Vitamin B3 Side Effects: आजकल फिट रहने और बीमारियों से बचने के लिए लोग विटामिन सप्लीमेंट्स का तेजी से इस्तेमाल कर रहे हैं. खासकर दिल की सेहत और कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने के लिए विटामिन B3 यानी नियासिन (Niacin) काफी पॉपुलर हो गया है. लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि बिना डॉक्टर की सलाह के इसका ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है. एक रिपोर्ट के अनुसार, 61 साल के एक व्यक्ति ने कई महीनों तक रोजाना 3 से 6 ग्राम तक नियासिन लिया. उसने यह सप्लीमेंट (Supplement) बिना किसी डॉक्टर की सलाह के शुरू किया था. कुछ समय बाद उसकी आंखों की रोशनी (Eyesight) कमजोर होने लगी और उसे साफ दिखाई देना बंद हो गया.
क्यों लेते हैं लोग विटामिन B3 (नियासिन)?
नियासिन को आमतौर पर हाई कोलेस्ट्रॉल (हाइपरलिपिडेमिया) कम करने और हार्ट हेल्थ (Heart Health) सुधारने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. कई मामलों में डॉक्टर इसे दवा के रूप में भी देते हैं. इसी वजह से लोग इसे सुरक्षित मानकर खुद से लेना शुरू कर देते हैं.
किस मरीज में सामने आया मामला?
यह मामला अमेरिका के New York Eye and Ear Infirmary of Mount Sinai में सामने आया, जहां 61 साल के एक पुरुष मरीज का इलाज किया गया. मरीज को हाई ब्लड प्रेशर (High Blood Pressure) और कोलेस्ट्रॉल (Cholesterol) की समस्या थी और वह कई महीनों से खुद ही नियासिन सप्लीमेंट ले रहा था. रिपोर्ट के अनुसार, मरीज रोजाना करीब 3 से 6 ग्राम तक नियासिन ले रहा था. यह मात्रा उसने बिना किसी डॉक्टर की सलाह के ली, जो सामान्य जरूरत से काफी ज्यादा थी.
यह भी पढ़ें- एक्सपायर अंडा खाने से सेहत को क्या होते हैं नुकसान?
आंखों पर कैसे पड़ा असर?
डॉक्टरों की जांच में पता चला कि मरीज को Niacin-Induced Cystoid Maculopathy नाम की दुर्लभ समस्या हो गई थी. इसमें आंख की रेटिना (Retina) के मैक्युला (Macula) हिस्से में तरल (liquid) जमा हो जाता है, जिससे सूजन और धुंधली नजर की समस्या होती है.
किस रिपोर्ट में छपी जानकारी?
यह केस स्टडी Journal of VitreoRetinal Diseases में प्रकाशित हुई है. रिसर्च टीम के प्रमुख डॉक्टर Dr. Richard Rosen ने बताया कि बिना मेडिकल सुपरविजन के हाई डोज नियासिन लेना आंखों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है.
इलाज के बाद क्या हुआ?
जैसे ही मरीज ने नियासिन लेना बंद किया, उसकी हालत में तेजी से सुधार हुआ. एक हफ्ते में नजर बेहतर होने लगी और करीब दो महीने में उसकी आंखों की रोशनी लगभग सामान्य हो गई.
एक्सपर्ट्स की क्या है सलाह?
विशेषज्ञों के अनुसार, नियासिन की सामान्य डोज 1 से 3 ग्राम प्रतिदिन होती है और अधिकतम 6 ग्राम तक ही, वह भी डॉक्टर की निगरानी में दी जाती है. डॉक्टरों का कहना है कि किसी भी विटामिन या सप्लीमेंट को लेने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. हर व्यक्ति की जरूरत अलग होती है और गलत मात्रा से नुकसान हो सकता है.
Watch Video: बढ़ा हुआ शुगर हार्ट के लिए कितना खतरनाक? डॉक्टर ने बताया किन बातों का रखें ध्यान
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














