Health Benefits Of Neem: प्रकृति ने हमें कई चीजें ऐसी दी हैं जो हमारी सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. लेकिन हम अक्सर उन कीमती चीजों को नजरअंदाज कर देते हैं जो हमारे घर के आंगन में मौजूद होती हैं. ऐसा ही एक पेड़ है नीम. जिसे भारत में 'गांव का औषधालय' (village pharmacy) कहा जाता है. हाल ही में हुई एक स्टडी के मुताबिक, नीम के पेड़ में पाया जाने वाला एक खास तत्व 'पैन्क्रियाटिक कैंसर' (Pancreatic Cancer) यानी अग्नाशय के कैंसर से लड़ने में काफी मददगार साबित हो सकता है. यह कैंसर दुनिया के सबसे खतरनाक और जानलेवा कैंसरों में से एक माना जाता है.
क्या है वैज्ञानिकों की नई खोज?
वैज्ञानिकों ने नीम में एक कुदरती कंपाउंड की पहचान की है, जिसका नाम है गेडूनिन (Gedunin). रिसर्च में पाया गया है कि यह तत्व कैंसर की कोशिकाओं (cells) को बढ़ने से रोकता है. सबसे बड़ी बात यह है कि जहां कीमोथेरेपी जैसे इलाज शरीर पर बहुत बुरा असर डालते हैं और कई साइड इफेक्ट्स पैदा करते हैं, वहीं नीम का यह तत्व शरीर के लिए काफी सुरक्षित माना जा रहा है.
कैसे काम करता है नीम का ये तत्व?
कैंसर हमारे शरीर में एक खास रास्ते के जरिए फैलता है, जिसे वैज्ञानिक भाषा में सोनिक हेजहॉग (Sonic Hedgehog - Shh) सिग्नलिंग पाथवे कहते हैं. यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे किसी पौधे को बढ़ने के लिए पानी की पाइपलाइन चाहिए होती है. कैंसर कोशिकाएं भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करके पूरे शरीर में फैलती हैं. नीम का तत्व 'गेडूनिन' इसी रास्ते को ब्लॉक कर देता है. जब कैंसर कोशिकाओं को आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिलता, तो वे कमजोर होने लगती हैं और धीरे-धीरे खत्म हो जाती हैं. रिसर्च कहती है कि नीम का इस्तेमाल भविष्य में एक ऐसी दवा बनाने में किया जा सकता है, जो सस्ती भी होगी और मरीज को ज्यादा दर्द भी नहीं देगी.
Photo Credit: iStock
क्यों खास है यह रिसर्च?
पैन्क्रियाटिक कैंसर का इलाज आज भी मेडिकल साइंस के लिए एक बड़ी चुनौती है.
- देर से पता चलना- इसके लक्षण बहुत बाद में समझ आते हैं.
- तेजी से फैलना- यह शरीर के बाकी हिस्सों में बहुत जल्दी पहुंच जाता है.
- महंगा इलाज- वर्तमान में इसके लिए जो दवाएं दी जाती हैं, वे बहुत महंगी हैं और मरीज को काफी कमजोर कर देती हैं.
नीम के फायदे- (How Neem May Fight Pancreatic Cancer)
- कैंसर को बढ़ने से रोकना- यह उन सिग्नल्स को काट देता है जो कैंसर ट्यूमर को बड़ा करते हैं.
- दूसरे अंगों में फैलने से बचाना- नीम का तत्व कैंसर को एक जगह से दूसरी जगह जाने से रोकता है.
- कैंसर सेल्स को मारना- यह शरीर में 'अपोप्टोसिस' (Apoptosis) की प्रक्रिया शुरू करता है, जिससे खराब कोशिकाएं खुद-ब-खुद खत्म हो जाती हैं.
- कम साइड इफेक्ट- कीमो के मुकाबले यह शरीर के हेल्दी सेल्स को नुकसान नहीं पहुंचाता.
कैंसर के अलावा नीम के अन्य फायदे- (Beyond Cancer, Other Health Benefits of Neem)
- दांतों की मजबूती- नीम की दातून या इसके तेल वाला टूथपेस्ट बैक्टीरिया को दूर करने में मददगार है.
- स्किन- अगर आपको पिंपल्स या एक्जिमा की समस्या है, तो नीम का लेप या पानी असरदार हो सकता है.
- शुगर कंट्रोल- डायबिटीज के मरीजों के लिए नीम का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है क्योंकि, यह ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है.
- इम्यूनिटी- रोज नीम की पत्तियां चबाने से बीमारियों से लड़ने की ताकत बढ़ती है.
क्या बरतें सावधानी-
नीम के फायदे अनगिनत हैं, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप डॉक्टर की सलाह के बिना कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज घर पर शुरू कर दें. यह रिसर्च अभी शुरुआती दौर (Lab test) में है. इंसानों पर इसका पूरी तरह से इस्तेमाल शुरू होने में अभी वक्त लगेगा.
ये भी पढ़ें- अब इलाज नहीं, बचाव पर फोकस, नए योग प्रोटोकॉल से बदलेगी देश की सेहत की दिशा
अस्थमा पूरी तरह क्यों ठीक नहीं हो सकता? डॉक्टर ने क्या कहा जानिए
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














