Lung Cancer From Mild Cough: डायबिटीज और थायराइड आज तेजी से बढ़ती बीमारियों में शामिल हैं. हर 10 में से 7 लोग इन रोगों से ग्रस्त हैं, और कई लोगों को तो यह भी पता नहीं होता कि वे इन बीमारियों से पीड़ित हैं. इन बीमारियों के बाद अब देशभर में फेफड़ों का कैंसर (Lung Cancer) भी तेजी से बढ़ रहा है. आईसीएमआर (ICMR) की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में 81,219 पुरुष और 30,109 महिलाओं में फेफड़ों के कैंसर के नए मामले दर्ज किए गए. इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए आयुष मंत्रालय लगातार लोगों में जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रहा है.
आयुष मंत्रालय की चेतावनी
आयुष मंत्रालय ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर कर फेफड़ों के कैंसर के लक्षणों और उपचार संबंधी जानकारियों पर प्रकाश डाला है. मंत्रालय के अनुसार, हल्की खांसी या सामान्य श्वसन संबंधी समस्याएं भी कभी-कभी कैंसर का रूप ले सकती हैं. फेफड़ों के कैंसर के शुरुआती लक्षण बहुत हल्के होते हैं और सामान्य बीमारियों जैसे लगते हैं. ऐसे में अक्सर रोग की पहचान देर से होती है. लगातार खांसी, थकान, सांस लेने में दिक्कत, सीने में दर्द या बिना किसी कारण वजन घटने जैसे संकेतों पर लोगों को सतर्क होना चाहिए.
फेफड़ों के कैंसर के कारण सिर्फ धूम्रपान नहीं
आयुष मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि फेफड़ों का कैंसर केवल तंबाकू (Tobacco) और धूम्रपान (Smoking) के कारण ही नहीं होता. परोक्ष धूम्रपान, वायु प्रदूषण, और रसायनों या एस्बेस्टस से जुड़े उद्योगों में काम करना भी इस बीमारी का खतरा बढ़ा सकता है. यदि लक्षणों को समय रहते पहचानकर इलाज शुरू कर दिया जाए, तो कई जानें बचाई जा सकती हैं.
Yeh Bhi Dekhein: बाहर का खाना खाने के बाद क्यों लगती है ज्यादा प्यास? ये है बड़ी वजह
फेफड़ों का कैंसर क्या है ? (What Is Lung Cancer)
सामान्यतः फेफड़ों की कोशिकाएं विभाजित होकर नई कोशिकाएं बनाती हैं, जो एक स्वाभाविक प्रक्रिया है. लेकिन कई बार ये कोशिकाएं अनियमित रूप से बढ़ने लगती हैं और ट्यूमर (Tumour) का रूप ले लेती हैं, जिससे अंग ठीक से काम नहीं कर पाता. फेफड़ों के मुख्यतः दो प्रकार के कैंसर होते हैं- नॉन-स्मॉल सेल लंग कैंसर (Non-small cell lung cancer) और स्मॉल सेल लंग कैंसर (Small cell lung cancer). भारत में नॉन-स्मॉल सेल लंग कैंसर के मामले अधिक देखने को मिलते हैं, और इसका समय पर इलाज संभव है. दूसरी ओर, स्मॉल सेल लंग कैंसर तेजी से शरीर में फैलता है और अधिक खतरनाक माना जाता है.
Watch Video: फेफड़ों का कैंसर कितने तरह का होता है? लंग कैंसर के प्रकार
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














