Haryana News: हरियाणा के नूंह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का एक खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. बुधवार देर रात यह सरकारी अस्पताल अचानक अखाड़े में तब्दील हो गया, जहां लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से लैस दर्जनों बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया.
अस्पताल तक पहुंची पुरानी रंजिश
यह पूरा बवाल दो गुटों के आपसी झगड़े का नतीजा था. दरअसल, एक मारपीट में घायल हुए कुछ लोग रात के समय यहां अपना इलाज कराने पहुंचे थे. उनके पहुंचते ही पीछे से दूसरा गुट भी हथियारों के साथ वहां आ धमका. दोनों पक्षों का आमना-सामना होते ही वार्ड के बाहर गाली-गलौज और मारपीट का खूनी खेल शुरू हो गया.
तीन गाड़ियों में आए 45 हमलावर
चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों की संख्या 40 से 45 के करीब थी, जो तीन अलग-अलग गाड़ियों में भरकर आए थे. इन्होंने बेखौफ होकर कमरों के शीशे चकनाचूर कर दिए और कंप्यूटर मॉनिटर सहित कई महंगे मेडिकल उपकरणों को तोड़ डाला, जिससे अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के बीच भारी भगदड़ मच गई.
बीच-बचाव में कर्मचारी लहूलुहान
जब अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने बिगड़ते हालात को संभालने की कोशिश की, तो बेखौफ गुंडों ने उन्हें ही अपना निशाना बना लिया. इस जानलेवा हमले में ड्यूटी पर तैनात सफाई कर्मचारी राजेश, यूपीएचसी गार्ड तारीफ और दो सिक्योरिटी गार्ड धीरज व पुष्पराज गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावरों में नूंह, सलंबा, सालाहेड़ी और घासेड़ा के लोग शामिल हो सकते हैं. हालांकि पुलिस ने अभी किसी गांव या नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
आधे घंटे देरी से पहुंची पुलिस: डॉक्टर
घटना के तुरंत बाद घबराए स्टाफ ने डायल-112 पर मदद मांगी, लेकिन डॉक्टरों का आरोप है कि पुलिस पूरे 30 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची. इसके बाद डॉक्टरों ने सीधे नूंह सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार को सूचना दी, जिसके बाद वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. CHC के एसएमओ डॉ. कपिल देव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यहां पहले भी स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्रता हो चुकी है. उन्होंने रात में नियमित गश्त और स्थायी सुरक्षा की मांग की है.
FIR दर्ज, CCTV से पहचाने जा रहे आरोपी
सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के मुताबिक, मामले की FIR दर्ज कर ली है और वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
ये भी पढ़ें:- अभी 2 दिन और आंधी-बारिश, दिल्ली-यूपी से राजस्थान तक पश्चिमी विक्षोभ का असर, जानें 1 हफ्ते कैसा रहेगा मौसम