हरियाणा के लोगों की सुविधा के लिए 2 अहम डिजिटल सुविधाएं लॉन्च की गईं. ऑटो अपील सिस्टम (AAS) WhatsApp चैटबॉट और AAS मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए लोगों को दर्ज शिकायत की सही जानकारी मिलेगी. हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता ने शनिवार (22 मई) को 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट जारी की. उन्होंने कहा कि आयोग पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध सेवा के सिद्धांत पर लगातार काम कर रहा है. ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी सेवाएं नागरिकों के लिए सरल, सुलभ और निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध हों.
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चेतावनी
वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल से अधिक समय में, राज्य सरकार ने आयोग की सिफारिश पर 6 आईएएस अधिकारियों को चेतावनी जारी की है. इन अधिकारियों पर आरोप था कि वे सड़कों से ठोस कचरा हटाने और जन्म प्रमाण पत्र जारी करने जैसी विभिन्न सेवाओं से संबंधित नागरिकों की अपीलों को हल करने में विफल रहे हैं.
व्हाट्सएप नंबर पर ट्रैक कर सकेंगे अपील
अपील दर्ज करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 6239466937 जारी किया गया है. इस पर मैसेज करके लोग आसानी से अपील दर्ज कर सकेंगे. अधिकारियों का दावा है कि चैटबॉट और मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से नागरिकों के लिए अब अपील दायर करना, उनकी स्थिति को ट्रैक करना और सरकारी सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करना अधिक आसान हो जाएगा.
सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे
आयोग के मुख्य आयुक्त ने बताया, "हरियाणा सेवा का अधिकार अधिनियम, 2014 का प्राथमिक उद्देश्य सेवाएं नागरिकों और उद्यमियों को तय समय सीमा के भीतर सेवाएं देना है. ताकि उन्हें इंतजार ना करना पड़े या बार-बार फॉलो-अप करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर ना काटने पड़े."
यह भी पढ़ेंः मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में 2 घंटे अंधेरा, रैपिड मेट्रो ठप, मेट्रो ट्रैक से पैदल चले लोग, रात भर रही बत्ती गुल














