया गया था. तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने कैप्शन लिखा, 'कुछ ऐसे', और उसके साथ हंसने तथा आग वाले इमोजी भी लगाए.
यह भी पढ़ें : 'कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत का PM भी इस टेबल पर होता'; ट्रंप-शी-पुतिन की फोटो शेयर कर राहुल गांधी का अटैक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं